Move to Jagran APP

CM ने दिया आश्वासन- नवगछिया में बनाएंगे पूर्ण जिला, जदयू ने जताई खुशी

मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने वीडियो कॉफ्रेंसिंग कर बांका भागलपुर और नवगछिया के जदयू कार्यकर्ताओं ने मंत्रणा की। उन्‍होंने राज्‍य सरकार की गतिविधियों से अवगत कराया।

By Dilip ShuklaEdited By: Published: Thu, 11 Jun 2020 08:59 AM (IST)Updated: Thu, 11 Jun 2020 08:59 AM (IST)
CM ने दिया आश्वासन- नवगछिया में बनाएंगे पूर्ण जिला, जदयू ने जताई खुशी
CM ने दिया आश्वासन- नवगछिया में बनाएंगे पूर्ण जिला, जदयू ने जताई खुशी

भागलपुर, जेएनएन। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से नवगछिया के सक्रिय जदयू कार्यकर्ताओं से बात की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि नवगछिया पुलिस जिला को जल्द ही पूर्ण जिला का दर्जा दिया जाएगा। यह जानकारी देते हुए नवगछिया के जदयू जिलाध्यक्ष विरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री से जुड़ कर जदयू कार्यकर्ताओं ने उनकी बातों को सुना। मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 साल भय बनाम 15 साल भरोसे की लड़ाई है। आम जनता के बीच 15 साल के जंगलराज और उसके बाद 15 साल के विकास कार्यों को पहुंचाने का काम करें। हमने हर क्षेत्र में काम किया है। इसलिए हमें अपने विकास कार्यो के मुद्दे पर ही जनता के बीच जाना है। सभी कार्यकर्ता अनावश्यक रूप से किसी वाद-विवाद में पडऩे के बजाय आम जनता के बीच हमारे काम को बताएं। नवगछिया क्षेत्र में भी हमने बहुत सारे काम किए हैं। बहुत जल्द नवगछिया को राजस्व जिला का दर्जा दिया जाएगा। विक्रमशिला सेतु के समानांतर फोरलेन पुल का कार्य भी जल्द शुरू होगा। सीएम ने कहा कि कोरोना के खिलाफ हमने मजबूती से लड़ाई लड़ी। बिहार की जनता ने भरपूर साथ दिया है। बिहार के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। कोरोना से अभी और सतर्क रहने की जरूरत है।

loksabha election banner

सीएम ने वोट की नहीं, काम को लेकर चिंता की

मुख्यमंत्री ने भागलपुर और बांका के जदयू कार्यकर्ताओं और संगठन के पदाधिकारियों के साथ वर्चुअल संवाद के दौरान कहा कि सरकार ने 15 वर्षों में जो कार्य किए हैं, उनकी जानकारी कार्यकर्ता जनता तक पहुंचाएं। अपनी 90 फीसद ऊर्जा जानकारी पहुंचाने में लगाएं और 10 फीसद ऊर्जा जवाब देने में। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को ह्वाट्सएप ग्रुप से जोड़कर उन्हें जानकारी देने को कहा। सरकार के काम की जानकारी फेसबुक पर भी शेयर करने की बात उन्होंने कार्यकर्ताओं से कही। लोगों को बताएं कि 15 वर्षों में पति-पत्नी की सरकार ने क्या किया और हमने 15 वर्षों में क्या किया। उन्होंने लालू प्रसाद का नाम लिए बगैर कहा कि अगर काम करते तो रांची के जेल में नहीं होते। कुछ तो किया होगा, तभी तो वह अभी जेल में हैं। भागलपुर दंगा की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने फिर से जांच करवाई। दोषियों को सजा दिलाई गई। पीडि़तों को पेंशन दी गई। उन्होंने सबौर कृषि विश्वविद्यालय की चर्चा करते हुए कहा कि हमने पूसा विश्वविद्यालय को केंद्रीय विवि का दर्जा दिलाने का काम किया। इसके बाद सबौर कृषि कॉलेज को विवि का दर्जा दिया गया। उन्होंने कहा कि हम जनता की सेवा को धर्म समझते हैं। वोट की चिंता किए बगैर काम करते हैं। लक्ष्य तय करते हैं और काम करते हैं। सरकार बापू के सपनों को साकार कर रही है। बापू का सपना शराबबंदी का था। 2015 में हमने महिलाओं को शराबबंदी का वचन दिया और उसे पूरा किया। दहेज प्रथा सहित सात सामाजिक बुराइयों को हटाने का काम किया। हर घर को लाभ पहुंचाने का काम किया गया है। सड़क, पुल-पुलिया का तेजी से काम चल रहा है। जल-जीवन-हरियाली का काम तेजी से हो रहा है। सात निश्चय योजना के तहत भागलपुर के 2736 व बांका के 2137 छात्रों को चार लाख रुपये दिए गए हैं। स्वयं सहायता भत्ता के तहत भागलपुर के 8225 व बांका के 7850 युवक-युवतियों को एक-एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं। कुशल युवा कार्यक्रम के तहत भागलपुर के 27566 व बांका के 13978 लोगों को कंप्यूटर, संवाद कौशल, अंग्रेजी बोलने का प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को प्रेम, भाईचारा और सद्भावना के साथ काम करने को कहा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग झगड़ा लगाने के काम में लगे हैं, लेकिन हम प्रेम व भाईचारा के साथ लोगों को जोड़ेंगे। वर्चुअल संवाद में जलसंसाधन मंत्री संजय झा ने भी हिस्सा लिया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.