Corona effect : जरूरतमंदों को मिला राशन, 'कोई भूखा ना सोए', आगे आए कई संगठन
लॉकडाउन में घर में फंसे लोगों को कई सामाजिक और राजनीतिक संगठन के कार्यकर्ता उन्हें खाद्य सामग्री उपलब्ध करा रहे हैं। सभी ने संकल्प लिया है कि किसी को भूखे नहीं रहने दिया जाएगा।
भागलपुर, जेएनएन। कोरोना महामारी से बचने के लिए जिले भर में लोग लॉकडाउन का पालन कर रहे हैं। सभी लोग अपने स्वजनों के साथ घर में है। ऐसे में लोगों को सामने अब भोजन की समस्या उत्पन्न होने लगी है। इससे निजात दिलाने के लिए कई सामाजिक संगठन और राजनीतिक पार्टियां उन्हें खाद्य सामग्री उपलब्ध करा रही है। भाजपा जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय ने भी जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध कराया। इनके अलावा महापौर सीमा साहा, पूर्व महापौर दीपक भुवानिया, पूर्व उपमहापौर डॉ प्रीति शेखर, जिया गोस्वामी, संगीता तिवारी, श्वेता सिंह, अारएसएस के जिला प्रचार प्रमुख हरविंद नारायण भारती ने भी जरूरममंद लोगों को खाद्य साम्रगी दिये। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भी जिले में जरूरतमंद लोगों के बीच राहत सामग्री उपलब्ध करा रही है।
जरूरतमंदों को मिला राशन का सहारा
स्काउट गाइड भागलपुर की और से मधु मंडल के नेतृत्व में भूतनाथ मंदिर के आसपास झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले 150 लोगों को पका भोजन कराया गया। रिंकी देवी, उपाध्यक्ष विद्या झा ने राशन का वितरण किया गया। सचिव प्रवीन कुमार झा संगठन आयुक्त विपिन कुमार सिंह, ओंकार नाथ, राजीव मिश्रा, मुकेश दुबे, प्रियांशु कुमार, सदानंद मंडल, किरण कुमारी, सुकेशा देवी, पुतुल देवी, प्रेम कुमार, आशुतोष सिद्धार्थ का सहयोग रहा।
कथावाचक ने की घर से नहीं निकलने की अपील
केंद्रीय रेलवे रेल यात्री संघ के ब्रांड एंबेसडर सह कथावाचक पंडित शिवम विष्णु पाठक ने फेसबुक और वाट्सएप के माध्यम से जिलावासियों को लॉकडाउन का पालन करने की अपील की। संघ के अध्यक्ष विष्णु खेतान ने बताया कि सोमवार को कहलगांव अनुमंडल और सुल्तानगंज क्षेत्र में लोगों को दवाइयां उनके पर्ची के अनुसार उपलब्ध कराई गई। हर जरूरतमंदों की मदद करना ही संघ का उद्देश्य है। इस कार्य में संघ के सभी सदस्य जुटे हैं।
कोई ना भूखा सोए अभियान के तहत मिला राशन
गोशाला समिति की ओर से 21वें दिन राहत वितरण किया गया। कोई ना सोए भूखा अभियान के तहत वार्ड संख्या 16 के केरला चीफ गंज इलाके में वितरण किया गया 150 लोगों को भोजन कराया गया। महामंत्री गिरधारी केजरीवाल ने बताया कि वार्ड 50 अलीगंज के हरिजन टोला और वार्ड संख्या 29 विवि रोड में 100 लोगों को राशन पैकेट वितरण बांटे गए। वितरण में मानव केजरीवाल, विनय मोदी, प्रदीप पोद्दार थे।
मारवाड़ी सम्मेलन ने 525 लोगों को दी राहत
बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन की ओर से 525 लोगों को पका भोजन और 10 कार्टन बिस्कुट वितरण किया गया। महामंत्री अनिल खेतान ने कहा कि रूबी दास द्वारा वरारी में 100 महिलाओं को भोजन उपलब्ध कराया गया। राहत कार्य में पूर्व मेयर दीपक भुवानियां, गीता देवी केजरीवाल, अध्यक्ष शिव अग्रवाल, ओम प्रकाश कानोडिया , अरुण झुनझुनवाला, रवि बुधिया, शुभम झुनझुनवाला , श्यामसुंदर खेतान , संरक्षक प्रभात केजरीवाल, श्रवण बाजोरिया थे।
संगिनी क्लब ने गोराडीह में महिलाओं को दी राहत
दैनिक जागरण संगिनी क्लब की ओर से सोमवार को गोराडीह प्रखंड के रसुलगंज, चौधरीडीह, कोढ़ा इलाके में राहत सामग्री का वितरण किया गया। साथ ही महिलाओं के बीच सेनेटरी पैड भी बांटे गए। क्लब की अध्यक्ष श्वेता सुमन ने कहा कि क्लब हर प्रखंड में असहायों के बीच राहत पैकेट पहुंचा रहा है। अध्यक्ष ने लोगों को घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की। इस मौके पर क्लब की रितु मिश्रा ने भी वितरण कार्य में हिस्सा लिया।
