Bihar Weather Update: बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन, भागलपुर में 24-25 सितंबर को भारी बारिश के आसार; 30 सितंबर तक मानसून की विदाई
Bihar Weather Update: भागलपुर में रविवार को भारी बारिश हुई, जिससे उमस भरी गर्मी से राहत मिली। बंगाल की खाड़ी ...और पढ़ें

Bihar Weather Update: विदाई से पहले फिर भिगोएगा मानसून! बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन, भागलपुर में 24-25 सितंबर को भारी बारिश के आसार
HighLights
भागलपुर में रविवार को 17.4 मिमी बारिश दर्ज, उमस से राहत।
बंगाल की खाड़ी में डिप्रेशन, 24-25 सितंबर को व्यापक वर्षा की संभावना।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 30 सितंबर तक बिहार से मानसून की विदाई।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bihar Weather Update: जिले में तीखी धूप और भारी उमस के बाद रविवार दोपहर बाद अचानक मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। आसमान में काले-घने बादलों के उमड़ने के साथ शहर और ग्रामीण इलाकों में झमाझम बारिश हुई, जिससे वातावरण में ठंडक घुल गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के भागलपुर केंद्र के अनुसार रविवार को कुल 17.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
वर्तमान में दक्षिण-पश्चिम मानसून बिहार से विदाई की दहलीज पर खड़ा है। सामान्य कैलेंडर के अनुसार 30 सितंबर तक बिहार से मानसून की औपचारिक वापसी तय मानी जा रही है। हालांकि, विदाई से ठीक पहले बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हो रहा एक नया और शक्तिशाली मौसमी सिस्टम भागलपुर सहित पूरे बिहार को एक बार फिर झमाझम बारिश से सराबोर करने की तैयारी में है।
21 को डिप्रेशन और 22 सितंबर को डीप डिप्रेशन बनने के आसार
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) सक्रिय है। यह चक्रवाती तंत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए तेजी से ताकतवर हो रहा है।
रविवार दोपहर बाद बदले मौसम के मिजाज से भागलपुर में 17.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज, उमस भरी गर्मी से मिली राहत
पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र; 21 को डिप्रेशन और 22 सितंबर को डीप डिप्रेशन में तब्दील होने के आसार
सिस्टम के प्रभाव से बिहार में बढ़ेगा नमी का प्रवाह; भागलपुर सहित आसपास के जिलों में 24-25 सितंबर को व्यापक बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञानी अनुपम नाहर का अनुमान: बारिश के इस अंतिम दौर के बाद 30 सितंबर से राज्य से शुरू होगी मानसून की वापसी
मौसम विभाग का आकलन है कि 21 सितंबर को यह पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी में डिप्रेशन का रूप लेगा और 22 सितंबर तक पश्चिमी-मध्य बंगाल की खाड़ी में डीप डिप्रेशन में तब्दील हो जाएगा। इसके बाद 23 सितंबर की सुबह तक यह सिस्टम उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा तट के समीप पश्चिमी-मध्य तथा उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक पहुंचेगा, जिससे बड़े पैमाने पर नमी का प्रवाह बिहार और पूर्वी भारत की ओर मुड़ेगा।
24 और 25 सितंबर को व्यापक वर्षा का पूर्वानुमान
मौसम विज्ञानी अनुपम नाहर ने बताया कि इस चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से 23 सितंबर से ही बादलों की आवाजाही बढ़ेगी। 23 से 25 सितंबर के दौरान गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की प्रबल संभावना है। विशेष रूप से 24 और 25 सितंबर को भागलपुर जिले और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक वर्षा की गतिविधि देखने को मिलेगी।
सिस्टम कमजोर होते ही 30 सितंबर से मानसून की विदाई
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह बारिश मानसून सीजन की आखिरी व्यापक वर्षा साबित हो सकती है। 26 सितंबर के बाद जैसे ही इस मानसूनी तंत्र का असर धीमा पड़ेगा, वायुमंडल में नमी का स्तर घटेगा और पछुआ हवाओं का प्रवाह शुरू होगा। इसके साथ ही 30 सितंबर के आसपास बिहार से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई की प्रक्रिया विधिवत रूप से आरंभ हो जाएगी।
