हर तरफ कूड़ा-कचरा, आप स्मार्ट सिटी में हैं...! Bhagalpur News
भागलपुर स्मार्ट सिटी है। लेकिन जब आप यहां के हाल को देखेंगे तब आपकी सारी धारणाएं खत्म हो जाएगी। यह कैसा स्मार्ट सिटी।
भागलपुर [जेएनएन]। हर तरफ कूड़ा और दुर्गंध...। आप स्मार्ट सिटी में हैं। हकीकत यही है। शहर की पहचान भी यही। स्वच्छता अभियान के नाम पर गाहे-बगाहे झाड़ू लगाने की रस्म जरूर पूरी कर ली जाती है। इसके बाद शपथ और संकल्प अपनी राह।
सफाईकर्मियों की हड़ताल समाप्त होने के बाद भी शहर के चौक-चौराहों और मोहल्लों से कूड़े नहीं उठाए गए। राहगीर नाक पर रुमाल रखकर चलने को मजबूर। कूड़ा कूड़ेदान के बाहर बिखरा हुआ है। वेतन की मांग को लेकर सफाईकर्मी गुरुवार को हड़ताल पर चले गए थे। शुक्रवार को सभी काम पर लौट आए, लेकिन सफाई कार्य अभी भी पूरी तरह सुचारु नहीं हुआ है।
इन इलाकों में कूड़े के कारण जाम
डीएन सिंह रोड, हनुमाननगर, खलीफाबाग, स्टेशन चौक, अलीगंज, भीखनपुर, मोजाहिदपुर, मायागंज, बरारी, खंजरपुर, खरमनचक, सीसी मुखर्जी रोड, महात्मा गांधी रोड, शिवपुरी, इशाकचक, भीखनपुर गुमटी नंबर एक, दो और तीन, बूढ़ानाथ, नया बाजार चौक, सराय व जोगसर थाना के समीप सड़क पर बिखरे पड़े कूड़े से आए दिन जाम लगता है। नगर निगम की कुव्यवस्था के कारण शहरवासियों की परेशानी बढ़ गई है।
नगर निगम को नहीं है जनता की चिंता
कुणाल किशोर आनंद ने कहा कि भागलपुर को स्मार्ट सिटी का दर्जा मिल गया, फिर भी शहर की स्थिति काफी दयनीय है। न सफाई की व्यवस्था है और न ही जलनिकासी की। बमबम प्रीत ने कहा कि कूड़े का उठाव नहीं होने से परेशानी हो रही है। निगम के सफाईकर्मियों को लोगों की समस्याओं से कोई मतलब नहीं है। जनता परेशान है।
देवप्रित मिश्रा ने कहा कि निगम की ओर से नियमित सफाई नहीं होती है। इस कारण गली-मोहल्ले में कूड़े का अंबार लगा हुआ है। अश्विनी जोशी मोंटी ने कहा कि जल्द से जल्द शहर से कूड़े का उठाव कराना चाहिए, ताकि लोगों की परेशानी कम हो। निगम को इस पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
उप नगर आयुक्त सत्येन्द्र वर्मा ने कहा कि निगम के कनकैथी डंपिंग ग्राउंड में जलजमाव की वजह से कूड़ा वाहनों को जाने में दिक्कत हो रही है। शनिवार तक शहर में जमा 600 मीट्रिक टन कूड़े में से 70 फीसद उठाव कर लिया गया है। रविवार को छुट्टी होने के बाद भी कूड़े का उठाव किया जाएगा। एक-दो दिनों में सफाई पूरी हो जाएगी।