होमियोपैथिक चिकित्सक मदद को आए आगे
होमियोपैथिक चिकित्सक भी आपदा की घड़ी में राहत बांटने का काम कर रहे हैं। आपदा चिकित्सा सेवा डॉ. विनय कुमार कुमार गुप्ता के नेतृत्व में कोरोना से बचाव की दवा और खाद्य सामग्री का वितरण नाथनगर के बिहारीपुर क्षेत्र और मुसहरी टोला अनाथालय में किया गया। अनाथालय के बच्चों की स्वास्थ्य जांच कर दवाइयां दी गईं। डॉ. एएन गोस्वामी, डॉ. रेहान, डॉ. तुषार, डॉ. विवेकानंद बंगटु सिंह का सराहनीय योगदान रहा।
रिक्शा चालकों और असहायों को दिए गए मास्क
जीवन जागृति सोसायटी की ओर से सोमवार को आदमपुर चौक, घंटाघर, लोहिया पुल, स्टेशन चौक कोतवाली, खलीफाबाग, कचहरी चौक पर रिक्शा चालक और असहायों को मास्क दिए गए। संस्था के अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि सोसायटी लगातार ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को ग्लव्स, साबुन, मास्क का वितरण कर रही है। सचिव सोमेश, सह कोषाध्यक्ष राकेश माही ,शेखर सुमन ,काबुल चौधरी, मृत्युंजय कुमार,रवि राजहंस का अहम योगदान रहा।
यमराज और चित्रगुप्त बनकर किया जागरूक
जज्बा संकल्प संस्था के अध्यक्ष जिया गोस्वामी के नेतृत्व में संस्था के सदस्यों ने तिलकामांझी चौक से लेकर स्टेशन उल्टा पुल तक जागरुकता अभियान चलाया। सब्जी बेचने वाले और खरीदारी करने वालों को शारीरिक दूरी बनाए रखने और लॉकडाउन में अति आवश्यक काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की गई। इस दौरान विजय गांधी यमराज और मनोज पंडित चित्रगुप्त की वेशभूषा में थे। दोनों ने मार्मिक अंदाज में लोगों को कोरोना से बचाव की सलाह दी।
सामाजिक संगठन ने उपलब्ध कराया भोजन
युवा एकता सामाजिक संगठन के अध्यक्ष ओमप्रकाश प्रकाश उपाध्याय के नेतृत्व में रिक्शा चालक, ठेला चालक, ऑटो चालक, असहायों के बीच राशन वितरण किया गया। रामसर, उर्दू बाजार, काजवलीचक स्थित झुग्गी-झोपड़ी में रहने वालों को राहत दिया गया। भोजन पाकर सभी के चेहरे खुशी से खिल उठे।
नागरिक विकास समिति ने बांटी राहत सामग्री
नागरिक विकास समिति के अध्यक्ष जियाउर रहमान के नेतृत्व में नाथनगर इलाके में सैकड़ों लोगों को पका हुआ भोजन कराया गया। अध्यक्ष की देखरेख में उनके आवास पर भोजन बनाकर लॉकडाउन में फंसे गरीब और जरूरतमंदों के बीच वितरण किया गया। अध्यक्ष ने कहा कि सामाजिक सेवा से बढ़कर कोई दूसरा काम नहीं है। लॉकडाउन तक लोगों को मदद की जाएगी।
युवाओं ने बढ़चढ़ कर लिया हिस्सा
लॉकडाउन में फंसे लोगों की मदद के लिए युवा वर्ग ने पूरी तैयारी की है। सोमवार को भी युवा सामाजिक कार्यकर्ता प्रशांत विक्रम के नेतृत्व में महाशय ड्योढी इलाके में जरूरतमंदों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया गया। जरूरतमंद राशन पैकेट लेकर काफी खुश दिखे। इन्होंने कहा कि जहां सूचना मिलती है वहां असहायों के बीच राहत पैकेट पहुंचाने का काम किया जा रहा है। लोगों को घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की। इस दौरान वार्ड सदस्य प्रभाकर झा, विक्रम यादव का सहयोग रहा।
बबरगंज में राहत सामग्री का वितरण
बबरगंज के महादलित बस्ती में लायंस क्लब प्राइम ने सोमवार को 150 परिवारों को भोजन कराया। यहां 40 परिवारों के बीच सूखा राशन वितरण किया। इसके बाद परबत्ती के स्लम बस्तियों में 40 परिवारों के बीच खाद्य सामग्री वितरित की गई। इस कार्य में पूर्व मेयर दीपक भुवानिया, मुकेश, मनीष खेतान व सुमित जैन ने सहयोग किया।
डिप्टी मेयर ने घोषी टोला में बांटा राशन
नाथनगर के घोषी टोला में लॉकडाउन से परेशानी दैनिक मजदूरों के बीच डिप्टी मेयर राजेश वर्मा ने खाद्य सामग्री का वितरण किया। उन्होंने कहा कि जहां भी जरूरत होगी वहां सहयोग किया जाएगा। स्थानीय पप्पू यादव की सूची के आधार पर एक सौ परिवारों को राशन दिया गया। इस मौके पर प्रियरंजन और प्रवीण यादव ने सहयोग किया।