'कटने नहीं देंगे राघोपुर तटबंध': मंत्रियों के त्राहिमाम संदेश के बाद ग्राउंड जीरो पर उतरे सचिव; जहाजों से गिराए बैग
भागलपुर के राघोपुर तटबंध पर गंगा के भीषण कटाव को देखते हुए मंत्रियों के संदेश के बाद दो सचिव ग्राउंड ...और पढ़ें

Kharik Raghopur Embankment Erosion: राघोपुर तटबंध बचाने को युद्धस्तर पर फ्लड फाइटिंग, ड्रेजर मशीन से हटेगी गाद और होगी बोल्डर पिचिंग
HighLights
मंत्रियों के त्राहिमाम संदेश के बाद दो सचिवों ने संभाला मोर्चा।
भागलपुर के राघोपुर तटबंध पर गंगा का भीषण कटाव जारी।
तटबंध बचाने को युद्धस्तर पर ड्रेजिंग और बोल्डर पिचिंग शुरू।
संवाद सूत्र, खरीक (भागलपुर)। खरीक प्रखंड अंतर्गत राघोपुर जमींदारी तटबंध पर पिछले 10 दिनों से जारी गंगा का कटाव अब काफी विकराल रूप ले चुका है। तटबंध पर मंडराते खतरे को देखते हुए पथ निर्माण मंत्री ई. शैलेंद्र और ऊर्जा मंत्री शैलेष कुमार उर्फ बुलो मंडल द्वारा सरकार को भेजे गए त्राहिमाम संदेश के बाद शासन-प्रशासन पूरी तरह हरकत में आ गया है।
बुधवार को आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव संतोष कुमार मल्ल और जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव चंद्रशेखर प्रसाद सिंह ने भारी प्रशासनिक अमले के साथ ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। तटबंध को किसी भी सूरत में टूटने से बचाने के लिए जल संसाधन विभाग ने युद्धस्तर पर बचाव और फ्लड फाइटिंग कार्य शुरू कर दिया है।
गंगा की तेज धारा का दबाव तटबंध से हटाने के लिए नदी के बीचों-बीच ड्रेजर मशीन लगाकर गाद (सिल्ट) की सफाई कराई जा रही है। वहीं, कटाव की गति पर स्थायी लगाम लगाने के लिए बोल्डर पिचिंग कराने की अंतिम रूपरेखा तैयार कर ली गई है।
-1788355237266.webp)
'संसाधनों की नहीं होगी कमी, रात-दिन चलेगा काम'
कटाव स्थल का सघन निरीक्षण करते हुए जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव चंद्रशेखर प्रसाद सिंह ने अभियंताओं को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तटबंध को हर हाल में सुरक्षित रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए दिन-रात शिफ्टों में फ्लड फाइटिंग का काम कराया जाएगा।
खरीक के राघोपुर जमींदारी तटबंध पर 10 दिनों से जारी भीषण कटाव रोकने के लिए आपदा प्रबंधन व जल संसाधन विभाग के सचिवों ने संभाला मोर्चा
पथ निर्माण मंत्री ई. शैलेंद्र व ऊर्जा मंत्री बुलो मंडल के हस्तक्षेप के बाद प्रशासनिक तंत्र अलर्ट; दिन-रात शुरू हुआ फ्लड फाइटिंग कार्य
गंगा की मुख्य धारा का दबाव मोड़ने के लिए ड्रेजर मशीन से हटाई जा रही गाद; कन्हैया लॉजिस्टिक और रबिया जहाज से डाले जा रहे मेगा बैग
तटबंध के संवेदनशील हिस्से को स्थायी मजबूती देने के लिए बोल्डर पिचिंग की तैयारी; भागलपुर डीएम, नवगछिया एसपी व एसडीएम मौके पर मौजूद
उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा कार्यों में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त जहाज, पोकलेन मशीनें और बचाव सामग्री तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी। निरीक्षण के दौरान प्रधान सचिव ने नदी में तैनात 'कन्हैया लॉजिस्टिक' और 'रबिया' जहाजों से गंगा के मुहाने पर गिराए जा रहे मेगा बैग, जियो बैग और एससी बैग के कार्य की प्रगति पर संतोष जताया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जितने भी जहाजों और तकनीकी संसाधनों की दरकार हो, उन्हें तुरंत लगाया जाए ताकि तटबंध से सटे गांवों को सुरक्षित किया जा सके।
नदी का रुख मोड़ने के लिए ड्रेजिंग, दबाव होगा कम
विभागीय तकनीकी टीम के अनुसार, गंगा की मुख्य धारा सीधे तटबंध की नींव से टकरा रही है, जिससे कटाव की तीव्रता बढ़ी है। धारा को तटबंध से दूर रखने और उसका दबाव कम करने के लिए नदी के मध्य भाग में जमी गाद को ड्रेजर के जरिए काटा जा रहा है। इसके साथ ही, तटबंध के कटाव प्रभावित संवेदनशील हिस्सों को बोल्डर पिचिंग के जरिए पक्का किया जाएगा, जिससे पानी की तेज लहरों का सीधा प्रहार तटबंध की मिट्टी पर न पड़े।
-1788344302770.webp)
आला अधिकारियों का कटाव स्थल पर डेरा
राघोपुर तटबंध पर चलाए जा रहे इस महा-अभियान के दौरान आपदा प्रबंधन सचिव संतोष कुमार मल्ल, भागलपुर के जिलाधिकारी, नवगछिया के पुलिस अधीक्षक (एसपी) वैभव शर्मा, नवगछिया के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) परीक्षित कुमार और एसडीपीओ समेत जल संसाधन विभाग के मुख्य व कार्यपालक अभियंता लगातार कैंप कर रहे हैं। प्रशासन की चौकसी और तेज गति से हो रहे बचाव कार्यों से राघोपुर और आसपास के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को तटबंध टूटने के बड़े खतरे से राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
