अररिया व किशनगंज में बोले CM नीतीश: जल-जीवन-हरियाली को ले जागरूक होने की जरूरत
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को जल-जीवन-हरियाली यात्रा के तहत अररिया व किशनगंज में थे। वहां उन्होंने क्या कहा जानिए इस खबर में।
अररिया/ किशनगंज [जागरण टीम]। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने सोमवार को कहा कि भूजल में आई गिरावट चिंता का विषय है। कुदरत ने हमें आगाह किया है और इसके बाद जल-जीवन-हरियाली (Water, Life, Greenery) को लेकर हम सबको जागरूक होने की जरूरत है।
आठ से 15 फीसद हुआ वन क्षेत्र
मुख्यमंत्री ने अररिया कॉलेज के स्टेडियम में एक सभा को संबोधित करने के अलावा किशनगंज में जल-जीवन-हरियाली योजना से संबंधित कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि जब वे बिहार के मुख्यमंत्री बने तब बिहार में जंगल आठ प्रतिशत ही था। उन्होंने पौधारोपण करवाया और आज बिहार में 15 फीसद वन क्षेत्र हैं।
सघन पौधारोपण अभियान जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सघन पौधारोपण अभियान चलाना जरूरी है। पानी व बिजली को बचाना भी जरूरी है। एक लाख पुराने तालाबों व तीन लाख कुओं को चिह्नित कर उनका जीर्णोद्धार किया जा रहा है। बंद पड़े चापानलों को भी चालू किया जा रहा है। चुनाव से पूर्व सभी घरों में नल का जल हर हाल में पहुंच जाएगा।
कुओं व चापाकलों का करें प्रयोग
उन्होंने लोगों को कुओं व चापाकलों का भी प्रयोग करने की सलाह देते हुए कहा कि इनके समीप सोख्ता का निर्माण करवाया जाएगा। कहा कि सभी सरकारी भवनों में वर्षा के जल को संरक्षित किया जाएगा। उन्होंने बिजली के लिए सौर ऊर्जा का प्रयोग करने की भी सलाह दी।
19 को बनाई जाएगी मानव कड़ी
मुख्यमंत्री ने मौसम की बेरुखी के बावजूद ठंड की परवाह नहीं कर पहुंचे लोगों को आने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस बार उन्होंने 19 जनवरी को 16 हजार किलोमीटर लंबी मानव कड़ी बनाने का लक्ष्य रखा है।
478 योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने मंच से 478 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास रिमोट के जरिये किया। 157.26 करोड़ की लागत से 110 योजनाओं का उद्घाटन एवं 570.67 करोड़ की लागत से 368 योजनाओं का शिलान्यास किया गया। साथ ही, मुख्यमंत्री परिवहन योजना के तहत दो ऑटो ड्राइवरों को चाबी सौंपी। इससे पूर्व उन्होंने रजोखर के हयातपुर में राजापोखर के हुए जीर्णोद्धार का जायजा लिया और मछली के बीज को तालाब में डाला। उन्होंने वहां राजीव गांधी सेवा केंद्र (मनरेगा) भवन का उद्घाटन किया।
भातडाला पोखर के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण
इधर, किशनगंज में भातडाला पोखर के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण व आंगनबाड़ी केंद्र भवन के उद्घाटन पश्चात मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूर्णिया रवाना हुए। करीब 30 मिनट तक वे ठाकुरगंज में रुके। इस दौरान उन्होंने जल-जीवन-अभियान के तहत कराए गए पोखर व कुआं के जीर्णोद्धार, पार्क निर्माण के अवलोकन के अलावा विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का निरीक्षण किया।