BJP : रोहित और विपुल के बाद अब प्रीति के नाम से बनी Facebook ID, आखिर क्या है इस फर्जीवाड़े का मकसद?
भागलपुर के भाजपा नेताओं का लगातार फर्जी फेसबुक आईडी बनाई जा रही है। इस मामले में अब नया नाम जिले की एक प्रमुख भाजपा नेत्री का जुड़ गया है। इन्होंने प्राथमिकी दर्ज कराई है।
भागलपुर [दिलीप कुमार शुक्ला]। भारतीय जनता पार्टी के भागलपुर जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय और जिला उपाध्यक्ष विपुल सिंह के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी की चर्चा अभी चल रही थी कि भाजपा की एक और नेत्री के नाम से नई आईडी ने जन्म ले लिया। नया मामला भाजपा नेत्री डॉ प्रीति शेखर का है। रोहित और विपुल की आईडी में उनके समर्थन में पोस्ट हैं और उन्हें विधानसभा के भावी उम्मीदवार के रूप में दर्शाया गया था। लेकिन डॉ प्रीति शेखर की आईडी इससे भिन्न है। फर्जी फेसबुक आईडी मामले में तीनों ने काफी रोष व्यक्त किया है। डॉ प्रीति ने इसकी प्राथमिकी भी दर्ज कराई है। जबकि रोहित पांडेय और विपुल सिंह ने कहा कि जिन्होंने यह कार्य किया गया है, वह अनुचित है, इसे क्षमा नहीं किया जा सकता। यहां बता दें कि तीनों आईडी के निर्माता ने संबंधित व्यक्ति को आईडी निर्माण की जानकारी नहीं दी है।
भागलपुर और सुल्तानगंज के भावी उम्मीदवार बताए गए
रोहित पांडेय के नाम से बनी 'भागलपुर मांगे रोहित पांडेय' फेसबुक आईडी के प्रोफाइल फोटो में उनकी तस्वीर है। Cover फोटो में भाजपा के कुछ नेताओं के साथ उनकी तस्वीर है।
भाजपा के जिला उपाध्यक्ष विपुल सिंह के नाम से 'सुल्तानगंज मांगे विपुल सरकार' नाम से फर्जी फेसबुक आईडी है। इस संबंध में रोहित पांडेय और विपुल सिंह ने कहा कि हालांकि दोनों आईडी में उनके समर्थन में ही लिखा हुआ है। लेकिन बिना अनुमति के फेसबुक आईडी बनाकर फ्रेंड रिक्यूएस्ट भेजना दुर्भाग्यपूर्ण है।
इसके अलावा एक और फेसबुक आईडी ने जन्म लिया है, जो 'सुल्तानगंज के लाल' नाम से है। इस आईडी के प्रोफाइल फोटो में अर्जित शाश्वत चौबे, विपुल सिंह और जिला परिषद अध्यक्ष अनंत प्रसाद उर्फ टुनटुन साह की तस्वीरें है। वहीं, Cover फोटो में टुनटुन साह और विपुल सिंह की तस्वीर है। जिसमें लिखा हुआ है अब नहीं चलेगा बाहर से नेता, आ रहा सुल्तानगंज का बेटा। यह आईडी भी फर्जी है।
Preety Shekher के नाम से भी बनी है आईडी
भागलपुर की भाजपा नेता डॉ प्रीति शेखर बताया कि पिछले तीन दिनों से उनके नाम की एक फर्जी फेसबुक आईडी से लगातार फ्रेंड रिक्यूएस्ट भेजा रहा था। कुछ ने उनके Friend Request को Accept भी किया। डॉ प्रीति ने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी कुछ महिलाओं ने उन्हें फोन कर दी। जिसमें उन्होंने कहा कि फेसबुक से मैसेज कर Whatsaap नंबर मांगा जा रहा है। वहीं, कुछ महिलाओं ने यह भी बताया कि मैसेज पर आपत्तिजनक बातें भी की जा रही है। यहां बता दें कि Preety Shekher नाम से इस फर्जी फेसबुक आईडी में उनकी ही प्रोफाइल फोटो लगाई गई है, जबकि Cover फोटो में उस तस्वीर का प्रयोग किया गया है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं डॉ प्रीति शेखर हैं। फर्जी फेसबुक आईडी में अन्य जानकारी भी डॉ प्रीति का ही है।
नाराज होकर प्रीति ने कराई प्राथमिकी
इस फर्जी फेसबुक आईडी की जानकारी डॉ प्रीति शेखर ने सबसे पहले अपने फेसबुक पर पोस्ट की। उसके बाद उन्होंने तातारपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। उन्होंने मांग की है कि शीघ्र ही इस फर्जीवाड़ा करने वालों का पता लगाया गया है। यह एक गंभीर अपराध है। वह भी तब जब एक महिला की आईडी बिना उसकी अनुमति का बनाया जाए और उससे अमर्यादित चैट किया जाए। उन्होंने इसे लोगों पर सख्ती बरतने और कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की।
जानें कौन हैं डॉ प्रीति शेखर
डॉ प्रीति शेखर भागलपुर की भाजपा नेत्री हैं
भाजपा की बिहार प्रदेश कार्यसमिति सदस्य
वार्ड नंबर 19 की पार्षद, भागलपुर नगर निगम, यह उनका तीसरा कार्यकाल है।
संयोजक, कैंप बिहार
सदस्य, जिला योजना समिति
पूर्व उप महापौर, भागलपुर नगर निगम