जन्मदिन मनाने का अनूठा तरीका; बच्चों की भेंट, हरियाली को 'केक' Bhagalpur News
बच्चों को उनके अभिभावक जन्मदिन मनाने के लिए जो पैसे देते हैं उसे वे पौधारोपण पर खर्च कर रहे हैं। वे पौधे खरीदते हैं और स्कूल व आसपास के क्षेत्रों में लगा देते हैं।
भागलपुर [रजनीश]। इसे पर्यावरण के प्रति अद्भुत जागरूकता ही कहेंगे कि बच्चे जन्मदिन का केक हरियाली को भेंट कर रहे हैं। जिले के करीब दो सौ स्कूलों के बच्चे केक के पैसे से हरियाली लाने की मुहिम चला रहे हैं।
बच्चों को उनके अभिभावक जन्मदिन मनाने के लिए जो पैसे देते हैं, उसे वे पौधारोपण पर खर्च कर रहे हैं। वे पौधे खरीदते हैं और स्कूल व आसपास के क्षेत्रों में लगा देते हैं। अपने जन्मदिन पर साथियों से उसके संरक्षण का वायदा भी लेते हैं। बच्चों की इस पहल की काफी प्रशंसा हो रही है।
आर्यन मिशन ग्लोबल स्कूल में पढऩे वाले अमन राज ने सबसे पहले इसकी पहल की। उसने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग के बारे में पढ़ते-सुनते रहते हैं, तो मन में पौधारोपण का ख्याल आया। उसके माता-पिता ने जन्मदिन के लिए एक हजार रुपये दिए तो उसने इसे स्कूल में जमा कर पौधे लगाने की बात कही। इस पर सब हैरत में पड़ गए। इसके बाद अन्य बच्चे भी इस अभियान से जुडऩे लगे। शिशु विकास निकेतन के शिवम, राजा कुमार, रिमझिम, सिंकी कुमारी, रॉकी कुमार ने भी घर से केक के मिले पैसे से पौधारोपण किया।
प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन, भागलपुर के मीडिया इंचार्ज सुनील कुमार ने कहा कि पर्यावरण की दिशा में बच्चों की यह पहल सराहनीय है। इसमें स्कूल प्रशासन, अभिभावक और किसानों का पूरा सहयोग मिल रहा है। जिले में दो लाख से ज्यादा पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। अभी तक 25 हजार से ज्यादा पौधे लगाए जा चुके हैं। बच्चे स्कूल परिसर और सड़क किनारे फलदार और छायादार पौधे लगा रहे हैं। वे छुट्टी के बाद इसमें नियमित पानी भी देते हैं। जिनकी जमीन पर पौधे लगाए गए हैं, वे किसान भी काफी सहयोग कर रहे हैं। बच्चों के चेहरे पर हरियाली लाने की खुशी देखते ही बनती है।