भाजयुमो का सम्मेलन सात अक्टूबर को जिला स्कूल के मैदान में, जुटेंगे दस हजार युवा
भारतीय जनता युवा मोर्चा का युवा संकल्प सम्मेलन सात अक्टूबर को जिला स्कूल के मैदान में होगा। सम्मेलन में दस हजार से अधिक सदस्य भाग लेंगे।
भागलपुर (जेएनएन)। भारतीय जनता युवा मोर्चा का 'युवा संकल्प सम्मेलन' सात अक्टूबर को जिला स्कूल के मैदान में होगा। इस सम्मेलन में दस हजार से अधिक युवा सहित शक्ति केंद्र के प्रभारी, कमल क्लब और बूथ कमेटी के सदस्य भाग लेंगे। यह जानकारी गुरुवार को स्थानीय एक होटल में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्गेश सिंह, प्रदेश मंत्री गौतम कुमार उर्फ बंटी यादव, भाजपा के जिला अध्यक्ष रोहित पांडेय और युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष अभिनव कुमार ने दी। दुर्गेश ने कहा कि राज्य की सभी 40 सीटों पर सम्मेलन का आयोजन हो रहा है।
सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन युवाओं को संकल्प दिलाएंगे। कहा गया कि युवा मोर्चा के पदाधिकारी अधिक से अधिक संख्या जुटाने में लगे हैं। घर-घर संपर्क किया जा रहा है। इसके लिए मंडलों में बैठक भी हुई है। प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि बिहार के सह प्रभारी सांसद सीआर पाटिल और उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी से सम्मेलन में आने का आग्रह किया गया है। कहा गया कि पांच को युवा मोर्चा का एक रथ रवाना होगा जो जिले के सभी मंडलों में भ्रमण करेगा। जिला अध्यक्ष रोहित ने कहा कि विपक्ष युवाओं को दिग्भ्रमित कर रहा है। जातिवाद के नाम पर गुमराह किया जा रहा है। कहा कि सवर्ण सेना का विरोध कांग्रेस सहित विपक्ष की साजिश है। प्रदेश मंत्री बंटी ने कहा कि जिला स्कूल में मंच और पंडाल बन रहा है। अभिनव ने कहा कि सफलता के लिए आयोजन समिति का गठन किया गया है। इसमें सभी पूर्व सांसद और पूर्व विधायक को शामिल किया गया है।