विक्रमशिला सेतु और NH-80 का काम अंतिम चरण में, उत्तर और पूर्वी बिहार-सीमांचल की कनेक्टिविटी होगी बेहतर
पथ निर्माण मंत्री शैलेंद्र ने बिहार में राष्ट्रीय उच्च पथ परियोजनाओं और सड़कों के अनुरक्षण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने ...और पढ़ें

उत्तर और पूर्वी बिहार-सीमांचल की कनेक्टिविटी होगी बेहतर
HighLights
विक्रमशिला सेतु समानांतर फोरलेन पुल निर्माण में तेजी लाने का निर्देश।
कहलगांव के जर्जर कुआ पुल की मरम्मत प्राथमिकता पर करने का आदेश।
सड़कों के गड्ढे भरने, रखरखाव व मैनपावर बढ़ाने का निर्देश।
जागरण टीम, बिहपुर/कहलगांव। पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधायक इं. शैलेंद्र की अध्यक्षता में पटना में राष्ट्रीय उच्च पथ परियोजनाओं और सड़कों के अनुरक्षण कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विक्रमशिला सेतु के समानांतर बन रहे 4.455 किमी लंबे फोरलेन महासेतु के निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई।
मंत्री ने बताया कि निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इसके पूरा होने से भागलपुर के साथ पूर्वी बिहार, उत्तर बिहार और सीमांचल की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी। भागलपुर-कहलगांव-मिर्जाचौकी खंड (एनएच-80) के 47.815 किमी हिस्से का सुदृढ़ीकरण व चौड़ीकरण 95.15 प्रतिशत पूरा हो चुका है और कार्य अंतिम चरण में है।
एनएच-319ए के 0 से 45 किमी हिस्से का चौड़ीकरण भी 92 प्रतिशत पूरा हो चुका है। महनार-बछवाड़ा पैकेज-2 (42.618 किमी) का 98 प्रतिशत, छपरा-मांझी फोरलेन बाईपास (7.155 किमी) का 90.70 प्रतिशत और एनएच-327ए के सरायगढ़-लालगंज-गणपतगंज खंड (10.672 किमी) का 99 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है।
एनएच-322 पर जंदाहा बाईपास (4.80 किमी) का कार्य 51 प्रतिशत, एनएच-333ए के कटोरिया, लखपुरा, बांका व पंजवारा बाईपास (14.359 किमी) का 60 प्रतिशत और गया बाईपास (एनएच-120, 6.75 किमी) को टू-लेन से फोरलेन करने का कार्य 59 प्रतिशत पूरा हुआ है। जयनगर बाईपास (एनएच-104) पर आरओबी का निर्माण 83.5 प्रतिशत पूरा हो चुका है।
बैठक में कहलगांव नगर से सटे एनएच-80 पर स्थित जर्जर कुआ पुल के मरम्मत कार्य की भी विशेष रूप से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने पुल की वर्तमान स्थिति और मरम्मत की तैयारियों की जानकारी दी।
मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र शुरू कर पूरा करने और पुल को जल्द से जल्द यातायात के लिए सुरक्षित बनाने का निर्देश दिया। यह जानकारी विधायक शुभानंद मुकेश ने दी।
गड्ढों की स्थिति पर नाराजगी, एक सप्ताह में रिपोर्ट
समीक्षा बैठक में मंत्री ने सड़कों पर बने गड्ढों को लेकर नाराजगी जताई। अधिकारियों को शीघ्र मरम्मत, मेंटेनेंस कार्य में तेजी और मैनपावर बढ़ाने का निर्देश दिया गया। सभी संबंधित अधिकारियों से एक सप्ताह के भीतर प्रगति रिपोर्ट और किए गए कार्यों की फोटोग्राफ मुख्यालय में जमा करने को कहा गया।
मंत्री ने भू-अर्जन, वन विभाग की अनापत्ति और बिजली के पोल-तारों की शिफ्टिंग से जुड़ी बाधाओं को तेजी से दूर करने का निर्देश दिया। साथ ही सड़क सुरक्षा के लिए डिवाइडर सही तरीके से लगाने, सड़कों के सौंदर्यीकरण के लिए पौधरोपण कराने और सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में विभाग की विशेष सचिव, संयुक्त सचिव, एनएचएआई व सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के क्षेत्रीय अधिकारी तथा विभाग के अभियंता उपस्थित थे।
