अपराधियों ने घर पर किया हमला, पिता-पुत्र सहित चार जख्मी
जमुई में जमीन विवाद हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया है। मामला अदालत में है। इसी दौरान गवाही देने को लेकर हुए विवाद में अपराधियों ने एक घर पर हमला कर दिया।
जमुई, जेएनएन। लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के चौडीहा मंगरार गांव में शनिवार देर रात दबंगों ने एक घर में घुसकर तांडव मचाया। लाठी-तलवार और गोलियां चलाकर किए गए हमले में एक ही परिवार के चार लोग जख्मी हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर है। जमीन विवाद को लेकर अदालत में गवाही देने के खिलाफ इस घटना को अंजाम दिया गया।
संतोषी यादव ने बताया कि पिछले दो वर्षों से गांव के वीरेंद्र यादव और चंदन यादव के बीच जमीन विवाद चल रहा है। वीरेंद्र यादव के पक्ष में संतोषी ने अदालत में गवाही दी थी। इसी बात से नाराज चंदन यादव, अधिक यादव, बालेश्वर यादव, तपेश्वर यादव, शंकर यादव, रामदेव यादव, ब्रह्मदेव यादव, कांग्रेस यादव, मनोज यादव, अंतु यादव, भोपाल यादव, लोरिक यादव, पतिरका यादव, उल्लू यादव तथा पंकज यादव ने देर रात हरवे-हथियारों से लैस होकर उनके घर पर हमला कर दिया।
इस घटना में संतोषी यादव, उनके पुत्र मुकेश यादव, मिथिलेश यादव व आनंदी यादव घायल हुए हैं। स्वजनों द्वारा सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। संतोषी यादव एवं आनंदी यादव की गंभीर स्थिति को देख इन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल में पुलिस ने घायलों का फर्द बयान लिया है। इधर, दूसरे पक्ष से बालेश्वर यादव द्वारा थाने में आवेदन देकर संतोषी यादव तथा अन्य लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया गया है। थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है।