पैक्स चुनाव : कहलगांव में कई प्रत्याशियों के नामांकन रद, पीरपैंती और खरीक में भरे गए पर्चे Bhagalpur News
भागलपुर और नवगछिया क्षेत्र में पैक्स चुनाव की तैयारी शुरू हो गई है। प्रत्येक प्रखंडों में अलग-अलग तिथि को चुनाव होंगे। नामांकन भी चल हो गया है।
भागलपुर [जेएनएन]। भागलपुर और नवगछिया क्षेत्र में पैक्स चुनाव के लिए कहीं नामांकन हो रहा है तो कहीं नामांकन की तिथि घोषित की गई। जिला प्रशासन ने इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली है। पर्चा भरने के साथ ही सभी प्रत्याशी चुनावी समर में कूद गए हैं। इसके लिए अपने समर्थकों के साथ गोलबंदी प्रारंभ हो गई। कई जगहों पर नामांकन का दौर अभी जारी है। पैक्स चुनाव के लिए दौरान सुरक्षा के बेहतर इंतजाम किए गए हैं। कहीं-कहीं तो नामांकन समाप्त हो गया है।
कई के नामांकन रद
कहलगांव प्रखंड में हो रहे पैक्स चुनाव में उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों की जांच में लगमा पैक्स के अध्यक्ष पद के दो उम्मीदवारों नूतन देवी एवं उत्तम कुमार सिंह का नामांकन पत्र गलत फार्म भरने के कारण रद कर दिया गया। इस पैक्स में अध्यक्ष पद के लिए मात्र एक उम्मीदवार शंकर कुमार ङ्क्षसह ही बचे हैं। उनका नामांकन पत्र सही पाकर स्वीकार कर लिया गया है। मथुरापुर पैक्स के अध्यक्ष पद पर निर्वतमान अध्यक्ष शेखर कुमार एवं सभी सदस्य निर्विरोध चुने गए। यहां अन्य किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन नहीं किया था। प्रशस्तडीह एवं बीरबन्ना पैक्स में सिर्फ अध्यक्ष पद पर ही नामांकन करने के चलते इन दोनों पैक्सों का चुनाव स्थगित कर दिया गया है। जैतीपुर पैक्स में किसी भी पद पर किसी ने नामांकन नहीं किया था। यहां 13 पैक्सों में चुनाव होना था, जिसमें चार पैक्सों में चुनाव नहीं होगा। लगमा में अध्यक्ष पद पर भी चुनाव नहीं होगा। ओगरी, पक्कीसराय, जानमुहम्मदपुर, मोहनपुर गौघट्टा, महेशामुंडा, चन्नोपनखोरिया, कैरिया एवं जानीडीह पैक्स में अध्यक्ष एवं सदस्य पद पर चुनाव होगा। 4 दिसंबर तक नामांकन पत्र वापसी का समय है। 5 दिसंबर को चुनाव चिह्न आवंटन होगा। यह जानकारी निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ विजय कुमार सौरभ ने दी है।
पीरपैंती में अध्यक्ष पद पर 25 व सदस्य पद पर 80 उम्मीदवारों ने किया नामांकन
पीरपैंती प्रखंड में पैक्स चुनाव के नामांकन के दूसरे दिन अध्यक्ष पद पर परपैंती पैक्स के लिए मो. मुख्तार आलम, रिफायतपुर के लिए मीना देवी, रौशनपुर के लिए त्रिलोकी यादव, गोविंदपुर के लिए प्रभात कुमार, मोहनपुर के लिए गुरुदेव मंडल, बारा के लिए गोपाल कृष्ण मंडल, काली प्रसाद पैक्स के लिए फिदा हुसैन सहित अन्य पैक्सों के लिए कुल 25 उम्मीदवारों ने नामांकन किया है। विभिन्न पैक्सों के लिए सदस्य पद पर 80 उम्मीदवार ने नामांकन पत्र भरा है।
खरीक में अध्यक्ष पद के लिए चार और सदस्य के लिए 19 ने किया नामांकन
पैक्स चुनाव के लिए नामांकन का पर्चा भरने के दूसरे दिन खरीक प्रखंड में अलग-अलग पैक्स के अध्यक्ष पद के लिए चार और कार्यकारिणी सदस्य के लिए 19 लोगों ने नामांकन किया। यह जानकारी बीडीओ सुधीर कुमार ने दी। प्रखंड में तुलसीपुर, सिंहकुंड, भवनपुरा, खैरपुर काजीकोरैया, तेलघी व अठनिया पैक्स के अध्यक्ष व प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य पद के होने वाले चुनाव को लेकर मतदान 13 दिसंबर व मतगणना 14 दिसंबर को होगा। वहीं बीडीओ ने कहा कि हर हाल शांतिपूर्ण माहौल में चुनाव संपन्न होगा।