चार लोकसभा क्षेत्रों के छह हजार कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देने आएंगे भाजपा के कई दिग्गज
भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व ने राज्य में चार-चार लोकसभा क्षेत्रों को मिलाकर कुल दस आयोजन करने की योजना तैयार की है। भाजपा के नेताओं ने मिशन 40 का लक्ष्य निर्धारित किया है।
भागलपुर [जेएनएन]। भागलपुर में लोकसभा चुनाव के पूर्व 25 जनवरी को भाजपा की बड़ी तैयारी है। यहां मुंगेर, जमुई, बांका और भागलपुर लोकसभा क्षेत्र के शक्ति केंद्र स्तर के पदाधिकारियों का सम्मेलन होगा। इस सम्मेलन में भागलपुर लोकसभा क्षेत्र के बूथ टोली से जुड़े 'प्रमुखों' को भी बुलाया गया है। सम्मेलन में करीब छह हजार की संख्या रहेगी और मार्गदर्शन के लिए केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी सहित संगठन महामंत्री भूपेंद्र यादव और प्रदेश टीम से नित्यानंद राय, सुशील कुमार मोदी तथा नंद किशोर यादव के आने की संभावना है।
भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व ने राज्य में चार-चार लोकसभा क्षेत्रों को मिलाकर कुल दस आयोजन करने की योजना तैयार की है। इसी कड़ी में पड़ोसी जिले गोड्डा में 19 जनवरी को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह शक्ति केंद्र प्रभारियों के सम्मेलन को संबोधित करने आ रहे हैं। भाजपा के नेताओं ने मिशन 40 का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसी कड़ी में एनडीए को मजबूत करने की दृष्टि से सम्मेलन हो रहा है।
हालांकि गत चुनाव तक भाजपा ने जहां भागलपुर और बांका में अपने उम्मीदवार दिए थे वहीं जमुई और मुंगेर में लोजपा की प्रत्याशी की जीत हुई थी। इस सम्मेलन में शक्ति केंद्र के प्रभारी, सह प्रभारी, प्रमुख और सह प्रमुख स्तर के कार्यकर्ता चारों लोकसभा क्षेत्रों से आएंगे। भागलपुर में सम्मेलन का आयोजन होने से यहां बूथ टोली के अध्यक्ष, महामंत्री, प्रभारी और बीएलए-टू को बुलाया गया है।
लोकसभा चुनाव से पूर्व भाजपा की यह ग्रास रूट के कार्यकर्ताओं का सम्मेलन कहा जा रहा है। छह माह पूर्व पटना में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह बिहार के शक्ति केंद्र प्रभारियों के सम्मेलन को संबोधित कर चुके हैं। भाजपा नेताओं का मानना है कि सम्मेलन के माध्यम से कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की नींव डाली जाएगी।
जिला अध्यक्ष रोहित पांडेय ने बताया कि भाजपा यह मानती है कि चुनाव में विजय का आधार संगठन है। संगठन को मजबूत करने से ही सफलता मिलेगी। इसलिए शक्ति केंद्र और बूथ टोली के कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जा रहा है। जिले में पंचायत स्तर पर शक्ति केंद्र प्रभारी बनाए गए हैं। ये प्रभारी मतदाताओं के बीच सीधा संपर्क करेंगे। दिल्ली अधिवेशन में भागलपुर लोकसभा क्षेत्र से दर्जन भर से अधिक भाजपा के पदाधिकारी गए थे। 25 को शक्ति केंद्र प्रभारियों की बैठक रखी गई है।