Move to Jagran APP

भागलपुर और नवगछिया में भाजपा को मिल गया अपना घर Bhagalpur News

अब तक किराये के मकान से अपने कार्य का संचालन करने वाली भारतीय जनता पार्टी को भागलपुर और नवगछिया में अपना घर मिल गया। भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा ने इसका उद्घाटन किया।

By Dilip ShuklaEdited By: Published: Sun, 23 Feb 2020 09:49 AM (IST)Updated: Sun, 23 Feb 2020 09:49 AM (IST)
भागलपुर और नवगछिया में भाजपा को मिल गया अपना घर Bhagalpur News
भागलपुर और नवगछिया में भाजपा को मिल गया अपना घर Bhagalpur News

भागलपुर, जेएनएन। अब तक किराये के मकान से अपने कार्य का संचालन करने वाली भारतीय जनता पार्टी को भागलपुर में शनिवार को अपना घर मिल गया। रोहित पांडेय ऐसे पहले जिलाध्यक्ष होंगे, जिन्हें अपने कार्यालय से पार्टी को जन—जन तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। 

loksabha election banner

इस अवसर पर प्रेस कॉफ्रेंस करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी के लिए बिहार में ऐतिहासिक दिन है। बिहार के 11 जिलों में भाजपा को आज अपना कार्यालय हो गया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा पटना से वीडियो कॉफ्रेंसिंग के जरिए एक साथ सभी कार्यालय का उद्घाटन करना यह गौरव की बात है। भारतीय जनता पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। शाहनवाज ने कहा कि भागलपुर में सांगठनिक कार्यों के लिए अब कहीं और जाने की जरूरत नहीं होगी। यह कार्यालय कार्यकर्ताओं के निर्माण और पार्टी के विचारधारा संप्रेषण में अहम भूमिका निभाएगी।

विपक्षी पार्टियां जनता को दिगभ्रमित कर रही है

सीएए, एनआरसी और एनपीआर के बारे में शाहनवाज ने कहा कि देश की जनता को विपक्षी पार्टियां दिग्रभमित कर रही है। उन्होंने कहा नरेंद्र मोदी को पीएम बनने से रोक नहीं पाने के कारण विपक्षी पार्टियां बौखला गई। सीएए किसी की नागरिकता छीनने की बात नहीं करती। बल्कि वह पाकिस्तान, बंग्लादेश और अफगानिस्तान में धार्मिक आधार पर उत्पीड़ित लोगों को भारत में नागरिकता देने की बात करता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी पार्टियों की इच्छा है कि इन तीन देशों के मुसलमानों को भी भारत में नागरिकता मिले। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने कहा था कि अगर हमारा कोई पड़ोसी देश धार्मिक आधार पर अल्पसंख्यकों को प्रताड़ित करता है तो भारत में उन्हें शरण दी जाएगी।

भारत में गिरिराज भी रहेंगे और शाहनवाज भी

गिरिराज सिंह के उस बयान पर पूछे गये प्रश्न के जवाब में शाहनवाज हुसैन ने कहा भारत गिरिराज का भी है और शाहनवाज का भी। यहां बता दें कि पिछले दिनों गिरिराज सिंह ने एक बयान में कहा था कि हमारे पूर्वजों में गलती हुई है, 1947 में ही यहां के मुसलमानों को पाकिस्तान भेज देना चाहिए था। शाहनवाज हुसैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कई बार सीएए के बारे में कहा है कि यहां के मुसलमानों को इस कानून से डरने की कोई बात नहीं है। जब पार्टी का शीर्ष नेतृत्व सीएए को लेकर मुसलमानों को आश्वश्त कर चुकी है तो अब चिंता की कोई गुंजाइश नहीं बचती। उन्होंने यह भी कहा कि एनआरसी के बारे में अभी तक कोई चर्चा ही नहीं है।

नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ेंगे चुनाव

शाहनवाज ने कहा कि बिहार में भाजपा जदयू और लोजपा साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। बिहार में नीतीश कुमार ही एनडीए के चेहरा होंगे। उन्होंने कहा नीतीश कुमार पर जनता को पूरा भरोसा है। वे एक अच्छे मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने कहा भाजपा और जदयू जुड़वा भाई की तरह है। जबकि रामविलास पासवान मंझला भाई है। उन्होंने बिहार में 200 से ज्यादा विधानसभा सीट एनडीए के जीतने की उम्मीद जताई।

शीघ्र इकाई गठन करें जिलाध्यक्ष

प्रेस कॉफ्रेंस में मौजूद जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय की ओर मुखातिब होकर शाहनवाज हुसैन ने कहा कि वे शीघ्र यहां की जिला इकाई का गठन करें। उन्होंने इच्छा जाहिर की कि उन्हें भी जिला कार्यसमिति में रखा जाए, ताकि वे भागलपुर में पार्टी के हित में कार्य कर सकें। उन्होंने रोहित पांडेय को दुबारा जिलाध्यक्ष बनने पर बधाई दी।

