कांग्रेस ने लगाये आरोप : राजद ने हमारे कार्यकर्ताओं को पूछा तक नहीं, इसलिए हुई हार
लोकसभा चुनाव में राजद प्रत्याशी को जीत दिलवाने के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जिला स्तर पर चुनाव अभियान समिति का गठन किया। लेकिन राजद ने तरजीह नहीं दी।
भागलपुर [जेएनएन]। राजद प्रत्याशी की हार का अंतर कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के सदस्य भी कम नहीं करवा सके। कांग्रेस और राजद का गठबंधन तो था लेकिन चुनाव प्रचार में कांग्रेस पार्टी के कार्यकताओं को शामिल नहीं किया जा रहा था। इसे कांग्रेसी भी स्वीकार करते हैं। केवल खानापूर्ति भर की गई थी।
लोकसभा चुनाव में राजद प्रत्याशी को जीत दिलवाने के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जिला स्तर पर चुनाव अभियान समिति का गठन किया। भागलपुर में डॉ. मृत्युंजय सिंह गंगा को अध्यक्ष बनाया गया। इसके पूर्व कांग्रेस जिला कमेटी के अध्यक्ष सैयद सज्जाद अली साह ने प्रखंड अध्यक्षों की बैठक बुलाकर राजद प्रत्याशी को जीत दिलवाने के लिए प्रचार अभियान में शामिल होने का निर्देश दिया था। हालांकि जिलाध्यक्ष ने यह भी स्वीकार किया कि राजद की तरफ से कांग्रेस कार्यकर्ताओं पूछा तक नहीं गया, केवल खानापूर्ति भर की गई।
विधायक अजीत शर्मा ने भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का बैठक कर राजद प्रत्याशी शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल को भी आमंत्रित किया था। बैठक में जीत दिलवाने के लिए बड़-बडे दावे तो किए गए लेकिन धरातल पर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता नहीं दिखे। चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष डॉ. मृत्युंजय सिंह गंगा ने भी माना कि राजद और कांग्रेस पार्टी के बीच तालमेल में कमी रह गई। हालांकि जिला राजद के अध्यक्ष तिरुपति नाथ यादव ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं से चुनाव प्रचार को लेकर बात होती रही है और वे प्रचार में भी शामिल हुए हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप