Move to Jagran APP

जानिए... हवाई सेवा, महापौर चुनाव, शहर का क्षेत्रफल और स्मार्ट सिटी पर क्या बोले मंत्री Bhagalpur News

नगर विकास एवं आवास मंत्री सुरेश शर्मा ने भागलपुर में हवाई सेवा शुरू करने की उम्‍मीद जताई। महापौर चुनाव को लेकर भी उन्‍होंने कहा। स्‍मार्ट सिटी की भी चर्चा की।

By Dilip ShuklaEdited By: Published: Sun, 22 Sep 2019 11:08 AM (IST)Updated: Sun, 22 Sep 2019 11:08 AM (IST)
जानिए... हवाई सेवा, महापौर चुनाव, शहर का क्षेत्रफल और स्मार्ट सिटी पर क्या बोले मंत्री Bhagalpur News
जानिए... हवाई सेवा, महापौर चुनाव, शहर का क्षेत्रफल और स्मार्ट सिटी पर क्या बोले मंत्री Bhagalpur News

भागलपुर [जेएनएन]। एक बार फिर भागलपुर से हवाई सेवा शुरू होने की उम्मीद जगी है। शहर एक होटल में शहरवासियों को संबोधित करते हुए नगर विकास एवं आवास मंत्री सुरेश शर्मा ने कहा कि जल्द ही यहां से घरेलू हवाई सेवा शुरू की जाएगी। नगर विकास विभाग को उड्डयन जिम्मा मिलने वाला है। सरकार स्तर पर इसका अंतिम निर्णय लेना बाकी है। इसके बाद घरेलू विमान से 700 से 1000 किलोमीटर का सफर 2500 रुपये तक में कराया जाएगा। भागलपुर में छोटे विमानों की सेवा शुरू की जाएगी। इससे शहर के विकास में चार चांद लगेगा। वर्तमान में राज्य के उड्डयन का जिम्मा केंद्र सरकार के पास है।

loksabha election banner

शहर का बढ़ेगा दायरा होगा विकास

मंत्री ने कहा कि भागलपुर शहर का क्षेत्रफल बढ़ गया है। वर्ष 2040 को ध्यान में रखते हुए नगर विकास विभाग से शहर का मास्टर प्लान बनाने की स्वीकृति मिल गई है। साथ ही कैबिनेट ने भी इस प्रस्ताव को पास कर दिया है। अयोजना क्षेत्र में 111 राजस्व गांवों को शामिल किया गया है। इसमें नाथनगर, सबौर, जगदीशपुर प्रखंडों को शामिल किया गया है। यहां शहर की तर्ज पर विकास कार्य होगा। मंत्री ने कहा, नए शहर को बसाया जाएगा। यहां आने वाले दिनों में कार्य होगा।

तृतीय संवर्ग के कर्मचारियों का निकाय स्तर होगा तबादला

कार्यालय व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से सरकार अब बड़े कदम उठाने वाली है। नगर निगम में कार्यरत तृतीय संवर्ग के कर्मचारियों का निकाय स्तर पर तबादला होगा। इस प्रस्ताव को कैबिनेट में भेजा जाएगा।

मेयर का सीधा होगा चुनाव

नगर निगम में दो साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद मेयर को हटाने की मुहिम शुरू होती है। जिससे विकास कार्य भी प्रभावित होता है। मेयर को हटाने के लिए पार्षदों के बीच आए दिन हार्श राइडिंग की शिकायत मिलती रहती है। पार्षदों द्वारा मेयर का चयन करने की व्यवस्था को समाप्त किया जाएगा। मेयर के पद का सीधा चुनाव जनता करेगी। इस प्रस्ताव को स्वीकृति के लिए कैबिनेट में रखा जाएगा। सारे एजेंडे तैयार कर लिए गए है।

तकनीकी रुप से सबल होगा निगम

नगर निगम में अभियंताओं की कमी नहीं होगी। इसके लिए विभाग कनीय अभियंता और सहायक अभियंता की बहाली निकाल रही है। शीघ्र ही बहाली के लिए विज्ञापन भी निकाला जाएगा।

कूड़ा अभिशाप नहीं बनेगा वरदान

शहर का कूड़ा अभिशाप नहीं बल्कि वरदान बनेगा। मंत्री ने कहा कि विभाग कूड़े की उपयोगिता और इससे आमदनी की योजना बना रही। रसायनिक खाद से तैयार उत्पाद खाने से लोग बीमार हो रहे हैं। गीला कूड़ा से जैविक खाद बनाया जाएगा। खाद तैयार होने के बाद किसानों को सस्ते दरों पर दी जाएगी। कूड़ा डंपिंग ग्राउंड में प्लास्टिक मेटेरियल अलग कर सड़क निर्माण सामग्री तैयार की जाएगी। मंत्री ने मच्छरों से निपटने के लिए फॉगिंग और छिड़काव कराने के निर्देश दिया।

