CoronaVirus Vaccine Update : संक्रमित व्यक्ति स्वस्थ होने के 14 दिन बाद लें टीका, टीका से जुड़े हर सवालों का जवाब जानिए...
भागलपुर के जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि टीका पूरी तरह से सुरक्षित है। कोरोना से संक्रमित व्यक्ति स्वस्थ होने के 14 दिन बाद टीका ले सकते हैं। वैक्सीन लेना अनिवार्य है क्योंकि इससे स्वयं की सुरक्षा तो होगी ही घरवाले भी सुरक्षित रहेंगे।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। कोविड-19 का टीका बीमारी से लडऩे की क्षमता को बढ़ाता है। टीका पूरी तरह से सुरक्षित है। कोरोना से संक्रमित व्यक्ति स्वस्थ होने के 14 दिन बाद टीका ले सकते हैं। इससे भविष्य में कोरोना जैसी जानलेवा बीमारी होने की संभावना समाप्त हो जाएगी।
ये बातें जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. मनोज कुमार चौधरी ने कही। वे शुक्रवार को दैनिक जागरण कार्यालय में आयोजित 'हेलो डॉक्टरÓ कार्यक्रम में आए हुए थे। पाठकों ने उनसे कोरोना से जुड़े कई सवाल किए। जिसका उन्होंने विस्तार से जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कई दौर के रिसर्च के बाद वैक्सीन को तैयार किया गया है। वैक्सीन लेना अनिवार्य है, क्योंकि इससे स्वयं की सुरक्षा तो होगी ही, घरवाले भी सुरक्षित रहेंगे। साथ ही संक्रमण के प्रसार को भी रोकने में मदद मिलेगी। पहले चरण में स्वास्थ्य कर्मचारियों को टीके लगाए जाएंगे। फिर 50 वर्ष के लोगों और बीमार व्यक्तियों को। उन्होंने कहा कि एक ही कंपनी की वैक्सीन का दोनों डोज लेना है। वैक्सीन लेने के बाद आधा घंटा इंतजार करना है ताकि अगर कोई रिएक्शन हो तो उसका निदान आब्जर्बर रूम में बैठे चिकित्सक कर सकें। उन्होंने कहा जिस जगह टीका दिया जाएगा वहां थोड़ा दर्द हो सकता है। उल्टी हो सकती है, हल्का बुखार भी आ सकता है। वैक्सीन लेने के बाद भी मास्क लगाएं और शारीरिक दूरी का पालन करें।
प्रश्न : मेरी उम्र 55 वर्ष है और बीपी का मरीज हूं। क्या कोरोना वैक्सीन ले सकते हैं।
- मनोज केशरी, फुंसिया
उत्तर : कोरोना वैक्सीन लेने में कोई हर्ज नहीं है। जरूर वैक्सीन लें।
प्रश्न : क्या कोरोना वैक्सीन सुरक्षित है।
- रंजू देवी, अकबरनगर
उत्तर : वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है। किसी भी तरह के अफवाह पर ध्यान नहीं दें।
प्रश्न : क्या वैक्सीन लेना अनिवार्य है। नहीं लेने पर क्या हो सकता है।
- अशोक सिंह, बिहपुर
उत्तर : वैक्सीन लेना आपकी इच्छा पर है। पर इसे लेने से आप कोरोना संक्रमण से तो बचेंगे ही दूसरों को भी बचाएंगे। बीमारी के प्रसार को रोकने में भी आप मददगार साबित होंगे।
प्रश्न : क्या सभी लोगों को एक साथ वैक्सीन दी जाएगी।
- संजय, मुंदीचक
उत्तर : पहले चरण में स्वास्थ्य कर्मचारियों फिर बीमार और 50 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन दी जाएगी। आमलोगों को दो माह बाद टीके लगाए जाएंगे।
प्रश्न : पिताजी को बीपी है। सांस भी फूलता है। कोरोना का टीका ले सकते हैं या नहीं?
- राजू कुमार, मिरजानहाट
उत्तर : बीपी कंट्रोल में रहने पर टीका ले सकते हैं।
प्रश्न : क्या कोरोना वैक्सीन का दुष्प्रभाव भी है।
- राजेश कुमार, बांका
उत्तर : वैक्सीन लेने के बाद हल्का बुखार और दर्द कुछ देर के लिए हो सकता है।
प्रश्न : कोरोना का टीका लगवाने के लिए क्या प्रक्रिया है।
- अमित, तारापुर
उत्तर : पहले रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। फिर निकट के स्वास्थ्य केंद्र में टीका लगवाने के लिए मोबाइल पर मैसेज आएगा।
प्रश्न : मेरी उम्र 34 वर्ष है। क्या मैं वैक्सीन ले सकता हूं।
- हिमांशु चौधरी, भागलपुर
उत्तर : दो माह बाद आपलोगों को कोरोना के टीके दिए जाएंगे। उसके पूर्व आप रजिस्ट्रेशन करवा लें। रजिस्ट्रेशन कराने की तारीख की घोषणा की जाएगी।