विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर डा. आरएन सिंह के पैतृक गांव में जश्न, बोले-असाधारण व्यक्तित्व के धनी हैं VHP नेता
पद्मश्री डा. आरएन सिंह (डा. रविंद्र नारायण सिंह) के विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर उनके गांव सहरसा के गोलमा में जश्न का माहौल है। ग्रामीणों स्वजनों और उनके मित्रों ने कहा कि चिकित्सक जगत में ख्याति प्राप्त करने वाले डा. सिंह हिंदुवादी छवि के व्यक्ति हैं।
संवाद सूत्र, सहरसा। कामयाबी की शिखर पर पहुंचने के बावजूद लगातार पैतृक गांव से मजबूत रिश्ता रखने वाले डा. आरएन सिंह (डॉ रविंद्र नारायण सिंह) को विहिप का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की सूचना से गोलमा में जश्न सा माहौल है। अपने मिट्टी के लाल को विहिप का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर गांववालों में बेहद खुशी है। डा. आरएन सिंह के भाई प्रो. अरमनाथ सिंह, भतीजा उच्च न्यायालय के अधिवक्ता सतीश कुमार सिंह, गोलमा मेडिकल कालेज के व्यवस्थापक पंकज कुमार सिंह, कामेश्वर प्रसाद सिंह, ग्रामीण गोपाल सिंह, सतीश कुमार, विमलकांत झा, सदाशिव झा, योगेंद्र पासवान आदि का कहना है कि न्याय के देवता के रूप में विख्यात जिला जज स्व. राधाबल्लभ सिंह के सुयोग्य पुत्र ने पूरी दुनिया में अपने परिवार और गांव का नाम रोशन किया है। इनके कारण अब देश भर के लोग गोलमा को जानने लगे हैं।
ग्रामवासियों ने उनके दीर्घायु जीवन और उज्जवल भविष्य कर ईश्वर से कामना की है। ग्रामीणों ने कहा कि उन्हें पद्मश्री मिलने पर पूरा गांव झूम उठा था। अब उन्होंने लोगों को एक और खुशी का अवसर दिया है। उनके आगमन पर एकबार फिर इस मिट्टी के लाल का भव्य स्वागत किया जाएगा। लोगों व स्वजनों ने अबीर-गुलाल लगाकर खुशियां मनायी। ग्रामीण रंजीत सिंह, संतोष कुमार सिंह, कारी सिंह, हरिओम सिंह ने कहा कि यह गांव ही नहीं पूरे इलाके के लिए खुशी की बात है।
सहरसा बेंगहा बायपास रोड स्थित नयाबाजार वार्ड नंबर तीन के लोगों ने भी विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर डॉ आरएन सिंह को बधाई दी है। यहां भी जश्न मनाया गया। साथ ही डा सिंह के उज्जवल भविष्य की कामना की। कहा कि-विश्व हिंदू परिषद के कार्य के दौरान उनसे लगातार मिलना होता था। बधाई देने वालों में रविकांत द्विवेदी, कन्हैया कुमार द्विवेदी, संस्कार कुमार, निशांत वर्मा, दिलीप कुमार सिंह, रतन कुमार द्विवेदी, संजय वर्मा, कृष्णानंद गुप्ता, मोनिका कुमारी, वैभव कुमार सिंह, सुभाष सिंह सुमन, मनोज वर्मा, गुड्डू साह, राजेश त्रिपाठी और दीपक कुमार गुप्ता शामिल हैं।
सहरसा के शंकर चौक निवासी अनिल सिंह ने कहा कि डा. आरएन सिंह (डॉ रविंद्र नारायण सिंह) उनके अच्छे मित्र हैं। चिकित्सकीय क्षेत्र में उनका काफी नाम है। वे गरीबों के इलाज में काफी मदद करते हैं। हिंदुवादी छवि के कारण उनका काफी गहरा लगाव अनिल सिंह से रहा है। उन्होंने विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर डा आरएन सिंह को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
वहीं, भागलपुर में भी डा आरएन सिंह के विहिप के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर आरएसएस सहित उनके अनुशांगिक संगठन के कार्यकर्ताओं ने खुशी जताया है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनसे काफी बेहतर लगाव रहा है। वे बिहार में विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे थे।
यह भी पढ़ें - VHP: डा. आरएन सिंह ने कोसी की मिट्टी को फिर किया गौरवान्वित, विहिप ने बना दिया राष्ट्रीय अध्यक्ष