एकपक्षीय कार्रवाई के विरोध में भाजपा का धरना कल
प्रशासन के एकपक्षीय कार्रवाई के विरोध में भारतीय जनता पार्टी 2
भागलपुर। प्रशासन के एकपक्षीय कार्रवाई के विरोध में भारतीय जनता पार्टी 28 मार्च को समाहरणालय में धरना देगी। यह जानकारी सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस में जिला अध्यक्ष रोहित पांडेय ने दी। मौके पर जिला उपाध्यक्ष अजय कानोडिया, दिलीप निराला, महामंत्री विजय कुशवाहा, मीडिया प्रभारी रोशन सिंह व भगवा क्रांति के संयोजक कुणाल सिंह थे। जिला अध्यक्ष ने कहा कि विरोधियों की साजिश को प्रशासन तूल दे रहा है। इसके खिलाफ लड़ाई लड़ी जाएगी।
पार्टी ने बूढ़ानाथ मंदिर में भगवा क्रांति की आरती को बंद कराने का विरोध किया है। कहा कि भगवा क्रांति की आरती कार्यक्रम को जानबूझकर रोका गया। रोहित ने कहा कि प्रशासन सही दिशा में कार्रवाई नहीं कर रही है। जो निर्दोष हैं उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट निकालने में तत्परता दिखाई जा रही है।
उन्होंने सवाल किया कि जिन लोगों ने जानमाल की क्षति किया है उनके खिलाफ कार्रवाई करने में प्रशासन उदासीन है। प्रशासन के सामने गोली चलाने, आम लोगों के साथ अभद्र व्यवहार करने जैसे कृत्य पर अपराध नहीं दिख रहा है। प्रशासन के अधिकारी भेदभाव कर रहे हैं। तानाशाही रवैया अपनाया जा रहा है। प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी के गार्ड प्रोफेसर पर थप्पड़ जड़ रहे हैं।
भगवा क्रांति के जागरण कार्यक्रम में आरती को जबरन बंद करा दिया गया। जब कि एक दिन पहले शाहकुंड थाने में देर रात तक सांस्कृतिक कार्यक्रम चला, उसे देखने वाला कोई नहीं था। आरती को जानबूझकर बंद कराकर प्रशासन माहौल खराब करना चाह रहा है। समाज में दरार पैदा करने की कोशिश की जा रही है। पार्टी ने कहा कि गलत रवैये पर विरोध होगा। प्रशासन सही दिशा में काम करे, नहीं तो उनके खिलाफ लड़ाई लड़ी जाएगी।