दुर्घटनाओं और क्राइम पर लगेगी ब्रेक, सुल्तानगंज शहर के चौक-चौराहों पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
दुर्घटनाओं और क्राइम पर नियंत्रण के लिए सुल्तानगंज शहर के चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके लिए नगर परिषद की ओर से कवायद शुरू कर दी गई है। पहले चरण में शहर के 35 स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
संवाद सूत्र, सुल्तानगंज। नगर क्षेत्र में क्राइम कंट्रोल, शराबबंदी कानून वीआइपी मूवमेंट, श्रावणी मेला में क्राउड मैनेजमेंट और आपराधिक घटनाओं पर रोकथाम के लिए जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसे लेकर, जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन के निर्देश पर नगर परिषद कार्यालय कक्ष में अंचलाधिकारी शंभू शरण राय की अध्यक्षता में स्थानीय पदाधिकारियों की मैराथन बैठक हुई। जिसमें कार्यपालक पदाधिकारी अभिनव कुमार, थाना अध्यक्ष लाल बहादुर समेत प्रोजेक्ट की मैनेजिंग टीम शामिल हुई।
बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि पूर्व में नगर परिषद की स्थाई समिति द्वारा इस प्रस्ताव को पास किया गया था। अब कमेटी भंग हो गई है इसलिए डीएम को प्रस्ताव गया था। कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि बैठक में नगर क्षेत्र के लिए जगह का चयन कर लिया गया है ।
मार्च के दूसरे हफ्ते तक शुरू हो सकता है कार्य
नगर क्षेत्र में 60 लाख की लागत से 35 जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। जेम पोर्टल के द्वारा निविदा निकाली जा चुकी है। जिसमें देशभर के नामचीन लोग अपना टेंडर डालेंगे। जिसके बाद वैश्विक स्तर की सुविधाओं से लैस सीसीटीवी कैमरे को नगरीय क्षेत्र में लगाना शुरू कर दिया जाएगा।
360 डिग्री विजन के लगेंगे चार कैमरे
कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि चार पीटीजी सीसीटीवी कैमरे होंगे। जिसका विजन 360 डिग्री पर होगा। इसके लिए जेपी पार्क, मुख्य चौक, कृष्णानंद स्टेडियम और नमामि गंगे घाट को चिह्नित किया गया है। इसके अलावा सभी मुख्य रोड और लिंक रोड को भी इससे जोड़ा जाएगा ताकि चप्पे-चप्पे की निगरानी की जा सके।
अत्याधुनिक फीचर से लैस होंगे कैमरे
कार्यपालक पदाधिकारी ने योजनाओं का प्रजेंटेशन भी दिखाया। उन्होंने बताया कि सारे कैमरे अत्याधुनिक सुविधाओं और फीचर्स से लैस होंगे। जिसमें नाइट विजन स्टार लाइट सिस्टम भी लगा हुआ रहेगा। पांच मेगापिक्सल के ये कैमरे अंधेरे में भी लोगों और गाडिय़ों के नंबर प्लेट को आराम से पहचान लेंगे। एक कैमरे का रेंज 300 फीट का होगा।
थाना परिसर में बनेगा नियंत्रण कक्ष नप कर्मी करेंगे संचालित
थाना परिसर में सीसीटीवी के लिए नियंत्रण कक्ष बनेगा। 24 घंटे सातों दिन यह काम करेगा। नगर के ट्रेंड कर्मियों को इसमें लगाया जाएगा ताकि सीसीटीवी की मानिटरिंग की जा सके। सीसीटीवी लगाने के बाद तीन साल तक कंपनी इसकी रखरखाव करेगी।
जिलाधिकारी के निर्देश पर बैठक कर कार्य योजनाओं को गति देने पर विचार विमर्श किया गया। सीसीटीवी के लिए स्थलों का चयन किया जा चुका है मार्च के दूसरे सप्ताह से कार्य शुरू होने की उम्मीद है। -अभिनव कुमार, नगर कार्यपालक पदाधिकारी, सुल्तानगंज