कार्यकर्ताओं की गाढ़ी कमाई से तैयार हुआ कार्यालय

कार्यकर्ताओं की गाढ़ी कमाई से भाजपा जिला कार्यालय का निर्माण संभव हो पाया है। वर्षों का सपना अब साकार हुआ है। ये बातें शनिवार को भाजपा कार्यालय के उद्घाटन के बाद राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री रामनारायण मंडल ने कही। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि हम संगठन आधारित पार्टी के कार्यकर्ता हैं, व्यक्ति आधारित पार्टी के नहीं। भागलपुर भाजपा के प्रथम जिलाध्यक्ष हरवंश मणी सिंह ने कहा कि वर्षों तक कार्यकर्ताओं के परिश्रम का परिणाम आज दिख रहा है। जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय ने कहा कि सात दशक तक हमारे पूर्वजों ने अथक परिश्रम किया, जिसका आज परिणाम दिख रहा है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम सभी कार्यकर्ता लगातार कार्य करते रहेंगे। कार्यालय भी हमें कार्य को मजबूती देने में सहयोग करेगा।

नड्डा के भाषण का लाइव प्रसारण

करीब 12 बजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पटना से प्रदेश के सभी 11 कार्यालयों का विधिवत उद्घाटन किया। कार्यकर्ताओं ने कार्यालय में लगे एलइडी स्क्रीन पर उनके भाषण को सुना। मौके पर प्रदेश महामंत्री राधा मोहन शर्मा, पूर्व सांसद अनिल यादव, जिला परिषद अध्यक्ष टुनटुन साह, मेयर सीमा साहा, पूर्व जिला अध्यक्ष नरेश चंद्र मिश्र, नभय चौधरी, अर्जित शाश्वत चौबे, विजय कुशवाहा, मुरारी पासवान, ललन पासवान, डॉ प्रीति शेखर, पवन मिश्र, राजकुमार सिंह, राजीव मुन्ना, सरस्वती कुमार, मुकेश सिंह, कन्हाय मंडल, प्रो. किरण सिंह, दिलीप निराला, संतोष कुमार, गुड्डू शुक्ला, निरंजन साह, राजकिशेर सिंह, श्वेता सिंह, प्यारे हिंद आदि मौजूद थे।

लोकसभा की तरह विधानसभा भी करेंगे फतह

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को रिमोट से नवगछिया में नवनिमृत पार्टी कार्यालय का उद्घाटन किया। मुख्य अतिथि के रूप में यहां भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन, बिहार सरकार के मंत्री विनोद कुमार सिंह और प्रदेश महामंत्री राधामोहन शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष विनोद कुमार मंडल ने की।

लगभग एक वर्ष बाद नवगछिया आए शाहनवाज हुसैन ने कहा कि नवगछिया-भागलपुर की जनता और कार्यकर्ताओं ने जो प्रेम, आर्शीवाद और स्नेह दिया है, उसका मैं आजीवन ऋणी रहूंगा। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव एनडीए गठबंधन मजबूती से लड़ेगा और कार्यकर्ताओं के सहयोग से लोकसभा की तरह विधानसभा भी फतह करेंगे। मंत्री विनोद कुमार सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुटता का संदेश देते हुए कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की रीढ़ होते हैं। प्रदेश महामंत्री राधामोहन शर्मा ने कहा कि आनेवाली चुनौतियों से हम सब मिलकर निपटेंगे। पूर्व सांसद अनिल यादव ने कहा कि किसी भी पार्टी को चलाने के लिए कार्यकर्ता, कोष और कार्यालय की आवश्यकता होती है। पार्टी कार्यालय खुलने से कार्यकर्ताओं का मनोबल और उत्साह बढ़ेगा। कार्यक्रम में पूर्व विधायक ई. शैलेन्द्र, प्रखंड अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह उर्फ झावो, पूर्व प्रमुख अरविंद चौधरी, महंत नवल किशोर दास, गगन चौधरी, रुपेश रूप, मुकेश राणा, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष अजय कुशवाहा, कुमकुम देवी, शबाना आजमी, नंदनी सरकार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

गृह प्रवेश पूजन किया

अब तक किराये के मकान से अपने कार्य का संचालन करने वाली भारतीय जनता पार्टी को भागलपुर में शनिवार को अपना घर मिल गया। रोहित पांडेय ऐसे पहले जिलाध्यक्ष होंगे, जिन्हें अपने कार्यालय से पार्टी को जन—जन तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। शनिवार को पटना स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय से राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा वीडियो कॉफ्रेंसिंग के जरिए भागलपुर, नवगछिया सहित 11 जिलों के कार्यालय का उद्घाटन किया। भागलपुर में इस दौरान बिहार सरकार के भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री रामनारायण मंडल और पूर्व मंत्री सम्राट चौधरी मौजूद थे। इससे पहले, शुक्रवार को जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय ने गृहप्रवेश पूजा किया। इस दौरान भाजपा के प्रदेश महामंत्री सह विधान पार्षद राधामोहन शर्मा मौजूद थे।

