भागलपुर से राजद प्रत्याशी की जीत के लिए वोटरों को गोलबंद करेगी कांग्रेस
भागलपुर से महागठबंधन उम्मीदवार राजद प्रत्याशी सांसद बुलो मंडल को जीताने के लिए कांग्रेस सक्रिय हो गई है। कांग्रेस पार्टी वोटरों को राजद के पक्ष में गोलबंद करेगी।
भागलपुर [जेएनएन]। लोकसभा चुनाव में महागठबंधन प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस चुनाव अभियान समिति वोटरों को जागरूक करेगी। इसके लिए लोकसभा चुनाव अभियान समिति का गठन किया गया है। यह जानकारी चुनाव अभियान समिति के प्रदेश संयोजक अंबुश किशोर झा संवाददाता सम्मेलन में दी।
इन्होंने बताया कि समिति के अध्यक्ष डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह ने डॉ. मृत्युंजय सिंह गंगा को भागलपुर लोकसभा का अध्यक्ष चुना है। इनके नेतृत्व में पूरी टीम काम करेगी। इससे पूर्व कांग्रेस के घोषणा पत्र और महागठबंधन के गठन के बारे में चर्चा की। प्रदेश संयोजक ने लोकसभा के लिए अशोक कुमार सिन्हा, अनामिका शर्मा, मुजफ्फर अहमद और कुंदन यादव को चुनाव अभियान समिति का संयोजक बनाया है।
वहीं, 21 लोगों को अभियान समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि कहा कि नव गठित संयोजक और सदस्य लोकसभा क्षेत्र में महागठबंधन से राजद प्रत्याशी के पक्ष में पंचायत से लेकर प्रखंड स्तर पर वोटरों से रूबरू होंगे और देश में महागठबंधन की सरकार बनाने के लिए आह्वान करेंगे। इस मौके पर नाथनगर के पूर्व विधायक तालिब अंसारी, डॉ. मृत्युंजय सिंह गंगा, बांका जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह भी थे।
कांग्रेस मैनिफेस्टो कमिटी के चेयरमैन ने किया दौरा
दौरे पर आए हुए कांग्रेस मैनिफेस्टो कमिटी एवं रिसर्च कमिटी के चेयरमैन आनन्द माधव ने महागठबंधन के प्रत्याशी के पक्ष में सबौर, फतेहपुर, मंसरपुर, इंग्लिश फरका, हरिदासपुर, ममलखा का दौरा किया। माधव ने बताया कि सूबे में जनता ने महागठबंधन के प्रत्याशी को विजयी बनाकर राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना चाहते हैं।