Bihar assembly elections 2020 : बोले शाहनवाज - सीमांचल में धार्मिक ध्रुवीकरण की हो रही कोशिश, जनता करेगी नाकाम
Bihar assembly elections 2020 किशनगंज पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने विपक्ष जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा और उसके सहयोगी दलों का मिशन 220 रखा गया है। बिहार में एनडीए की सरकार बनेगी।
किशनगंज, जेएनएन। Bihar assembly elections 2020 : विधानसभा चुनाव को लेकर सीमांचल में कुछ राजनीतिक दलों द्वारा धार्मिक ध्रुवीकरण की कोशिश शुरू कर दी गई है। ताकि जनता को गुमराह कर उनके वोट को उपने पक्ष में किया जा सके। सीमांचल के लोग सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों को समय आने पर इसका जवाब देगी। इस बार चुनाव में एनडीए गठबंधन की जीत शत प्रतिशत सीटों पर होगा। इस समय सूबे में विपक्ष चुनाव लड़ने की स्थिति में ही नही है।
एक दिवसीय दौरे पर किशनगंज पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने विपक्ष जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा और उसके सहयोगी दलों का मिशन 220 रखा गया है। इस मिशन का उद्देश्य सभी विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित कराना है। जनता का रुझान भी एनडीए के पक्ष में दिख रहा है। भाजपा हमेशा ही सबका साथ सबका विकास के सिद्धांत पर काम करता रहा है। इस बार भी चुनाव विकास के मुद्दे पर ही लड़ा जाएगा। इस समय महागठबंधन में महाफूट पड़ गई है। कांग्रेस अपने हाथ से लालटेन को अलग करने में लगा है। कांग्रेस और राजद खेमे में टिकट बंटवारे को लेकर कोई सहमति नही बनती दिख रही है। कांग्रेस सूबे के सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए ताल ठोक रही है। मगर उनके जिला स्तरीय कार्यालयों में सन्नाटा पसरा है। ऐसे हालात में सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की बात सोचना भी कल्पना मात्र के समान ही होगा। विधानसभा चुनाव में भाजपा अपने गठबंधन पार्टियों के साथ सहयोग की नीति अपनाएगी। जिससे कि अधिक से अधिक से अधिक सीटों पर भाजपा और गठबंधन के प्रतयाशी की जीत सुनिश्चित हो सके। सीमांचल में तीसरे चरण में चुनाव होने हैं। तीसरे चरण के चुनाव में यहां रहकार प्रचार-प्रसार करूंगा। हर सीट पर कमल खिलेगा।
शाहनवाज हुसैन ने कहा कि एनडीए में कोई विवाद नहीं है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में भाजपा, जदयू और लाेजपा चुनाव लड़ेगी।