गांधी के वेश में बच्चों ने दिया शांति का संदेश
यस वी कैन डू के तत्वावधान में शनिवार को सैंडिस कंपाउंड में साढ़े चार हजार बच्चों गांधी के वेश में कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
भागलपुर । 'यस वी कैन डू' के तत्वावधान में शनिवार को सैंडिस कंपाउंड में साढ़े चार हजार बच्चों ने गांधी का वेश धारण कर शांति-सद्भाव का संदेश दिया।
कार्यक्रम के संयोजक और यूथ डेवलपमेंट कंसोरटियम के अध्यक्ष अर्जित शाश्वत चौबे ने कहा कि पहली बार इस तरह का आयोजन कर इसे गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में शामिल करने का दावा किया गया।
गांधी के वेश में पहुंचे बच्चों ने विशाल शांति चिह्न बनाया, जिसे देखने लोग बड़ी संख्या में जुटे थे। गांधीजी की 150 वीं वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम का नाम 'मन में बापू' रखा गया था। एक साथ दो रिकार्ड बनाने के लिए इसका आयोजन किया गया था। एक बच्चों द्वारा विशाल शांति चिह्न और दूसरा संख्या बल का। दूसरा रिकार्ड संख्या बल का था। निर्धारित समय में बच्चे उस परिधि में प्रवेश नहीं कर सके , इसलिए यह रिकार्ड नहीं बन सका। यह रिकार्ड अभी 4772 की संख्या था। इस आयोजन में संख्या 4500 ही रही। हालांकि अर्जित चौबे का दावा है कि कार्यक्रम में 6200 बच्चे आए थे। सभी का प्रवेश निर्धारित समय में हो जाता तो यह रिकार्ड भी बन जाता। कार्यक्रम की मॉनिटरिग गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड के लंदन स्थित मुख्यालय से की जा रही थी। गिनीज बुक के भी कुछ प्रतिनिधि कार्यक्रम की पूरी प्रक्रिया को देख रहे थे। आयोजक ने पूरे परिसर को ड्रोन कैमरा से कवर किया।
इससे पहले दो अक्टूबर 2018 को तेलगाना के नालगोंडा में सबसे अधिक 4,772 बच्चों ने गांधी की वेशभूषा में रिकार्ड बनाया था। इसे तोड़ने में भागलपुर के आयोजन में 272 बापू (बच्चे) कम पड़ गये। अर्जित ने कहा कि निर्धारित समय में साढ़े चार हजार बच्चे ही परिधि में खड़े हो सके। अब आगे दोबारा प्रयास किया जाएगा।
-------
स्वच्छ भारत स्वस्थ भारत बनेगा अपना देश : चौबे
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्रि्वनी कुमार चौबे ने कहा कि बापू ने अहिंसा व शाति का संदेश दिया था। उन्होंने लोगों को स्वच्छता और शांति के संदेश का संकल्प दिलाते हुए कहा कि अपना देश स्वस्थ और स्वच्छ बनेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं ने इस तरह का आयोजन कर देश-विदेश में भागलपुर का नाम रोशन किया है। उन्होंने लोगों से आज से चीनी, तेल, घी कम खाने की अपील की, ताकि उनका स्वास्थ्य बेहतर रह सके। मंत्री ने पर्वतारोही व पर्यावरणविद संतोष यादव को शैलपुत्री व अंग जनपद की बहू से संबोधित कर उनकी सराहना की।
---
देश की मजबूती में सबका हो योगदान : संतोष
पर्वतारोही संतोष यादव ने कहा कि देश को मजबूत करने में सभी का योगदान होना चाहिए। उन्होंने आवश्यकता अनुसार ही चीजों का उपयोग करने की सलाह दी। टूथ पेस्ट के बदले नीम के दातुन प्रयोग की अपील की। भोजन अधिक नहीं करने और अनावश्यक चीजों को त्यागने का आह्वान किया। सांसद अजय मंडल ने इस आयोजन के लिए अर्जित की सराहना की। धन्यवाद ज्ञापन यस वी कैन डू के करण शर्मा ने किया। कार्यक्रम में मेयर सीमा साहा, जिला परिषद अध्यक्ष अनंत कुमार उर्फ टुनटुन साह, नीता चौबे, इंजीनियरिग कॉलेज के अरविंद चौबे आदि समेत कई गण्यमान्यों ने शिरकत की।