Move to Jagran APP

मंत्री के भाषण में दिखा सत्ता जाने का दर्द, बोले-कांग्रेस कर रही नकारात्मक राजनीति

चुनाव परिणाम आने के बाद पहले सार्वजनिक कार्यक्रम में राज्य के श्रम मंत्री विजय कुमार सिन्हा भागलपुर आए थे। उद्घाटन भाषण में मंत्री के निशाने पर कांग्रेस पार्टी थी।

By Dilip ShuklaEdited By: Published: Fri, 14 Dec 2018 10:08 PM (IST)Updated: Sat, 15 Dec 2018 09:50 AM (IST)
मंत्री के भाषण में दिखा सत्ता जाने का दर्द, बोले-कांग्रेस कर रही नकारात्मक राजनीति
मंत्री के भाषण में दिखा सत्ता जाने का दर्द, बोले-कांग्रेस कर रही नकारात्मक राजनीति

भागलपुर (राम प्रकाश गुप्ता)। भाजपा नेताओं को राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में सत्ता जाने का दर्द सता रहा है। चुनाव परिणाम आने के बाद पहले सार्वजनिक कार्यक्रम में राज्य के श्रम मंत्री विजय कुमार सिन्हा भागलपुर आए थे। शुक्रवार को मंत्री नियोजन मेला का उद्घाटन कर रहे थे। उद्घाटन भाषण में मंत्री के निशाने पर कांग्रेस पार्टी थी।

loksabha election banner

मंत्री ने कांग्रेस का नाम तो नहीं लिया लेकिन सीधे तौर पर यह कहा कि देश में 60 वर्षों तक राज करने वाली पार्टी नकारात्मक राजनीति कर रही है। देश का माहौल खराब किया जा रहा है। नकारात्मक राजनीति की विचारधारा बढ़ गई है। इससे युवाओं को सावधान और सजग रहने की जरूरत है। मंत्री को अपनी बात कहने के लिए भागलपुर में जो मंच मिला उसके अधिकांश श्रोता या दर्शक युवा और बेरोजगार थे। जो लोकलुभावन बातों में फंस कर दिग्भ्रमित हो सकते हैं।

मंत्री ने अपने भाषण में युवाओं से सजग होने का आह्वान किया। कहा कि अपराध और भ्रष्टाचार मुक्त भारत बनाने के लिए नौजवानों को ही यह तय करना होगा कि उन्हें कैसा 'भारत' चाहिए। मंत्री ने युवा पीढ़ी की खूब तारीफ की और कहा कि हमारे देश के युवाओं में कौशल है। सिर्फ इसे निखारने की जरूरत है।

मंत्री ने जो बातें कही, उसका सीधा संबंध 2019 का लोकसभा चुनाव से है। मंत्री पूर्व में भाजपा प्रदेश इकाई में जिम्मेदारी निभा चुके हैं। मंत्री का मानना था कि हमारा युवा डिजिटल इंडिया के साथ है। हाथ में एंड्रायड फोन और मोबाइल है। उन्होंने कहा कि आज की तिथि में कोई मजदूर यह नहीं चाहता कि उसका बेटा मजदूर बने।

मजदूरों की ख्वाहिश को सरकार पूरा कर रही है। कहा कि नफरत की सीमाओं को तोड़कर सरकार रोजगार के अवसर दे रही है। दावा किया कि केंद्र और राज्य सरकार युवाओं के सुंदर सपने को साकार करने में लगी है। यह इसलिए संभव हो रहा है कि दोनों ही सरकारें सकारात्मक भाव पैदा कर रही है।

मार्च तक बाल श्रम मुक्त होगा भागलपुर
श्रम संसाधन मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि मार्च तक भागलपुर शहर को बाल श्रम से मुक्त बनाया जाएगा। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए विभाग के अधिकारी दो स्तर पर काम करेंगे। पहले चरण में दुकान, होटल सहित सभी तरह के व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में बाल श्रमिकों को मुक्त कराने के लिए अभियान चलेगा। दूसरे चरण में घरों में काम करने वाले बच्चों को बाल श्रम से मुक्त कराया जाएगा।


उन्होंने कहा कि सरकार राज्य में प्रशिक्षण का माहौल बना रही है। विश्व के अंदर परिवर्तन हो रहा है। जापान, चीन और फ्रांस जहां बूढ़ापे की ओर बढ़ रहा है वहीं भारत जवानी की ओर बढ़ रहा है। भारत के डिजीटल इंडिया के नौजवानों को अब गुमराह और बरगलाया नहीं जा सकता है। उन्होंने कहा कि देश में नकारात्मक सोच की राजनीति हो रही है। कांग्रेस का नाम लिए बिना कहा कि देश में 60 वर्षों तक राज करने वाली पार्टी सत्ता सुख पाने के लिए लोगों को गुमराह कर रही है।

अपराध और भ्रष्टाचार की राजनीति बढ़ रही है। विद्वेष की भावना पैदा की जा रही है। कहा कि उनकी पार्टी और गठबंधन के लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि है। हमारा लक्ष्य है राष्ट्र को सबल करना। मंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार युवाओं के भविष्य के लिए दूरगामी सोच रखती है। इसके लिए स्वस्थ वातावरण बनाया जा रहा है। स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए मुद्रा और स्टार्टअप योजना का लाभ देश के लाखों युवाओं ने लिया है। कहा कि रोजगार स्वयं के लिए और स्वरोजगार दूसरे के लिए महत्वपूर्ण है। एक सर्वे के अनुसार स्वरोजगार में एक युवा कम से कम छह लोगों को रोजगार से जोड़ते हैं। समारोह में धन्यवाद ज्ञापन विभाग के उप निदेशक राधा मोहन सिंह ने किया। इस अवसर पर विभागीय पदाधिकारी कविता कुमारी, सुधांशु कुमार और कौशल किशोर मधुकर थे। संचालन भावना वर्मा ने किया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.