'BJP ने किया सभी वर्गों के लोगों को पार्टी से जोड़ने का आह्वान' Bhagalpur News
सदस्यता अभियान को लेकर भारतीय जनता पार्टी भागलपुर में पूरी तरह सक्रिय है। जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
भागलपुर [जेएनएन]। सरस्वती विद्या मंदिर गोशाला कहलगांव के प्रांगण में आयोजित भाजपा के कहलगांव विधानसभा क्षेत्र स्तरीय बैठक में चल रहे सदस्यता अभियान पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता कहलगांव मंडल अध्यक्ष प्रभाष सिंह एवं संचालन सुशांत कुमार ने की। बैठक में सभी मंडल अध्यक्ष, पदाधिकारी, बूथ विस्तारक, मंच, मोर्चा से जुड़े लोग थे। बैठक को भाजपा जिला अध्यक्ष रोहित पांडेय ने संबोधित करते हुए सभी सदस्यों को इस अभियान में लगने की बात कही। प्रदेश कार्य समिति सदस्य सह भाजपा के जिला प्रवक्ता पवन मिश्रा ने सभी वर्ग के लोगों को ज्यादा से ज्यादा संख्या में सदस्य बनाने के लिए अभियान चलाने की बात कही। जिला उपाध्यक्ष कन्हाई मंडल, लीना सिन्हा, बद्री प्रसाद मंडल, भरत साह, नीतू चौबे, रेशमा कुमारी, कृष्ण कुमार सिंह, बबलू खान, कर्नल दयानन्द, अभिमन्यु तांती, पवन तांती, कृष्ण रंजन आदि ने अपने विचार रखे। इस अवसर पर भागलपुर जिला के सह सदस्यता प्रभारी दिलीप निराला भी उपस्थित थे।
इसके अलावा पीरपैंती में भी जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय, जिला उपाध्यक्ष दिलीप निराला, जिला प्रवक्ता पवन मिश्रा सहित पार्टी के कई वरीय कार्यकर्ताओं ने वहां के स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान सदस्यता अभियान में अब तक हुए कार्यों की जानकारी ली गई। जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय ने सदस्यता अभियान के लिए निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए कार्यकर्ताओं को पूरे मनोयोग से इस अभियान में लगने का आह्वान किया।
पवन मिश्रा और गौतम कुमार को बधाई
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सह प्रवक्ता पवन मिश्रा को प्रदेश नेतृत्व ने सुल्तानगंज विधानसभा सदस्यता प्रभारी मनोनीत किया है। पवन मिश्रा के सदस्यता प्रभारी में मनोनयन पर क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। भाजयुमो के जिला प्रवक्ता कुमार श्रावण, भाजपा जिला उपाध्यक्ष गौरी शंकर मंडल, किसान युवा समिति के जिला संयोजक कन्हैया झा, मनोरंजन मिश्रा, मंडल अध्यक्ष हर्ष नाथ मिश्रा, सुजीत कुमार, गौतम सिन्हा, धर्मेंद्र चौधरी आदि ने पवन मिश्रा को मनोनयन पर बधाई दी है, पवन मिश्रा ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व में उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है उसका वह निष्ठापूर्वक निर्वाहन करेंगे। विधानसभा क्षेत्र में सदस्यता अभियान तेजी से चल रहा है। उनके द्वारा सदस्यता रथ के माध्यम से विधानसभा क्षेत्र में घूम-घूम कर युवाओं तथा बुद्धिजीवियों को पार्टी से जोड़ा जा रहा है है। वहीं, पवन मिश्रा के सदस्यता प्रभारी बनाये जाने पर अकबरनगर में पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत कर खुशी जाहिर करते हुए शुभकामनाएं दी। शुभकामना देने वाले भारतीय जनता पार्टी युवा किसान समिति भागलपुर जिला संयोजक सतीश कुमार उर्फ कन्हैया झा, युवा अध्यक्ष मनोरंजन मिश्रा, अनुसूचित मोर्चा मंडल अध्यक्ष लखनलाल पासवान, मंत्री लाला साह, शंकर पोद्दार, मुन्ना पोद्दार, सूरज कुमार, सक्सेना, संजीव साह समेत कई कार्यकर्ता शामिल हैं।
वहीं, भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री गौतम कुमार उर्फ बंटी यादव को नाथनगर विधानसभा क्षेत्र का सदस्यता प्रभारी बनाये जाने पर भारतीय जनता पार्टी के भागलपुर जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय, जिला सदस्यता प्रभारी विजय कुशवाहा, जिला सह सदस्यता प्रभारी दिलीप निराला, उपाध्यक्ष संतोष कुमार, प्यारे हिन्द आदि ने बधाई दी है। जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय ने कहा कि पवन मिश्रा और गौतम कुमार उर्फ बंटी यादव को सदस्यता प्रभारी बनाये जाने से सुल्तानगंज और नाथनगर क्षेत्र में संगठन काफी मजबूत होगा। ज्यादा से ज्यादा लोग भाजपा से जुड़ेंगे।