विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 11, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दिल्ली से भागलपुर वाया पटना, एक और स्पेशल ट्रेन की सौगात, दिवाली और छठ में घर आना हुआ आसान

By Shivam BajpaiEdited By:
Published: Tue, 11 Oct 2022 08:40 PM (IST)

Indian Railways News- भागलपुर-दिल्ली के बीच चलेगी एक और त्योहार स्पेशल ट्रेन। 28 अक्टूबर को दिल्ली और भागलपुर से 29 ...और पढ़ें

Indian Railways News- त्योहारों के लिए एक और फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन।
Indian Railways News- त्योहारों के लिए एक और फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन।

जागरण संवाददाता, भागलपुर : दिवाली और छठ महापर्व जैसे बड़े त्योहारों में ट्रेनों में भीड़ की संभावना पर भारतीय रेलवे ने भागलपुर और दिल्ली के बीच एक और त्योहार स्पेशल चलाने का निर्णय लिया है। एक और ट्रेन के चलने से स्पेशल ट्रेनों की संख्या छह हो जाएगी। इससे दीपावली और छठ पूजा में दिल्ली से घर आने और पर्व के बाद वापस दिल्ली लौटने वालों को सुविधा होगी। 04036/04035 दिल्ली-भागलपुर-दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन दोनों दिशाओं से एक-एक ट्रिप चलेगी।

28 अक्टूबर को यह ट्रेन सुबह 9:00 बजे दिल्ली से खुलेगी और दूसरे दिन सुबह 7:00 बजे भागलपुर पहुंचेगी। उसी दिन यानी 29 तारीख को यह ट्रेन सुबह 9:45 बजे रवाना होगी। 1214 किलोमीटर की यात्रा 22 घंटे में पूरी होगी। इस बीच दोनों दिशाओं में सुल्तानगंज, जमालपुर, अभयपुर, किउल, मोकामा, बख्तियारपुर, पटना, दानापुर, आरा, बक्सर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, प्रयागराज और कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर भी कामर्शियल ठहराव दिया गया है। कुल 24 कोच वाली इस ट्रेन में 16 स्लीपर, दो एसी थ्री, चार जेनरल और दो एसएलआर बोगियां होगी।

इसके अलावा ट्रेन संख्या 04058/04057 दिल्ली-भागलपुर-दिल्ली स्पेशल सुपरफास्ट ट्रेन होगी। यह ट्रेन दिल्ली से 23 और 26 अक्टूबर को रवाना होगी, जबकि भागलपुर से दिल्ली के लिए 24 और 27 अक्टूबर को रवाना होगी। इसमें 22 कोच होगी। एसी, स्लीपर और जेनरल तीनों क्लास की बोगियों होगी। यह ट्रेन दिल्ली से सुबह 9:00 बजे रवाना होगी और रात एक बजे पटना पहुंचेगी। जमालपुर अगले दिन सुबह 5:27 बजे, सुल्तानगंज 6:00 बजे और भागलपुर सुबह 7:00 बजे पहुंचेगी। भागलपुर से यह ट्रेन सुबह 9:45 बजे रवाना होगी। सुल्तानगंज 10:20 बजे और जमालपुर 11:00 बजे पहुंचेगी। पटना पहुंचने का समय दोपहर में 2:30 बजे है।

भागलपुर से किउल के बीच यह ट्रेन अभयपुर में भी रुकेगी। ट्रेन संख्या 04034/04033 दिल्ली-भागलपुर-दिल्ली सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन है। यह ट्रेन दिल्ली से 21 और 25 अक्टूबर को चलेगी। वहीं, भागलपुर से 22 और 26 अक्टूबर को चलेगी। यह 24 कोच की ट्रेन होगी और इसमें भी जेनरल, स्लीपर और एसी तीनों श्रेणी की बोगियां रहेगी। यह ट्रेन भी दिल्ली से सुबह 9:00 बजे रवाना होगी और भागलपुर अगले दिन सुबह 7:00 बजे पहुंचेगी। भागलपुर से 9:45 बजे रवाना होगी और दिल्ली अगले दिन 6:45 बजे पहुंचेगी। तीसरी ट्रेन 04064/04063 दिल्ली-भागलपुर-दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन है। यह ट्रेन दिल्ली से 22 अक्टूबर को और भागलपुर से 23 अक्टूबर को रवाना होगी। इस ट्रेन में भी 24 कोच होगी। लेकिन इसमें सभी 22 कोच जेनरल क्लास की होगी। यह ट्रेन भी दिल्ली से सुबह 9:00 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 7:00 बजे भागलपुर पहुंचेगी।

भागलपुर से 9:45 बजे रवाना होगी और दिल्ली अगले दिन 6:45 बजे सुबह पहुंच जाएगी। वहीं, ट्रेन संख्या 01031/01032 छत्रपति शिवाजी महराज टर्मिनल से मालदा टाउन के बीच भागलपुर होकर दोनों दिशाओं में चलेगी। यह ट्रेन छत्रपति शिवाजी टर्मिनल से 17 अक्टूबर और 24 अक्टूबर को रवाना होगी। मालदा टाउन से यह ट्रेन 19 एवं 26 अक्टूबर को चलेगी। छत्रपति शिवाजी टर्मिनल से यह ट्रेन सोमवार को 11:05 बजे पूर्वाह्न में रवाना होगी और मंगलवार को शाम 7:07 बजे भागलपुर पहुंचकर 7:12 बजे मालदा के लिए रवाना होगी। पटना होकर चलने वाली यह ट्रेन भागलपुर के अलावा किउल, अभयपुर, जमालपुर, सुल्तानगंज, कहलगांव, साहिबगंज में भी रुकेगी। मालदा टाउन से यह ट्रेन बुधवार को दोपहर 12:20 बजे रवाना होगी। दोपहर 3:38 बजे भागलपुर पहुंचकर 3:43 बजे रवाना हो जाएगी।

मालदा-आंनद विहार टर्मिनल-मालदा पूजा स्पेशल ट्रेन भी दोनों दिशाओं में भागलपुर होकर चलेगी। यह ट्रेन पांच-पांच फेरा लगाएगी। साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन मालदा से 31 अक्टूबर, 07, 14, 21 एवं 28 नवंबर को चलेगी और 01, 08, 15, 22 व 29 नवंबर को आनंद विहार टर्मिनल से चलेगी। इस ट्रेन में मालदा-आनंद विहार एक्सप्रेस की रैक का उपयोग किया जाएगा। इसमें छह जेनरल, 11 स्लीपर, चार एसी थ्री और एक एसी टू सहित कुल 24 बोगियां होगी। यह ट्रेन मालदा से सुबह 9:05 बजे रवाना होगी और भागलपुर दोपहर 12:51 बजे पहुंचेगी। दोपहर 12:56 बजे रवाना हो जाएगी। भागलपुर के बाद यह ट्रेन दोपहर 2:02 बजे जमालपुर पहुंचेगी और 2:07 बजे रवाना हो जाएगी। यह ट्रेन किऊल, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, वाराणसी, लखनऊ होते हुए मंगलवार को दोपहर 1:45 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी।