Move to Jagran APP

देव दीपावली भागलपुर : दीपमालाओं की लडिय़ों से सजा गंगा तट, दिखी अलौकिक छटा, वाराणसी के दशाश्वमेघ गंगा घाट जैसा दृश्‍य

Dev Deepawali Bhagalpur देव दीपावली पर बरारी सीढ़ी घाट पर जले सैकड़ों दीप जगमगा गया तट। स्थानीय लोगों की ओर से की गई मां गंगा की भव्य आरती। इसके अलावा सुल्‍तानगंज में भी भव्‍य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Published: Fri, 19 Nov 2021 11:58 PM (IST)Updated: Fri, 19 Nov 2021 11:58 PM (IST)
देव दीपावली भागलपुर : दीपमालाओं की लडिय़ों से सजा गंगा तट, दिखी अलौकिक छटा, वाराणसी के दशाश्वमेघ गंगा घाट जैसा दृश्‍य
भागलपुर में देव दीपावली पर भ‍गवान शिव का हुआ शृंगार।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। कार्तिक पूर्णिमा की शाम बरारी सीढ़ी घाट की रौनक देखते ही बन रही थी। गंगा तट ही नहीं चंपा नदी, मंदिरों, घरों व दुकानों और सड़कों पर दीप जलाकर लोग ने देवी-देवताओं का स्वागत किया। दीपों की रोशनी से सिल्क नगरी जगमग हो उठी। दीपों की दमक के आगे विक्रमशिला सेतु के पास से निकल रही पूनम की चांद भी शरमा गई। गंगा तट पर जले सैकड़ों दीप की अलौकिक छटा ने लोगों को मां गंगा की ओर शीश झुकाने के लिए मजबूर कर दिया था। शाम होते ही गंगा तट पर दीपों की चंद्रहार दिखने लगी थी। इसे देखने के लिए भारी संख्या में लोग पहुंचे थे।

loksabha election banner

दैनिक जागरण की ओर से आयोजित देव-दीपावली कार्यक्रम के दौरान बरारी सीढ़ी घाट पर भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने पांच सौ से अधिक दीप जलाए। बबीता मिश्रा, नारायणी मिश्रा, कुंदन कुमारी, अनामिका ठाकुर, रूपा साहा, रश्मि सिंह, प्रेमलता शर्मा आदि कार्यकर्ताओं द्वारा दीप जलाए गए। साथ ही भारी संख्या में स्थानीय महिलाओं ने गंगा घाट पर दीप जलाकर मां गंगा को याद किया। इसके बाद पंडित जटाशंकर मिश्रा के नेतृत्व में मां गंगा की भव्य आरती की गई। भजन संध्या का भी आयोजन किया गया। प्रसाद का भी वितरण किया गया। गंगा तट से नदी तक धूप, दीप, फूल की खुशबू की अलौकिक छटा देखकर लोग गदगद थे।

बरारी गंगा तट ही नहीं चंपा नदी के किनारे, शहर के मंदिरों, घरों व दुकानों में भी दीप जलाए गए। यह पहला मौका था जब देव दीपावली के मौके पर इतनी संख्या में लोग दीप जलाने के कार्यक्रम में शामिल हुए।

देव दीपावली पर मंदिरों को दीयों से किया गया रोशन

मां वाम काली मंदिर, छोटी मां काली मंदिर, बिचली कालीस्थान व पुरानी काली मंदिर को देव दीपावली पर दीयों से सजाया गया। बिचली काली मंदिर, औलियाबाद पूजा समिति के संयोजन में हुए इस दीपोत्सव में औलियाबाद समेत अन्य गांवों के बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

वाराणसी के दशाश्वमेघ घाट सरीखे जीवंत हो उठे भागलपुर के गंगा घाट

संस्कृति से जुड़ाव को लेकर दैनिक जागरण ने सिल्क सिटी भागलपुर के आम लोगों से देव दीपावली पर एक दीया जलाने की अपील की। इस अपील ने शहर के आम लोगों के मन-मस्तिष्क पर जादू सरीखा असर किया। संस्कृति से जुड़ाव की उत्कंठा हर किसी में दिखी। आम से लेकर खास तक गंगा तक की ओर खींचे चले आए। आधी आबादी ने आयोजन को भव्य बनाने में पूरी भागीदारी निभाई। कोई घर से हाथ में दीये, तेल, बाती लेकर आती दिखी, तो कोई रंगोली बनाने के लिए अलग अलग रंगों की पोटली।