जलापूर्ति योजना के कार्य अक्टूबर से होगा शुरू

शहर में जलापूर्ति योजना का कार्य पैन इंडिया को टर्मिनेट करने के बाद सात माह से बंद है। मंत्री सुरेश शर्मा ने आश्वास्त किया कि अक्टूबर में जलापूर्ति योजना का कार्य शुरू होगा। डिप्टी मेयर राजेश वर्मा ने शहर के जरुरत के अनुसार डीप बोङ्क्षरग की मांग रखी। मंत्री ने कहा पटना से तकनीकी टीम और बुडको के अभियंता को भेजा जाएगा।

दिसंबर में होगी निविदा, मार्च में शुरू होगा कार्य

सभी की सहभागिता से भागलपुर का चयन बिहार में पहले स्मार्ट सिटी के रूप में हुआ। कार्यो की धीमी गति को लेकर विभागीय बैठक में तत्कालीन नगर आयुक्त (श्याम बिहारी मीणा) को बार-बार समझाया गया। नहीं समझे तो जाना पड़ा। शहर में 1309 करोड़ की लागत से स्मार्ट सिटी का कार्य होगा। इसमें 382 करोड़ रुपये दो वर्ष पहले उपलब्ध करा दिए गए हैं। अब तक 13.67 करोड़ ही खर्च हुए। मंत्री ने बताया कि हर हाल में दिसंबर तक निविदा निकाली जाएगी। मार्च में धरातल पर कार्य शुरू करने का लक्ष्य दिया गया है। जो अधिकारी या कर्मी काम नहीं करेंगे नपेंगे। इसके बाद भी कार्य नहीं किया तो इस्तीफा देने को तैयार रहें। स्मार्ट सिटी के परामर्शदात्री समिति में डिप्टी मेयर को शामिल किया जाएगा। बैठक में इसे बुलाने का निर्देश दिया जा चुका है। इस समिति के प्रस्ताव को बोर्ड को अमल करना है। इसके अनुमित के बिना प्रोजेक्ट को रद किया जाएगा। शनिवार को नगर निगम में समीक्षा बैठक में स्मार्ट सिटी से काम छोड़कर जाने वाले कर्मियों की जानकारी ली जाएगी। इसके पूर्व सीजीएम को कार्यो में विलंब को लेकर फटकार भी लगाई गई। सर्किट हाउस में मेयर, डिप्टी मेयर और जिला परिषद अध्यक्ष अनंत कुमार और भाजपा नेता अर्जित शास्वत चौबे ने मंत्री को बुके देकर स्वागत किया।

स्मार्ट सिटी को मिला सीएफओ, विभाग लेगी सीईओ का निर्णय

स्मार्ट सिटी भागलपुर लिमिटेड को तीन वर्ष के बाद स्वतंत्र मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी (सीईओ) मिल गया है। सीईओ के पद के लिए दो अभ्यर्थियों के चयन का रोस्टर तैयार किया गया है। ताकि एक अभ्यर्थी के योगदान नहीं देने पर दूसरे का अवसर दिया जा सके। सीईओ के रोस्टर में पहले पायदान पर सुनील कुमार और दूसरे स्थान पर टीके चौधरी हैं।

सीजीएम ब्रजेश कुमार ने बताया कि सीईओ के नामों का अनुमोदन नगर विकास विभाग और केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय को भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद सीईओ योगदान देंगे। सीएफओ के पद पर प्रकाश कुमार का चयन किया गया। मैनेजर टेक्नीकल के आभाष रंजन, अकाउंटेंट के लिए निगम मिश्रा, ऑफिस एग्जीक्यूटीव के लिए मु. शफाक, कंप्यूटर ऑपरेटर के लिए अभिमन्यु कुमार, निशांत कुमार, तस्कीम फातमा, स्टोनो के पद पर अखिलेश का चयन किया गया। इन सभी को नियुक्त पत्र भेजा जा रहा है। 30 दिनों में योगदान देने का निर्देश दिया गया है। शेष 13 पदों को अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में बहाली केंद्र सरकार से मान्यता प्राप्त एचआर एजेंसी ग्रोथ मोड से किया जाएगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.