Corona effect : लॉकडाउन में कभी कड़क तो कभी मददगार दिख रही वर्दी
पूर्व बिहार कोसी और सीमांचल में लॉकडाउन उल्लंघन के लगभग 100 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस को भी जनता का अपार सहयोग मिल रहा है। कभी-कभी पुलिस को सख्ती करनी पड़ रही है।
भागलपुर [संजय सिंह]। लॉकडाउन शुरू होने के बाद वर्दी वालों का चैन छिन सा गया है। कभी अपराधियों के पीछे भागने वाली पुलिस आज लोगों को घरों के अंदर रखने की कोशिश कर रही है। ऐसे में पुलिस को कभी मदद के लिए, तो कभी कोरोना संदिग्धों का इलाज करवाने के लिए फोन आ रहे हैं। यदि कोई मरीज जांच या इलाज से भागता है, तो उसे भी पुलिस को ही खोजना पड़ता है। विभाग के बड़े साहब ही नहीं, चौकीदार तक इस काम में परेशान हैं। ऐसे में पुलिस की कभी सख्त, तो कभी मददगार छवि लोगों के सामने आ रही है।
पूर्व बिहार, कोसी और सीमांचल में लॉकडाउन उल्लंघन के लगभग 100 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। बांका पुलिस ने चार संदिग्धों को एक धार्मिक स्थल से पकड़ा। इन चारों की जांच कराई गई। ये लोग मधुबनी में आकर यहां छिपे हुए थे। कई जगहों पर पुलिस लोगों की मदद करती भी दिख रही है। इस मामले में जमुई जिले की स्थिति बेहतर है। यहां से पुलिसकर्मियों ने 15 लाख रुपये चंदा कर गरीबों के बीच राहत बांटी। आर्थिक रूप से यह इलाका विपन्न है। यहां पर भी खैरा और सिमुलतला में लॉकडाउन उल्लंघन के मीन मामले दर्ज किए गए हैं। सीमांचल के कटिहार में भी पुलिस ने भूखे लोगों को भोजन दिलाने का काम किया तो लॉकडाउन का उल्लंघन करने के एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज किए। कुछ ऐसे दुकानदारों पर भी मामला दर्ज किया गया, जो मौके का लाभ उठाकर अधिक कीमत पर खाद्य सामग्री बेच रहे थे। पूर्णिया में भी लॉकडाउन उल्लंघन के पांच मामले दर्ज किए गए।
किशनगंज में मटरगश्ती करने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सबसे मजेदार वाकया सुपौल में हुआ। यहां भाजपा के एक ही एक पूर्व सांसद पर सीओ के बयान पर लॉकडाउन के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया। इस दौरान उनके आवास परिसर में फिल्म में शूटिंग की जा रही थी। यद्यपि, पूर्व सांसद का कहना है कि लॉकडाउन के कारण आवास में उनके परिचित फिल्मकार अपना सामान रख रहे थे। उन्हें कुछ लोगों के इशारे पर फंसाया गया है। मधेपुरा में भी लॉकडाउन के बावजूद दुकान खोलने के मामले में छह लोगों पर प्राथमिकी हुई। यहां का कमांडो दस्ता लोगों के बीच राहत सामग्री पहुंचा रहा है। सहरसा में भी सात लोगों के खिलाफ लॉकडाउन उल्लंघन की प्राथमिकी दर्ज की गई है। सोशल मीडिया पर कोरोना को लेकर अफवाह फैलाने की प्राथमिकी भी यहां दर्ज की गई। अररिया में क्वारंटाइन सेंटर से भागने के मामले में 39 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई। भागलपुर में लॉकडाउन उल्लंघन के 50 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं।
पुलिस को भी जनता का अपार सहयोग मिल रहा है। यही कारण है कि पुलिस भी बढ़-चढ़कर लोगों की मदद कर रही है। भागलपुर के सभी थानों में जरूरतमंदों को भोजन कराने के अलावा सूखा राशन भी वितरित किया जा रहा है। - आशीष भारती, एसएसपी, भागलपुर