विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल की खाड़ी की नमी और भीषण चक्रवात 'अर्नब' ने बदला भागलपुर का मिजाज, शुरू हुई बूंदाबांदी, 2 दिन खराब रहेगा मौसम

Published: Thu, 29 Oct 2026 06:15 AM (IST)

Bhagalpur Weather Update Cyclone Arnab Impact: भीषण चक्रवात 'अर्नब' के कमजोर पड़ने के बावजूद, इसके अवशेष और बंगाल की खाड़ी ...और पढ़ें

Bhagalpur Weather Update Cyclone Arnab Impact: भागलपुर में चक्रवात अर्नब का असर! शुरू हुई बूंदाबांदी।

Bhagalpur Weather Update Cyclone Arnab Impact: भागलपुर में चक्रवात अर्नब का असर! शुरू हुई बूंदाबांदी।

HighLights

  1. चक्रवात 'अर्नब' के अवशेष से भागलपुर का मौसम प्रभावित।

  2. गुरुवार को हल्की, शुक्रवार को भारी बारिश की संभावना।

  3. वज्रपात और तेज हवाओं के प्रति सतर्क रहने की अपील।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Weather Update Cyclone Arnab Impact: बंगाल की खाड़ी में उठे भीषण चक्रवाती तूफान 'अर्नब' के कमजोर पड़ने के साथ ही इसका असर भागलपुर और पूरे पूर्वी बिहार के मौसम पर साफ दिखने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को जिले में हल्की से मध्यम वर्षा की प्रबल संभावना है, जबकि शुक्रवार को बारिश की तीव्रता काफी तेज हो सकती है।

चक्रवात के स्थलभाग पर प्रवेश करने के बाद बने अवशेष परिसंचरण (Residual Circulation) और बंगाल की खाड़ी से आ रही भारी नमी के कारण भागलपुर में बुधवार दोपहर से ही आसमान में घने बादलों का डेरा जमा हो गया और कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। 

चक्रवात 'अर्नब' ने 28 अक्टूबर को भारतीय समयानुसार रात दो बजे से सुबह आठ बजे के बीच आंध्र प्रदेश और यनम के तटों (बापटला और विशाखापत्तनम के बीच) को पार किया। लैंडफॉल के समय तटीय क्षेत्रों में 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे की निरंतर हवाएं और 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंके चले। तट पार करने के बाद हालांकि यह तूफान धीरे-धीरे कमजोर पड़ गया, लेकिन इसके अवशेष और समुद्र से आ रही नमी का व्यापक असर अब बिहार तक पहुंच चुका है।

नमी और हवाओं के टकराव से बढ़ेंगी गतिविधियां

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा यह मौसमी सिस्टम अगले 48 घंटों में और कमजोर होगा। किंतु, इस चक्रवात से जुड़ा अवशेष परिसंचरण बिहार और खासकर पूर्वी बिहार के वायुमंडल में सक्रिय हो गया है।

बंगाल की खाड़ी से आ रही निरंतर नमी, निचले वायुमंडल में विपरीत हवाओं के अभिसरण (Convergence) और ऊपर उठती नम हवाओं के कारण घने बादल बनने की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसके परिणामस्वरूप अगले दो से तीन दिनों तक पूरे जिले में मौसम अशांत रहेगा।

शुक्रवार को भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी

भागलपुर और आसपास के इलाकों में 29 अक्टूबर (गुरुवार) को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने तथा एक-दो जगहों पर भारी बौछारें पड़ने के आसार हैं। इस दौरान मेघ गर्जन, आकाशीय बिजली (वज्रपात) चमकने और तेज रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है।

मौसम विभाग ने विशेष रूप से शुक्रवार को बारिश की गतिविधियों में और अधिक तेजी आने की चेतावनी जारी की है। वर्षा की वास्तविक मात्रा और इसके सबसे अधिक प्रभावित इलाके इस बात पर निर्भर करेंगे कि तूफान का अवशेष परिसंचरण किस गति और दिशा में आगे बढ़ता है। प्रशासन और मौसम विभाग ने आम नागरिकों से अगले दो दिनों तक सतर्क रहने और गरज-चमक के समय खुले स्थानों या पेड़ों के नीचे शरण न लेने की अपील की है।

यह भी पढ़ें- चक्रवाती तूफान 'अर्नब' का बिहार में दिखेगा असर! 29 को वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट, 50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं