Bhagalpur LS Seat : भागलपुर में 'एक' को जिताने में आयोग और प्रत्याशियों ने करोड़ों रुपये फूंके
भागलपुर में चुनाव 18 अप्रैल को हुआ है। इसके पूर्व नामांकन से मतदान के पहले तक प्रत्याशियों से खर्च का तीन बार ब्यौरा लिया गया था।
भागलपुर [राम प्रकाश गुप्ता]। भागलपुर में लोकसभा चुनाव कराने में प्रत्याशियों ने जहां करोड़ों खर्च किए हैं, वहीं आयोग की ओर से भी कार्मिकों के प्रतिनियोजन, पुलिस की सुरक्षा, वाहनों के अधिग्रहण, सामग्रियों की तैयारी और ईंधन के नाम पर भी बड़ी राशि व्यय हुई है। यहां करोड़ों की राशि खर्च कर एक प्रत्याशी को लोकसभा भेजना है। हालांकि वाहन मद में अभी प्रशासन ने सिर्फ खुराकी और ईंधन के नाम पर अग्रिम का भुगतान किया है। वाहन मालिकों के दावे के आधार पर किराया और भाड़े का भुगतान किया जाएगा। यह राशि लाखों में होगी। भागलपुर में चुनाव 18 अप्रैल को हुआ है। इसके पूर्व नामांकन से मतदान के पहले तक प्रत्याशियों से खर्च का तीन बार ब्यौरा लिया गया था। 14 अप्रैल तक प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार आदि मद में 90 लाख से अधिक खर्च किए थे। अभी प्रत्याशियों की ओर से अंतिम चुनाव खर्च जमा नही किया गया है। अनुमान है कि यह राशि भी करोड़ को पार कर जाएगी। आयोग ने प्रत्याशी के लिए चुनाव खर्च की सीमा 70 लाख निर्धारित किया है। लोकसभा चुनाव में 2885 छोटे-बड़े वाहनों की सेवा ली गई है।
मतदान में लगे कार्मिकों पर 2 करोड़ 84 लाख 49 हजार 650 रुपये
भागलपुर जिले के 2102 बूथों पर मतदान कराया गया। मतदान कर्मियों के अलावा कुछ बूथों पर 698 पर्दानशीं महिलाओं को भी पहचान के लिए लगाया गया था। इसके अलावा 193 सेक्टर दंडाधिकारियों और 55 जोनल दंडाधिकारियों को भी चुनाव ड्यूटी में लगाया गया। इन कार्मिकों के अग्रिम के नाम पर 2 करोड़ 84 लाख 49 हजार 650 रुपये व्यय हुए।
वाहनों पर तत्काल व्यय
चुनाव संपन्न कराने के लिए वाहनों का अधिग्रहण किया गया था। वाहनों का उपयोग सभी प्रखंड और अनुमंडल कार्यालय को करने दिया गया था। उपयोग किए गए वाहनों पर हुए खर्च का आकलन किया जा रहा है। इसबीच वाहनों में ईंधन और चालक खर्च (खुराकी) मद में 40 लाख खर्च किए गए हैं। किराया और भाड़े मद की राशि जोडऩे पर यह राशि करोड़ में चली जाएगी।
वाहनों के प्रकार दैनिक मुआवजा
बस (50 सीट से अधिक)-2850
बस (50 सीट से कम)-2600
मिनी बस-1950
मैक्सी, सिटी राइड-1500
छोटी कार (सामान्य)-800
छोटी कार (एसी)-900
ट्रेकर, जीप, कमांडर-900
बोलेरो, सुमो, मार्शल-1000
बोलेरो, सुमो, मार्शल(एसी)-1200
जाइलो, स्कारपियो, तवेरा-1600
इनोवा या सफारी (एसी)-1700
विक्रम, मैजिक, ओमनी-750
ऑटो रिक्शा-500
मोटरसाइकिल-250
ई रिक्शा-600