देखते ही देखते भागलपुर सीढ़ी घाट की तस्वीर बदल गई। भागलपुर के सीढ़ी गंगा घाट पर वाराणसी के प्रसिद्ध दशाश्वमेघ घाट सरीखा मनमोहक दृश्य उत्पन्न हो गया। ठंडी हवाओं के बीच झिलमिलाते दीये आम लोगों के अपनी संस्कृति से गहरे जुड़ाव की गवाही दे रहे थे। दीये जला कर कुछ लोगों ने उसे गंगा में प्रवाहित किया। गंगा की लहरों पर बहते दीये घने कोहरे को चीर सकारात्मक बदलाव के संकेत देते दिख रहे थे।

नगर आयुक्त प्रफुल्लचंद्र यादव, सिटी मैनेजर रविशचंद्र वर्मा, वार्ड पार्षद शिवानी देवी और वार्ड पार्षद खुशबू कुमारी, पूर्व डिप्टी मेयर डा. प्रीति शेखर, सिविल सर्जन डा.उमेश शर्मा जैसे गणमान्य ने कार्यक्रम में शिरकत की, तो शोभा देवी जैसी सामान्य गृहिणी भी। जय-जय गंगे, हर हर गंगे के जयघोष के बीच लोगों ने गंगा को निर्मल व अविरल बनाने में हरसंभव भागीदारी देने का संकल्प भी लिया। गंगा के साथ ही चंपा नदी के तट पर भी देव दीपावली मनाई गई। अर्से बाद चंपा नदी के तट भी दीये की रोशनी से जगमगा उठे। सुल्तानगंज में विधायक प्रो. ललित मंडल, नगर परिषद अध्यक्ष नीलम देवी और अजगबीनाथ के महंत सहित अन्य लोगों ने आरती में हिस्सा लिया।

1001 दीपकों की झिलमिल रोशनी से जगमगा उठा 

हर हर महादेव शंभू काशी विश्वनाथ गंगे, बहे अभेंगे नमामि गंगे, और जय जय भागीरथ नंदिनी जय जय चकोर चंदनी से शुक्रवार को सुल्तानगंज का प्रसिद्ध नमामि गंगे घाट गुंजायमान हो गया। मौका था दैनिक जागरण की ओर से देव दीपावली के आयोजन का। ढलती शाम के साथ श्रद्धालुओं की भीड़ गंगा घाट पर बढ़ते गई और सभी ने एक-एक दीपक जलाकर देव दीपावली मनाई।

इससे पूर्व विद्वान पंडितों के द्वारा स्थानीय विधायक ललित नारायण मंडल, सभापति नीलम देवी, अजगैबीनाथ मंदिर के स्थानपति महंत प्रेम आनंद गिरि जी महाराज, प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार मुरमू,अंचलाधिकारी सह प्रभारी कार्यपालक पदाधिकारी शंभू शरण रॉय और थाना अध्यक्ष लाल बहादुर सहित कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य जनों को गंगा पूजन का संकल्प दिलाया।

आए अतिथियों ने गंगा पूजन कर गंगा की अविरलता और शुद्धता को अक्षुण्ण रखने का संकल्प लिया। जिसके बाद गंगा तट 1001 दीपक के झिलमिल रोशनी से नहा उठा। वहीं सैकड़ों दीप जलाकर गंगा में भी प्रवाहित किए गए।

कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली क्यों लेकर पवित्र उत्तरवाहिनी गंगा तट पर भव्य गंगा महाआरती का आयोजन किया गया। कार्तिक पूर्णिमा के अलौकिक शाम पर उत्तरवाहिनी गंगा तट पर उपस्थित श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए।

भव्य गंगा आरती से नमामि गंगे घाट का विहंगम नजारा अपनी छटा बिखेर रहा था। कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद सरिता देवी, रामायण शरण, वरिष्ठ भाजपा नेता अरुण चौधरी, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय प्रभारी संजय चौधरी, नगर अध्यक्ष नवीन कुमार बन्नी, वरिष्ठ समाजसेवी अशोक यादव, मुरारी कुमार केसान, जन संसद के संरक्षक अजीत यादव, कांग्रेस नेता विनय शर्मा, नाहिद, भाजपा जिला प्रवक्ता विकास कुमार, जिला मीडिया प्रभारी इंदु भूषण झा, राजद नेता दिलीप गुप्ता, छात्र लोजपा के मनीष यादव, मिथिलेश कुमार चंद्रवंशी, जदयू के प्रोफेसर संजय मंडल आदि मौजूद थे।

सुल्तानगंज में विभिन्न जगहों पर कार्यक्रम का आयोजन

सुल्तानगंज में दैनिक जागरण की ओर से देव दीपावली के अवसर पर नमामि गंगे घाट पर मुख्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ था। इसके अलावे सीढ़ी घाट, जहाज घाट, अजगैबीनाथ मंदिर, ध्वजा गली स्थित रामजानकी मंदिर, मजदी स्थित नई दुर्गास्थान व विभिन्न जगहों पर कार्यक्रम का आयोजन कर लोगों ने देव दीपावली मनाई।

