विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ई-शिक्षा कोष पर अधूरा प्रोफाइल रहा तो रुकेगा सितंबर का वेतन; भागलपुर में 3393 शिक्षकों की लापरवाही पर DPO सख्त

Published: Sat, 19 Sep 2026 06:20 PM (IST)

Bihar Teacher Transfer News: शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के सामान्य स्थानांतरण से पहले ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर डेटा फीडिंग को ...और पढ़ें

Bihar Teacher Transfer News: ई-शिक्षा कोष पर प्रोफाइल अधूरा तो रुकेगा सितंबर का वेतन! भागलपुर में 3393 शिक्षकों पर गिरी गाज, ट्रांसफर से पहले सख्ती

Bihar Teacher Transfer News: ई-शिक्षा कोष पर प्रोफाइल अधूरा तो रुकेगा सितंबर का वेतन! भागलपुर में 3393 शिक्षकों पर गिरी गाज, ट्रांसफर से पहले सख्ती

HighLights

  1. ई-शिक्षा कोष पर अधूरा प्रोफाइल होने पर वेतन रोकने का निर्देश।

  2. भागलपुर में 3393 शिक्षकों के प्रोफाइल अब भी अधूरे पाए गए।

  3. लापरवाही पर शिक्षक, प्रधानाध्यापक और बीईओ का वेतन रुकेगा।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bihar Teacher Transfer News: बिहार के सरकारी विद्यालयों में पदस्थापित शिक्षकों के बहुप्रतीक्षित सामान्य स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू होने से ठीक पहले शिक्षा विभाग ने ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर डाटा फीडिंग को लेकर बेहद सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि पोर्टल पर किसी शिक्षक का प्रोफाइल अधूरा या त्रुटिपूर्ण पाया गया, तो उसकी पूरी जवाबदेही सीधे संबंधित शिक्षक की होगी।

इतना ही नहीं, यदि शत-प्रतिशत शिक्षकों का प्रोफाइल पूरी तरह त्रुटिरहित होने का अधिकृत घोषणा पत्र कार्यालय में जमा नहीं किया गया, तो संबंधित शिक्षक, विद्यालय के प्रधानाध्यापक (एचएम), प्रधान शिक्षक और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी का सितंबर माह का वेतन तत्काल प्रभाव से रोक दिया जाएगा।

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ स्थापना) शशि चंदन चौधरी ने इस बाबत जिले के सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों (बीईओ) और प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) के लेखापालों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

जिले के 3393 शिक्षकों ने नहीं किया प्रोफाइल अपडेट

आधिकारिक समीक्षा के दौरान यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि भागलपुर जिले में अब तक 3393 शिक्षकों ने अपना व्यक्तिगत और सेवा संबंधी प्रोफाइल पोर्टल पर अपडेट नहीं कराया है। इसके अतिरिक्त बड़ी संख्या में ऐसे शिक्षक भी हैं जिनके प्रोफाइल में विद्यालय का नाम, पद, विषय अथवा योगदान तिथि से जुड़ी गलत प्रविष्टियां दर्ज हैं।

विसंगतियों की आशंका

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, सामान्य स्थानांतरण की आगामी पूरी प्रक्रिया ई-शिक्षा कोष पर दर्ज आंकड़ों के आधार पर ही स्वचालित रूप से संचालित होगी। यदि प्रोफाइल में दर्ज विद्यालय और पद संबंधी विवरण सटीक नहीं होंगे, तो शिक्षकवार और विद्यालयवार रिक्तियों के मिलान में भारी विसंगतियां पैदा हो जाएंगी। इसी कारण विभाग ने इसे सर्वोच्च प्राथमिकता पर लिया है।

एक अक्टूबर को रिक्तियों का प्रकाशन

शिक्षा विभाग के तय कार्यक्रम के अनुसार, एक अक्टूबर से समायोजन और पारस्परिक (म्युचुअल) स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी होने के उपरांत सामान्य स्थानांतरण के लिए संशोधित विद्यालयवार रिक्तियों का अंतिम प्रकाशन किया जाना है। इसके ठीक बाद चार अक्टूबर से पात्र शिक्षक स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

  • शिक्षकों के सामान्य स्थानांतरण की शुरुआत से पूर्व शिक्षा विभाग ने ई-शिक्षा कोष पोर्टल की डाटा फीडिंग पर अपनाया कड़ा रुख

  • भागलपुर जिले में 3393 शिक्षकों का प्रोफाइल अब तक अधूरा; कई प्रोफाइल में गलत प्रविष्टियां मिलने से विभाग नाराज

  • शत-प्रतिशत त्रुटिरहित प्रोफाइल का घोषणा पत्र जमा नहीं करने पर शिक्षक, एचएम, प्रधान शिक्षक और बीईओ का रुकेगा सितंबर का वेतन

  • एक अक्टूबर को संशोधित रिक्तियों का प्रकाशन और चार अक्टूबर से सामान्य स्थानांतरण के लिए शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन

चार अक्टूबर से होंगे आवेदन

स्थानांतरण पोर्टल पर आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से पूर्व ई-शिक्षा कोष के हर डाटा को शत-प्रतिशत त्रुटिरहित बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। डीपीओ स्थापना ने स्मरण कराया कि इससे पूर्व मई और अगस्त माह में भी शिक्षकों को प्रोफाइल और छात्र डाटा अद्यतन करने का पर्याप्त अवसर दिया गया था। उस दौरान सुधार हेतु आवेदन और डाटा कैप्चर फॉर्मेट (डीसीएफ) की मूल प्रति बीईओ कार्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन सैकड़ों शिक्षकों ने इसमें घोर शिथिलता बरती।

अब घोषणा पत्र से तय होगी जवाबदेही

लापरवाही पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए विभाग ने इस बार सीधे अधिकारियों और विद्यालय प्रधानों की जवाबदेही तय कर दी है। सभी बीईओ को अपने प्रखंड का और विद्यालय प्रधानों को अपने विद्यालय का यह प्रमाण पत्र देना होगा कि उनके अधीन कार्यरत सभी शिक्षकों का प्रोफाइल पूरी तरह सही और सत्यापित है।

लापरवाही पर कार्रवाई

घोषणा पत्र समर्पित किए बिना कोषागार से सितंबर माह के वेतन विपत्र को स्वीकृति नहीं दी जाएगी। तय समय सीमा बीतने के बाद यदि किसी भी शिक्षक के प्रोफाइल में कोई विसंगति पाई जाती है, तो उनके विरुद्ध विभागीय नियमावली के तहत कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।