खगड़िया की 'Bullet Queen' : आधा दर्जन लोगों के साथ पहुंची दबंग महिला ने की फायरिंग, 10 साल की बच्ची को लगी गोली
खगड़िया की Bullet Queen - अभी तक बुलेट राजा चर्चा में रहे। अब बिहार के खगड़िया जिले की बुलेट रानी की चर्चा जोरों पर है। मामले में दबंग महिला ने फायरिंग कर दी। आधा दर्जन लोगों के साथ पहुंची महिला ने हाथ में पिस्टल ली और फिर ठांय-ठांय कर...
संवाद सूत्र, परबत्ता (खगड़िया): जिले के मड़ैया ओपी के अररिया गांव में तनाव की स्थिति व्याप्त है। दरअसल, यहां एक दबंग महिला ने फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया है। आधा दर्जन लोगों के साथ गांव पहुंची महिला ने गांव में धावा बोल दिया। स्थानीय लोगों के मुताबिक उसने हाथ में बंदूक ले रखी थी। कुछ देर बाद गाली-गलौज करते हुए महिला ने फायरिंग करनी शुरू कर दी। इस फायरिंग में एक गोली गांव की दस साल की बच्ची को जा लगी।
मामला रविवार देर शाम का बताया जा रहा है। इस मामले पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है। गांव की अवता देवी के बयान पर मड़ैया ओपी में केस दर्ज किया गया है। अवता देवी ने कहा कि उनकी 10 वर्षीय पुत्री निधि कुमारी बरामदे पर बैठी हुई थी तभी गांव की एक दबंग महिला रीना देवी आधे दर्जन अज्ञात लोगों के साथ पहुंची। इसके बाद रीना ने हमला बोल दिया। रीना ने फायरिंग करनी भी शुरू कर दी।
अवता देवी ने बताया कि महिला की चलाई गई गोली निधि के पैर में लगी है। इधर घटना के बाद से अररिया गांव में तनाव कायम है। पीड़ित स्वजन दहशत में हैं। ओपी प्रभारी विजय सहनी ने मामला दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि एक ज्ञात और आधे दर्जन अज्ञात लोगों के विरुद्ध एफआइआर दर्ज की गई है। आरोपित समेत अन्य की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी जारी है।
आरोपित रीडर और चौकीदार निलंबित
जागरण संवाददाता, खगड़िया: मृत्यु पूर्व की गई लिखित शिकायत को गुम करने के मामले में एसडीपीओ कार्यालय के रीडर सुधाकर मंडल और चौकीदार अनिल पासवान को निलंबित कर दिया गया है। एसपी अमितेश कुमार के आदेश पर दोनों के खिलाफ थाना में केस दर्ज कराया गया था। चौथम की राहत परवीन द्वारा मरने से पहले लिखित शिकायत की गई थी। जिसे उसके मरने बाद महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा था। इसे गंभीरता से लेते हुए दोनों को तत्काल प्रभाव से एसपी द्वारा निलंबित कर दिया गया।