इतनी बड़ी रकम पर FIR क्यों नहीं? नवगछिया में कार से मिले ₹50 लाख मामले में डीजीपी सख्त; एसपी को कहा- जांच कीजिए
Naugachia 50 Lakh Cash Seizure: डीजीपी विनय कुमार ने नवगछिया में कार से बरामद 50 लाख रुपये के मामले में ...और पढ़ें

Naugachia 50 Lakh Cash Seizure: नवगछिया में कार से मिले 50 लाख रुपये मामले में डीजीपी का बड़ा एक्शन, एसपी को दिए जांच के निर्देश। प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
डीजीपी ने नवगछिया 50 लाख नकदी मामले में संज्ञान लिया।
एसपी को एफआईआर दर्ज कर विस्तृत जांच के निर्देश।
पुलिस अब हवाला और अवैध लेनदेन की जांच करेगी।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Naugachia 50 Lakh Cash Seizure: नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत जाह्नवी चौक टीओपी के समीप बीते 24 जुलाई की रात एक कार से बरामद 50 लाख रुपये के संदिग्ध नकदी मामले में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार ने कड़ा संज्ञान लिया है। डीजीपी ने नवगछिया एसपी वैभव शर्मा को स्पष्ट निर्देश दिया है कि थाने में दर्ज सनहा की विस्तृत जांच कराकर मामले की तह तक पहुंचा जाए।
डीजीपी ने मामले में पुलिसिया कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी बड़ी नकदी बरामद होने के मामले में विधिवत प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की जानी चाहिए थी। यदि किसी परिस्थिति में केवल सनहा दर्ज किया गया है, तो उसकी भी गहन पड़ताल अनिवार्य है।
डीजीपी ने निर्देश दिया कि यह पता लगाया जाए कि इतनी बड़ी राशि कहां से आ रही थी, कहां भेजी जा रही थी, इसका वास्तविक स्रोत क्या था और इसे किसने किसके पास पहुंचाया था। डीजीपी के कड़े रुख के बाद नवगछिया पुलिस महकमे में खलबली मच गई है और एसपी के निर्देश पर दर्ज सनहा की नए सिरे से जांच शुरू कर दी गई है।
पूछताछ के बाद छोड़ दिए गए थे तीनों संदिग्ध, नहीं मिले थे वैध दस्तावेज
उल्लेखनीय है कि जब जाह्नवी चौक टीओपी के पास वाहन चेकिंग के दौरान कार से 50 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई थी, तब पुलिस ने कार सवार नंद कुमार गुप्ता, मु. जहांदीन और अंश राज को अपनी अभिरक्षा में लिया था। हालांकि, बाद में पूछताछ कर तीनों को छोड़ दिया गया।
जाह्नवी चौक टीओपी के पास 24 जुलाई को कार से बरामद 50 लाख रुपये मामले में डीजीपी विनय कुमार ने लिया कड़ा संज्ञान
डीजीपी का सख्त रुख: इतनी बड़ी राशि मिलने पर दर्ज होनी चाहिए थी एफआईआर, सनहा दर्ज हुआ है तो तह तक हो जांच
पूछताछ के बाद छोड़े गए तीनों युवकों ने खुद को बताया था कंस्ट्रक्शन कंपनी का कर्मी, नहीं दिखा सके थे कोई वैध दस्तावेज
वैशाली के अंश राज की बलेनो कार से मिले थे दो बैग में भरे रुपये; हवाला और अवैध लेनदेन के एंगल से पड़ताल में जुटी पुलिस
तीनों युवकों ने पुलिस और मौके पर पहुंची आयकर विभाग की टीम के समक्ष दावा किया था कि यह पूरी रकम 'प्रसाद कंस्ट्रक्शन' कंपनी की है और इसे भागलपुर के गौराडीह में बन रहे अस्पताल के निर्माण कार्य में जुटे मजदूरों के भुगतान के लिए ले जाया जा रहा था। उन्होंने खुद को नालंदा स्थित उक्त निर्माण कंपनी का पुराना कर्मचारी बताया था।
हैरानी की बात यह रही कि इतनी बड़ी रकम साथ ले जाने के बावजूद वे इसके समर्थन में कोई वैध बैंक निकासी पर्ची, चालान या आधिकारिक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके थे। इसके बाद आयकर विभाग की टीम ने पूरी राशि जब्त कर आयकर प्रधान निदेशक के स्टेट बैंक स्थित आधिकारिक खाते में जमा करा दी थी। अब पुलिस इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि यह पैसा वास्तव में कंपनी का था या फिर इसके पीछे कोई और चेहरा छिपा है।
वैशाली के अंश राज की है कार, दो बैगों में रखे थे रुपये
प्रारंभिक अनुसंधान में यह बात पुख्ता हुई है कि जिस कार से 50 लाख रुपये की बरामदगी हुई थी, वह वैशाली जिले के रासा भगवानपुर निवासी अंश राज के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस ने अंश राज को भी हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद मुक्त कर दिया था।
जांच में सामने आया कि मारुति बलेनो जेटा पेट्रोल कार (पंजीकरण संख्या- BR 31 BG 9152) को अंश राज ने 29 मार्च 2019 को विशाल कार वर्ल्ड प्राइवेट लिमिटेड (नेक्सा डिविजन, राजाभिठा) से खरीदा था। नकदी को दो बड़े बैगों में भरकर कार की डिक्की और सीट के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा था।
हवाला और अवैध नेटवर्क के एंगल से होगी पड़ताल]
एसपी और आयकर अधिकारियों की संयुक्त मौजूदगी में मशीनों से कराई गई गिनती में पूरी रकम 50 लाख रुपये पाई गई थी। अब डीजीपी के आदेश के बाद पुलिस इस बिंदु पर केंद्रित हो गई है कि क्या इस रकम का तार किसी बड़े हवाला नेटवर्क, ठेकेदारी सिंडिकेट या किसी अवैध लेन-देन से तो नहीं जुड़ा है।
मामले पर नवगछिया एसपी वैभव शर्मा ने बताया कि डीजीपी के निर्देशानुसार दर्ज सनहा की विस्तृत और बिंदुवार जांच कराई जा रही है। जांच का जिम्मा एक वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी को सौंपा गया है। जांच अधिकारी की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की सख्त विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
