स्वच्छता, पवित्रता, श्रद्धा और समर्पण का महापर्व छठ संपन्न
लोक आस्था का महापर्व छठ बुधवार को संपन्न हो गया। भागलपुर के दर्जनों घाटों पर लाखों लोगों ने भगवान सूर्य को अर्ध्य दिया।
भागलपुर। स्वच्छता, पवित्रता, श्रद्धा और समर्पण का महापर्व छठ बुधवार को संपन्न हो गया। छठ के चौथे दिन उगते सूर्य को अर्ध्य दिया गया। सुबह 3.30 बजे से ही श्रद्धालु सूप डलिया लेकर स्थान छेकने के लिए गंगा तट पर जुटने लगे। साढ़े चार बजते-बजते गंगा तट लोगों से भर गया।
हर और भक्ति का माहौल
पर्व को लेकर पूरे भागलपुर में भक्ति व उत्साह का माहौल चरम पर था। नदियों व तालाबों के घाट सजे-धजे रहे। श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए सड़कें भी साफ-सुथरी दिखीं। महापर्व के अंतिम दिन सुबह के अर्घ्य के लिए घाटों पर जन-सैलाब उमड़त पड़ा। इसके पहले मंगलवार को छठ के सायंकालीन अर्ध्य के दौरान भी ऐसा ही नजारा था।
गंगा तट पर हुई पूजा
भागलपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्र के अलावा कहलगाव, सुल्तानगंज, नवगछिया में धूम-धाम में छठ पर्व मनाया गया। भागलपुर के बरारी घाट, पुल घाट, सीढ़ी घाट, एसएम कॉलेज घाट, आदमपुर चौक घाट, खिरनी घाट, कोयला घाट, गोलाघाट, छावनी कोठी घाट, मुसहरी घाट, बूढ़ानाथ घाट, चंपानगर घाट के अलावा दर्जनों स्थानों पर अर्ध्य दान किया गया।
वहीं सुल्तानगंज और कहलगाव का बहुत बड़ा क्षेत्र गंगा तट पर स्थित है। लिहाजा वहा भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर पहुंच भगवान सूर्य की पूजा की। कहलगाव में बटेश्वर स्थान और सुल्तानगंज में अजगबी नाथ घाटों पर भी श्रद्धालु उमड़े थे। नवगछिया का दियारा क्षेत्र के लोगों ने भी गंगा किनारे पूजा की। कोसी नदी तट पर पूजा की गई। जिले के कुछ भागों में चादन और अंधरी नदियों में छठ पूजा की गई।
सुबह तीन बजे से ही पहुंचने लगे घाटों पर
बुधवार सुबह तीन बजे से ही श्रद्धालु सूप, डलिया और प्रसाद सामग्री लेकर गंगा तट की ओर प्रस्थान करने लगे थे। भगवान सूर्य के उदय होने के साथ ही सभी ने अर्ध्य देना शुरू किया।
छत और आंगन में भी हुई पूजा
कई जगह तो घर के छत, आगन, स्कूल के मैदान, मंदिर परिसर, सार्वजनिक जगहों पर और खाली मैदान में गढ्डा खोदकर पोखर बनाया गया। इसके बाद वहा जल डालकर व्रतियों ने पूजा अर्चना की। श्रद्धालुओं ने अर्ध्य दान किया।
स्वयंसेवी संस्थाओं ने की सेवा
इस दौरान गंगा घाट के अलावा विभिन्न जल स्त्रोत स्थलों पर छठ पूजा समिति के कार्यकर्ता श्रद्धालुओं और छठ व्रतियों का सहयोग कर रहे थे। ध्वनि विस्तारक यंत्र की सहायता से सूचनाओं का प्रसारण भी किया जा रहा था।
आकाशवाणी से हुआ सीधा प्रसारण
बरारी पुल घाट पर आकाशवाणी भागलपुर की ओर से छठ व्रत का आखों देखा हाल प्रसारित किया जा रहा था। इस दौरान आकाशवाणी भागलपुर के वरीय उद्घोषक डॉ. विजय कुमार मिश्र अपने अन्य सहयोगियों के साथ कमेंट्री कर रहे थे। जिसका सीधा प्रसारण आकाशवाणी भागलपुर सहित पटना, राची, दरभंगा और पश्चिम बंगाल कुछ केंद्रों से किया गया।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
भागलपुर के गंगा घाटों पर बैरिकेडिंग कर सुरक्षा की व्यवस्था की गई थी। पुलिस व एनडीआरएफ-एसडीआरएफ की सतर्कता के कारण हादसे नहीं हुए। अनहोनी को रोकने के लिए जगह-जगह नौकाओं के साथ एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीमें बुधवार सुबह तक तैनात की गईं थीं। सड़कों से लेकर घाटों तक दंडाधिकारी व पुलिसकर्मी तैनात रहे। एसएसपी आशीष भारती ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल रखी थी।