शिवशक्ति योगपीठ सहित इलाके के धार्मिक स्थलों में मनी देव दीपावली

नवगछिया सहित आसपास के इलाके के विभिन्न मंदिरों और धार्मिक स्थलों में देव दीपावली मनाई गई। शिव शक्ति योग पीठ के पीठाधीश्वर स्वामी आगमानंद जी महाराज के निर्देश पर लक्ष्मीपुर स्थित आश्रम में 5100 दीप वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्रज्जवलित किया गया। नगरह के वैंकटेश मंदिर, विषहरी मंदिर, ललितेश्वर महादेव मंदिर नगरह में शिव शक्ति योग पीठ के सदस्य एवं ग्रामीण युवाओं के द्वारा दीप जलाकर देव दीपावली मनाया गया।

शिव शक्ति योग पीठ में गुरु माता द्वारा प्रथम दीप मंत्रोच्चार के साथ जलाया गया। देर रात तक आचार्यों के द्वारा मंत्रोच्चार के साथ देव दीपावली मना। मौके पर कुंदन स‍िंंह, अनिमेष स‍िंंह, शिव प्रेमानंद जी प्रेम शंकर भारती, मानवानंद जी, पंडित अनिरूद्ध शास्त्री, पप्पू भगत, केशव, शुभम, सोनू, मानस, पुरुषोत्तम, मुन्नी स‍िंंह, मंटू साहू आदि सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।

इधर, बैसी स्थित सिद्धपीठ महाश्मशानी उग्र कालिका मंदिर में 5100 दीप प्रज्जवलित किया गया। देव दीपावली की तैयारी में दिनेश झा, उमेश जायसवाल, बिंदेश्वरी यादव, पप्पू दास, दामोदर यादव सहित कई स्थानीय ग्रामीण भक्तों की मौजूदगी रही।

कहलगांव में उत्‍सव जैसा माहौल

कहलगांव देव दीपावली पर कहलगांव के चारोधाम घाट उत्तरवाहिनी गंगा तट दीपों से जगमगा उठी। कल-कल बहती गंगा में दीपों की रौशनी दिखाई पड़ रही थी। यह आयोजन दैनिक जागरण के सौजन्य एवं सामाजिक संस्था अपना कहलगांव, जागृति क्लब के सहयोग से किया गया। गंगा तट के सीढ़ी पर दैनिक जागरण के करीब 500 दीपों एवं 100 मोमबत्तियां को जलाया गया। दीप जलते हो घाट पर मनोरम दृश्य छा गई। धूप की सुगंध से घाट गमक उठी। 

पूर्व जिला पार्षद प्रमिला सिंह, अधिवक्ता उमेश प्रसाद सिंह, राजद प्रखंड अध्यक्ष बासुकीनाथ यादव,पवन कुमार भारती, अपना कहलगांव के नितिन कुमार,मधुकर सावर्णि,सर्वदलीय समिति के अध्यक्ष प्रवीण कुमार राणा,कांग्रेस के सुजीत कुमार मिश्रा, मनोज कुमार झा, व्यवसायी संदीप कुमार रूंगटा उर्फ लल्लू भाई, जागृति क्लब के गौत्तम चौधरी, गोपाल मंडल, जदयू के संजय मंडल, बाबा चंद्रभूषण पांडेय, शिवलाल सिंह, मृत्युजंय सिंह, राजीव प्रसाद साह आदि ने दीपों को प्रज्वलित किया और देव दीपावली के महत्व पर प्रकाश डाले। इस अवसर पर गंगा तट पर सैकड़ों महिलाएं, पुरुष श्रद्धालुगण उपस्थित थे। कई लोगों ने गंगा में दीप दान कर गंगा में प्रवाहित किया। गंगा भी रौशनी से जगमग करने लगी।

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर कहलगांव एवं बटेश्वरस्थान में करीब 25 हजार श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर पूजा अर्चना की। बाबा बटेश एवं जागेश्वरनाथ महादेव को जल अपर्ण किया।गंगा में जलती हुई दीप दान कर गंगा में प्रवाहित की।गंगा तट पर मेला लगा हुआ था। इस अवसर पर कार्तिक महाराज को लड़ुआ, लाई का भोग प्रसाद के रूप में चढ़ाया गया।लोगों ने घरों में भी पूजा अर्चना कर कार्तिक महाराज को भोग लगाया।इस अवसर पर कई जगहों पर कार्तिक महाराज की प्रतिमा भी स्थापित की गई है। अखंंड संकीर्तन का आयोजन चल रहा है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.