कार्यालय में एक दर्जन से ज्यादा कमरे हैं

भागलपुर के जीरोमाइल—सबौर रोड में मुख्य मार्ग पर भारतीय जनता पार्टी का कार्यालय सजधज कर तैयार है। 11520 वर्ग फीट क्षेत्र में फैले इस कार्यालय में दो फ्लोर हैं। गाउंड में 12 कमरे हैं। जिलाध्यक्ष के लिए दो अटैच कमरा है, जिसमें बाथरूम भी है। इसके अलावा इस फ्लोर में चार अत्याधुनिक बाथरूम बनाए गए हैं। वहीं एक रसोई घर भी है। प्रथम तल में दो कमरा, एक बड़ा हॉल और दो बाथरूम है। हॉल में एक साथ कुर्सी पर एक हजार आदमी बैठ सकते हैं। कार्यालय में भवन के चारों ओर पर्याप्त जगह छोड़े गए हैं। जिसमें फूल-पौधे आदि लगाए जाएंगे। चारों तरफ शेष बचे जगहों पर पक्की मार्ग बनाया जा रहा है। कार्यालय के आगे की जगह में कई चारपहिया वाहन एक साथ लगाए जा सकते हैं। वहीं दूसरी मंजिल पर पहुंचने के लिए दो सीढ़ियां हैं, जिसमें एक का उपयोग आपात स्थिति में किया जा सकेगा। हालांकि अभी लिफ्ट नहीं लगाया है, लेकिन इसके निर्माण के जगह छोड़ दी गई है। कार्यालय में जगह—जगह रोशनी के उत्‍तम प्रबंध हैं। 

प्रदेश नेतृत्व एजेंसी के जरिये करा रहे थे निर्माण

प्रदेश से जिला स्तर पर कार्यालय निर्माण के लिए केंद्रीय कमेटी बनी हुई थी। जिसका संचालन प्रदेश नेतृत्व कर रही थी। एक ही एजेंसी को सभी जगह इसके निर्माण की पूर्ण जिम्मेदारी दी गई थी। बिहार के 11 जिलों में कार्यालय का निर्माण किया गया। भागलपुर में कार्यालय निर्माण का शिलान्यास 25 जनवरी 2019 को तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय और प्रदेश संगठन मंत्री नागेंद्र नाथ ने किया था। इसके निर्माण में इतनी बारिकी रखी गई है कि राज्य में बन रहे सभी कार्यालय एक जैसा दिखे। यहां तक कि कार्यालय के सामने लगने वाले बोर्ड का भी निर्माण एक ही एजेसी को दिया गया है। हालांकि, इसके ​निर्माण में कितने खर्च हुए, इसका उत्तर देने में सभी कतराते रहे।

भारत को विश्वगुरु बनाना उद्देश्य

जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय ने बताया कि यह कार्यालय चार पीढ़ियों के कार्यकर्ताओं के परिश्रम का फल हैं। यह सिर्फ पार्टी कार्यालय ही नहीं बल्कि वैचारिक आंदोलन का एक केंद्र भी हैं। यहां कार्यकर्ताओं के बौद्धिक विकास के लिए डिजीटल पुस्तकालय भी बनेगा। वहीं, डिजीटल तकनीक से हॉल में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यकर्ताओं को संबोधित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यालय बन जाने से कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देने, पार्टी की योजनाओं और उद्देश्यों को जन—जन तक पहुंचाने में काफी मदद मिलेगी।

विधानसभा और लोकसभा में भाजपा का एक भी प्रतिनिधित्व नहीं

भागलपुर और नवगछिया में एक भी विधानसभा सीट पर भाजपा का ​कोई विधायक नहीं है। वहीं, भाजपा की परंपरागत लोकसभा सीट भागलपुर भी जदयू के पास है। भागलपुर जिले में सुल्तानगंज और नाथनगर से जदयू, कहलगांव और भागलपुर में कांग्रेस, पीरपैंती में राजद, ज​बकि नवगछिया क्षेत्र में बिहपुर से राजद, गोपालपुर से जदयू के विधायक हैं। अब देखना यह है कि भागलपुर और नवगछिया में पार्टी कार्यालय बनने के बाद भाजपा का किस प्रकार से विस्तार होता है।

नवगछिया में भी भाजपा कार्यालय हुआ उद्घाटन

नवगछिया में भी भाजपा के जिला कार्यालय का उद्घाटन शनिवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पटना से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के किया। नवगछिया जिलाध्यक्ष विनोद कुमार मंडल ने शुक्रवार को गृहप्रवेश पूजन किया। उद्घाटन के अवसर पर पूर्व सांसद सैयद शाहनवाज हुसैन, बिहार सरकार के मंत्री विनोद कुमार सिंह, प्रदेश भाजपा महामंत्री राधामोहन शर्मा मौजूद थे। जिलाध्यक्ष विनोद कुमार मंडल ने बताया कि 10 हजार वर्ग फीट में कार्यालय का निर्माण किया गया है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.