ई-कामकाज और आर्थिक तंगी से परेशान वकीलों ने दिया धरना
लॉकडाउन के दौरान न्यायालय में ई-कामकाज व्यवस्था और आर्थिक तंगी से परेशान अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को सांकेतिक धरना दिया।
भागलपुर। लॉकडाउन के दौरान न्यायालय में ई-कामकाज व्यवस्था और आर्थिक तंगी से परेशान अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को सांकेतिक धरना दिया। जिला विधिज्ञ संघ भवन परिसर में संघ अध्यक्ष अभयकांत झा, महासचिव संजय कुमार मोदी समेत प्रबंध कार्यकारिणी और सदस्य अधिवक्ताओं ने धरना दिया।
इस दौरान सभी ने शारीरिक दूरी का पालन किया। संघ महासचिव संजय कुमार मोदी ने बताया कि ई-कामकाज की लचर व्यवस्था से वकीलों को खासी परेशानी होने लगी है। अक्सर तकनीकी गड़बड़ी के कारण सुनवाई बाधित हो जा रही है। नई व्यवस्था के लाभ से अधिकांश अधिवक्ता वंचित रह रहे हैं। दूसरी ओर आर्थिक तंगी से दो-चार होना पड़ रहा है। महासचिव ने कहा कि संघ वकीलों की इस परेशानी से उच्चतम न्यायालय, उच्च न्यायालय पटना और जिला न्यायालय के जिला जज को अवगत करा रहा है। धरना कार्यक्रम में उपाध्यक्ष वीरेश प्रसाद मिश्रा, श्रीकिशोर झा, मृत्युंजय कुमार सिंह, सारिक मंजूर समेत काफी संख्या में अधिवक्ताओं ने भाग लिया।