बिहार सरकार के मंत्री ने कहा - जल, जीवन और हरियाली मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट Bhagalpur News
9 जनवरी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भुलनी पंचायत के चाड़ा बडग़ांव पंचायत सरकार भवन में होने वाली सभा में अधिक से अधिक लोगों के पहुंचने की मंत्री अशोक चौधरी ने अपील की।
भागलपुर, जेएनएन। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा प्रदेश में कई जनउपयोगी योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसमें जल, जीवन और हरियाली सीएम का ड्रीम प्रोजेक्ट है। इस मॉडल को पूरे देश में अपनाया जा रहा है। ये बातें भवन निर्माण मंत्री सह भागलपुर जिला के प्रभारी मंत्री अशोक चौधरी ने कहीं। वे शाहकुंड प्रखंड में जिला परिषद अध्यक्ष टुनटुन साह के आवास पर जदयू कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री को जल, जीवन और हरियाली की तब चिंता हुई जब दरभंगा जैसे जिले में वाटर लेवल काफी नीचे चला गया। वहां पर पीने की पानी की समस्या उत्पन्न हो गई। तब मुख्यमंत्री ने निर्णय लिया कि जब प्रकृति में हरियाली रहेगी तब जल की कमी नहीं होगी और जब जल रहेगा तभी जीवन बचेगा। इसलिए जल, जीवन और हरियाली से पर्यावरण को संतुलित करने के लिए महत्वाकांक्षी योजना बनाई गई।
उन्होंने 9 जनवरी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की शाहकुंड प्रखंड की भुलनी पंचायत के चाड़ा बडग़ांव पंचायत सरकार भवन में होने वाली सभा में अधिक से अधिक लोगों के पहुंचने की अपील की। मंत्री ने कहा कि सभा में कम से कम 25 हजार लोगों की उपस्थिति होगी।
वहीं राज्यसभा सदस्य कहकशां परवीन ने कहा कि जब बिहार और झारखंड में बंटवारा हुआ था उस समय बिहार में हरियाली मात्र 9 प्रतिशत थी लेकिन आज यह 15 प्रतिशत पहुंच गई है। इसे 17 प्रतिशत तक कैसे पहुंचाया जाए इसके लिए मुख्यमंत्री ने इस तरह का कार्यक्रम रखा है। इसलिए कार्यक्रम को हम कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री की सभा में मौजूदगी दर्शाकर उनको यह संदेश देना है कि हम लोग इस अभियान के लिए तन, मन और धन से जागरूक हैं। उन्होंने कहा कि 19 जनवरी को मानव शृंखला में भी सभी लोग मिलकर इसे मजबूती प्रदान करेंगे।
सभा को नाथनगर विधायक लक्ष्मीकांत मंडल, सुल्तानगंज विधायक सुबोध राय, मेयर सीमा साह, उप मेयर राजेश वर्मा, जदयू जिलाध्यक्ष डॉक्टर विजय सिंह, पूर्व जदयू जिला अध्यक्ष अर्जुन साह, जिला परिषद अध्यक्ष आनंद साह, प्रखंड प्रमुख रीना कुमारी, सुड्ड साई के अलावा दर्जनों लोगों ने संबोधन किया।