Bihar Assembly Elections 2020 : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पहुंचे कटिहार, बोले-NDA में कोई मतभेद नहीं
Bihar Assembly Elections 2020 भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस चुनावी अभियान के तहत कटिहार पहुंचे।
कटिहार, जेएनएन। Bihar Assembly Elections 2020 : महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा के बिहार चुनाव प्रभारी देवेंद्र फड़णवीस ने कहा कि बिहार के लोग प्रधानमंत्री पर पूर्ण भरोसा रखते हैं। सूबे के दौरे के क्रम में उन्हें यह एहसास हुआ कि यहां के लोग अपना भविष्य पीएम में देखते हैं और उनके प्रति अटूट विश्वास लोगों में कायम है। एनडीए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी और इस बार और बेहतर जीत बिहार में दर्ज करेगी।
श्री फडणवीस सोमवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. संजय जयसवाल के साथ कटिहार पहुंचे थे। पूर्वाहन लगभग 11 बजे नेता द्वय हेलीकाप्टर से शहर स्थिति बीएमपी सात के मैदान में उतरे और वहां से सीधे विस चुनाव को लेकर समृद्ध् िभवन में आयोजित पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक में पहुंचे। बंद सभागार में लगभग दो घंटे की बैठक के बाद उन्होंने पत्रकारों के साथ संक्षिप्त बातचीत की और फिर पूर्णिया के लिए रवाना हो गए। एक सवाल के जबाब में फडणवीस ने कहा कि राजग में सीटों के तालमेल को लेकर कोई अनबन नहीं हैं। राजग में शामिल कोई दल बाहर नहीं जा रहा है, बल्कि बाहर से कुछ दल इसमें आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि कटिहार भाजपा का गढ़ रहा है और कटिहार समेत पूरे बिहार में इस बार अच्छी जीत की समां बंध चुकी है।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष लखी महतो, सचेतक सह विधायक तारकिशोर प्रसाद, विधान पार्षद अशोक अग्रवाल, पूर्व केन्द्रीय मंत्री निखिल कुमार चौधरी, पूर्व विधायक विभाष चंद चौधरी, पूर्व विधान पार्षद राजवंशी सिंह, जिला प्रभारी प्रफुल्ल रंजन वर्मा, पूर्व अध्यक्ष मनोज राय, चंद्रभूषण ठाकुर सहित सभी विस क्षेत्र के प्रत्याशी, पालक सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
मुख्य बातें
- महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पहुंचे कटिहार
- कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक, कहा- सीटों को लेकर राजग में मतभेद नहीं
- बिहार का पीएम पर भरोसा, नीतीश के नेतृत्व में लड़ेंगे चुनाव