Corona effect : 30 जून तक रोज खुलेगी जनवितरण प्रणाली की दुकान, और भी लिए गए कई निर्णय
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत अप्रैल एवं मई के लिए खाद्यान्न का अतिरिक्त आवंटन उपलब्ध कराया गया है। इससे अप्रैल से जून तक पांच Kg चावल मुफ्त दिया जाएगा।
भागलपुर, जेएनएन। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत अप्रैल एवं मई के लिए खाद्यान्न का अतिरिक्त आवंटन उपलब्ध कराया गया है। इससे अप्रैल से जून तक हर माह पांच किलोग्राम चावल मुफ्त दिया जाएगा। साथ ही एक किलोग्राम दाल भी मुफ्त दिया जाएगा। इसके वितरण के लिए सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक जनवितरण प्रणाली की दुकानें खुली रहेंगी। यह व्यवस्था 30 जून तक के लिए की गई है। सुबह सात बजे से दस बजे तक वृद्ध लोगों को राशन मिलेगा। दस बजे से दो बजे तक सभी श्रेणी के राशन कार्डधारी को राशन मिलेगा। दो बजे से चार बजे तक महिलाओं को राशन मिलेगा। खाद्यान्न वितरण के दौरान शारीरिक दूरी बनाने का निर्देश दिया गया है।
सबौर में एक लाख व्यक्ति को मिलेगा चावल
लॉकडाउन को लेकर सबौर प्रखंड में एक लाख आठ हजार 422 व्यक्तियों को पांच किलो चावल मिलेगा। अप्रैल से जून तक इसका निशुल्क वितरण होगा। कार्डधारी को मिल रहा प्रत्येक माह के अनाज के अतिरिक्त यह व्यस्था की गई है।
इन्हें मिलेगा लाभ
प्रखंड में कुल पीएचएच कार्डधारी 19 हजार 754 हैं, जिसमें 97 हजार 750 व्यक्ति शामिल हैं। अंतोदय कार्डधारी की संख्या दो हजार 198 है, जिसमें 10 हजार 672 व्यक्ति शामिल हैं। इस तरह कुल व्यक्तियों की संख्या एक लाख आठ हजार 422 है, जिसे तीन माह तक अतिरिक्त आवंटन का लाभ मिलेगा। इसके लिए सरकारी स्तर पर मुक्कमल व्यवस्था की जा रही है।
तीन माह तक पांच किलो चावल उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए आवंटन बनाया जा रहा है। एक भी व्यक्ति नहीं छूटेगा, पूरी पारर्दिशता के साथ वितरण कराया जाएगा। - अमरेश कुमार, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, सबौर