विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भागलपुर में अर्णब के असर से 28.2 मिमी बारिश! दिनभर बादलों की ओट में रहे सूर्यदेव, आज भी तेज हवा और बौछारों के आसार

Published: Fri, 30 Oct 2026 12:40 AM (IST)

Cyclone Arnab Effect Bhagalpur Weather: चक्रवाती तूफान 'अर्णब' के अवशेष परिसंचरण के प्रभाव से भागलपुर समेत पूर्वी बिहार में मौसम ...और पढ़ें

Cyclone Arnab Effect Bhagalpur Weather: शाम ढलते ही शुरू हुआ झमाझम का दौर

Cyclone Arnab Effect Bhagalpur Weather: शाम ढलते ही शुरू हुआ झमाझम का दौर

HighLights

  1. चक्रवाती तूफान 'अर्णब' के अवशेष से भागलपुर में भारी बारिश।

  2. गुरुवार को 28.2 मिमी वर्षा दर्ज, तापमान में गिरावट आई।

  3. शुक्रवार को भी मध्यम से भारी बारिश, तेज हवाओं के आसार।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Cyclone Arnab Effect Bhagalpur Weather: आसमान पर बादलों का कड़ा पहरा, दिनभर रिमझिम फुहारें और शाम ढलते ही मूसलाधार बरसात। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान 'अर्णब' के अवशेष परिसंचरण के प्रभाव से भागलपुर सहित समूचे पूर्वी बिहार के मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है। गुरुवार को सुबह से ही शहर में सूर्यदेव बादलों की ओट में छिपे रहे और रुक-रुककर बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रहा।

शाम होते ही बारिश ने अचानक रफ्तार पकड़ी और देर रात तक झमाझम बरसात होती रही। बारिश के इस दौर से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और वातावरण में हल्की गुलाबी ठंडक घुल गई है। हालांकि, हवा की रफ्तार अधिक न होने से रात के पारे में भारी गिरावट नहीं हुई, लेकिन गुरुवार रात 8:30 बजे तक जिले में 28.2 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।

शुक्रवार को भी राहत नहीं, तेज हवा के साथ मध्यम से भारी बारिश के आसार

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), भागलपुर केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अनुपम नाहर ने बताया कि अति गंभीर चक्रवाती तूफान 'अर्णब' के अवशेष के रूप में विकसित हुआ अवदाब उत्तर की ओर आगे बढ़ा है। गुरुवार शाम तक यह मौसमी प्रणाली उत्तर छत्तीसगढ़ और उससे सटे उत्तर-पश्चिम ओडिशा के ऊपर एक सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र (Well-Marked Low Pressure Area) में तब्दील हो गई है।

मौसम विज्ञानी के अनुसार, भले ही यह चक्रवाती तंत्र जमीनी भाग में आगे बढ़कर कमजोर हो रहा है, लेकिन इससे जुड़ी भारी वायुमंडलीय नमी और बंगाल की खाड़ी से आने वाली दक्षिण-पूर्वी हवाएं बिहार में वर्षा की गतिविधियों को सक्रिय बनाए हुए हैं। इस कारण शुक्रवार को भी भागलपुर में रुक-रुककर वर्षा का दौर जारी रहेगा।

कई इलाकों में मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं भी चल सकती हैं।

उत्तर बिहार के कई जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा का अलर्ट

मौसम विभाग द्वारा जारी राज्य स्तरीय बुलेटिन के अनुसार, 30 अक्टूबर को चक्रवाती तंत्र की मुख्य सक्रियता उत्तर बिहार की ओर केंद्रित रहेगी। विभाग ने सीतामढ़ी और मधुबनी जिलों में अनेक स्थानों पर भारी से अत्यंत भारी वर्षा (Heavy to Very Heavy Rain) की चेतावनी जारी की है।

इसके साथ ही मुजफ्फरपुर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, गोपालगंज, दरभंगा और सारण जिले में भी गरज-चमक के साथ भारी वर्षा के आसार हैं। भागलपुर सहित अंग और सीमांचल क्षेत्र में शुक्रवार देर रात तक बादलों की आवाजाही, रुक-रुककर वर्षा और हल्की ठंड का असर बदस्तूर जारी रहने का अनुमान है।

यह भी पढ़ें- चक्रवाती तूफान 'अर्नब' का बिहार में दिखेगा असर! 29 को वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट, 50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं