जगी उम्मीद : भोलानाथ फ्लाई ओवर निर्माण का जून से शुरू हो जाएगा काम
नक्शे को स्वीकृत कर मालदा रेल मंडल ने दो माह पूर्व इसे पूर्व रेलवे कोलकाता को स्वीकृति के लिए भेज दिया। भोलानाथ फ्लाई ओवर निर्माण के लिए पीएमओ और पथ निर्माण विभाग सक्रिय है।
भागलपुर [जेएनएन]। भागलपुरवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। पिछले नौ सालों से लंबित भोलानाथ फ्लाई ओवर पर इस साल जून-जुलाई तक काम शुरू हो जाएगा। फ्लाई ओवर बनने से जाम और जलजमाव की समस्या से लोगों को निजात मिल जाएगी। फ्लाई ओवर का काम जल्द शुरू हो इसके लिए पीएमओ कार्यालय से लगातार नक्शे की स्वीकृति के लिए पूर्व रेलवे पर दबाव बना रहा है। पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव भी लगातार पूर्व रेलवे के संपर्क में हैं।
नक्शे को स्वीकृत कर मालदा रेल मंडल ने दो माह पूर्व इसे पूर्व रेलवे कोलकाता को स्वीकृति के लिए भेज दिया। पूर्व रेलवे से स्वीकृति नहीं मिलने पर विभाग द्वारा रेलवे मंत्रालय और पथ निर्माण विभाग को अवगत कराया गया। यातायात व्यवस्था के मद्देनजर मामले को गंभीरता से लेते हुए पीएमओ कार्यालय और पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव द्वारा पूर्व रेलवे पर दबाव बनाया जा रहा है। दस दिनों में पूर्व रेलवे से नक्शे को स्वीकृति मिलने संभावना को देखते हुए विभाग तैयारी में जुट गया है। ट्रांसटेक कंसलटेंट को नक्शा के आधार पर डीपीआर बनाने के लिए कहा है।
साढ़े तीन सालों में आठ बार लौटाया गया नक्शा
बता दें कि भोलानाथ के ऊपर प्रस्तावित फ्लाई ओवर के निर्माण को रेलवे से साढ़े तीन साल पूर्व ही स्वीकृति मिल गई थी। लेकिन नक्शे को स्वीकृति नहीं मिलने के कारण फ्लाई ओवर निर्माण अटका हुआ है। सुधार करने की बात कर मालदा मंडल द्वारा आठ बार पुल निर्माण निगम को नक्शा लौटा दिया था।
पुल निर्माण निगम, भागलपुर के वरीय परियोजना अभियंता राम सुरेश राय ने कहा कि नक्शे की स्वीकृति के लिए पीएमओ कार्यालय और पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव द्वारा पूर्व रेलवे पर दबाव बनाए हुए हैं। दस दिनों में नक्शे को स्वीकृति की उम्मीद है। ट्रांसटेक कंसलटेंसी को डीपीआर बनाने को कहा गया है।
मुख्य बातें
- मिरजानहाट शीतलास्थान चौक से भीखनपुर गुमटी नंबर दो के बीच 1110 मीटर लंबा बनेगा फ्लाईओवर
- फ्लाई ओवर रेलवे से सात मीटर ऊपर से गुजरेगी, जलजमाव की समस्या से मिलेगी राहत
- जाम पर लगेगा अंकुश, दक्षिणी क्षेत्र की दो लाख आबादी के लिए सुगम होगा यातायात
- दो माह पूर्व मालदा मंडल ने नक्शे को स्वीकृति के लिए भेजा था पूर्व रेलवे को
- पीएमओ कार्यालय, पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव ने नक्शे की शीघ्र स्वीकृति के लिएबनाया दबाव