रक्तचाप और मधुमेह के मरीज तनाव से बचें, नहीं तो होगी बहुत परेशानी Bhagalpur news
उच्च रक्तचाप (बीपी) और मधुमेह के मरीजों को तनाव से बचना चाहिए। बीपी बढऩे से किडनी में रक्त का प्रवाह कम हो जाता है। इसका असर किडनी पर पड़ता है।
भागलपुर [जेएनएन]। दैनिक जागरण कार्यालय में लोकप्रिय कार्यक्रम हेलो डॉक्टर में जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल के मेडिसीन विभाग में पदस्थापित सह प्राध्यापक डॉ. राजकमल चौधरी पाठकों से मुखातिब हुए।
उन्होंने कहा कि उच्च रक्तचाप (बीपी) और मधुमेह के मरीजों को तनाव से बचना चाहिए। बीपी बढऩे से किडनी में रक्त का प्रवाह कम हो जाता है। इसका असर किडनी पर पड़ता है। ऐसे लोगों को डायलिसिस की आवश्यकता होती है। बदलते मौसम को लेकर उन्होंने कहा कि इस मौसम में सभी उम्र के लोग एलर्जी से प्रभावित होने लगते हैं। इससे बचने के लिए सावधानी बरतनी चाहिए। वही, डेंगू, डायरिया और टायफायड की संभावनाएं भी इस मौसम में बढ़ जाती हैं। डेंगू से बचाव के लिए मच्छरदानी का उपयोग करें। खुले में रखे भोजन को ग्रहण न करें। इससे टायफायड या डायरिया का खतरा बना रहता है। इस मौसम में सावधानी नहीं बरतने पर रक्तचाप का खतरा बढ़ जाता है। ठंड के मौसम में रक्तचाप के मरीज को सुबह नहीं टहलना चाहिए।
प्रश्न : एक सप्ताह से खांसी हो रही है, बलगम नहीं निकलता है। - अनिता गुप्ता
मौसम परिवर्तन की वजह से ऐसा हो रहा है। हल्का गर्म पानी से गार्गिल करें। ठंडा पानी नहीं पीएं।
प्रश्न : हाथ और पेट पर लाल दाने निकल गए हैं। खुजली होती है। - गणेश, इशाकचक
स्नान अच्छी तरह करें। चर्म रोग विशेषज्ञ से सलाह लें।
प्रश्न : पत्नी को एक सप्ताह से चक्कर आ रहा है। उल्टी भी हुई है। - चंदन सिंह, कहलगांव
उच्च रक्तचाप हो सकता है। इससे उल्टी करने की इच्छा या उल्टी होती है। चिकित्सक से उच्च रक्तचाप की जांच करवा लें।
प्रश्न : कंधे के पास अक्सर दर्द रहता है। मुझे गैस्टिक भी है। बैठते समय ज्यादा दर्द होता है। - धीरज ठाकुर, अकबरनगर
गर्दन की हड्डी का एक्सरे करवा लें। कब्जियत से गैस्टिक होता है। सुबह खाली पेट गैस की दवा खाएं।
प्रश्न : अक्सर छींक आती है और नाक बहता है। - उत्तम कुमार, सबौर
आपको धूप या धूल या धुआं से एलर्जी हो सकता है। एंटी एलर्जी दवा खाएं।
प्रश्न : हमेशा पेट में दर्द रहता है। भोजन करने के बाद गैस बनता है। - प्रियंका कुमारी, आदमपुर
गैस्टिक अथवा गॉल ब्लाडर में स्टोन रहने की वजह से भी पेट में दर्द होता है। डॉक्टर की सलाह पर अल्ट्रासाउंड या इंडोस्कोपिक करवा लें। रोग की जानकारी हो जाएगी।
प्रश्न : मां की उम्र 50 वर्ष है। खांसी के साथ ही बलगम भी निकलता है। - संजय साह, मिरजानहाट
टीबी हो सकता है। अस्पताल में एक्सरे करवा लें।
प्रश्न : शरीर में फोड़े निकल रहे हैं, खुजलाहट भी होती है। - देवाशीष, सिकंदरपुर
एलर्जी की वजह से ऐसा होता है। स्नान के बाद लोशन लगाएं, इसके साथ ही एंटी एलर्जिक दवा खाएं। अस्पताल के चर्म रोग विभाग में इलाज करवा लें।