Move to Jagran APP

Bihar Politics: ये क्या कर रहे हैं चिराग पासवान? BJP नेता को कराया अपनी पार्टी में शामिल, कइयों के नाम लिस्ट में!

Bihar Politics जमुई सांसद सह लोजपा-आर के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र के मजबूत युवा बीजेपी नेता को अपनी पार्टी ज्वाइन करा दी। खबर है कि अभी बीजेपी के कई और कार्यकर्ता लिस्ट में हैं...

By Shivam BajpaiEdited By: Published: Sun, 15 May 2022 08:16 AM (IST)Updated: Sun, 15 May 2022 08:16 AM (IST)
Bihar Politics: ये क्या कर रहे हैं चिराग पासवान? BJP नेता को कराया अपनी पार्टी में शामिल, कइयों के नाम लिस्ट में!
युवा बीजेपी कार्यकर्ता को पार्टी ज्वाइन कराते चिराग पासवान ।

अरविंद कुमार सिंह, जमुई : देश और दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा जमुई में अंतर्कलह का शिकार हो गई है। इसपर खुद को पीएम मोदी का हनुमान बताने वाले चिराग पासवान की की पैनी नजर है। संकेत, शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के फायर ब्रांड कार्यकर्ता कहे जाने वाले युवा राहुल भवेश को अपनी पार्टी में शामिल करा कर चिराग ने दे दिया है। अंदरखाने से छन कर जो खबरें आ रही हैं, उसमें भारतीय जनता पार्टी के जिला नेतृत्व की कार्यशैली से नाराज और भी कई नेता लोजपा रामविलास का दामन थामने की तैयारी में हैं।

loksabha election banner

हालांकि, भाजपा जिलाध्यक्ष पार्टी में किसी भी प्रकार के असंतोष की बात को खारिज करते हैं। साथ ही राहुल भवेश को झाझा से निर्दलीय चुनाव लड़ने के कारण पार्टी से निष्कासित रहने की बात कहते हैं। राहुल भावेश के मामले में तकनीकी दृष्टिकोण से जिलाध्यक्ष का वक्तव्य कुछ हद तक सही भी है। लेकिन, सवाल यह भी है कि पार्टी से निष्कासन के बाद भी राहुल की निष्ठा भारतीय जनता पार्टी के साथ दिखने को किस नजरिए से देखा जाए। बहरहाल पार्टी की अंदरूनी लड़ाई इंटरनेट मीडिया पर खूब ट्रेंड हो रही है।

भाजपा में अंतर कलह पर चिराग की पैनी नजर

  • - राहुल भावेश को पार्टी में शामिल करा कर दिया संकेत
  • - भाजपा के कई और भी नेता हैं कतार में, अंदरखाने से आ रही खबर
  • - गठबंधन से अलग होने के बाद भी राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य नहीं त्याग पा रहे चिराग मोह
  • - जिला अध्यक्ष की कार्यशैली से पार्टी में है भारी नाराजगी
  • - बड़े कार्यक्रमों में भी पुराने कार्यकर्ताओं को नहीं मिल पा रहा सम्मान

ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। इसके पहले भी जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह का एक आडियो क्लिप वायरल हुआ था। उक्त आडियो में वे एक पूर्व जिलाध्यक्ष व भाजपा के वरिष्ठ नेता को अपमानजनक शब्दों से नवाज रहे थे। वैसे जिलाध्यक्ष ने बाद में प्रेस वार्ता कर वायरल आडियो को शरारती तत्वों की करतूत बता बवंडर को शांत करने की कोशिश की थी। लेकिन केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के कार्यक्रम के पश्चात यह आग एक बार फिर भड़क उठी है।

कई पुराने और समर्पित भाजपा कार्यकर्ता इस वजह से भी व्यथित हैं कि नित्यानंद राय जैसे कद्दावर नेता के कार्यक्रम को एक होटल के मामूली सभागार में कैद कर दिया गया। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रहे नीरज साह जिला नेतृत्व की कार्यशैली पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हैं। वह तो यहां तक कहते हैं कि प्रदेश नेतृत्व ने अगर जल्द हस्तक्षेप नहीं किया तो जमुई में भाजपा के कई कद्दावर और पुराने लोग पार्टी से दूर हो जाएंगे। नीरज का इशारा स्पष्ट है। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष तथा सहकारिता मंच के प्रदेश संयोजक भास्कर सिंह कहते हैं कि भाजपा परिवार की पार्टी है। इसमें जीवनपर्यंत कोई अध्यक्ष नहीं रह सकता है। लिहाजा हमें सभी छोटे बड़े कार्यकर्ताओं के प्रति सम्मान का भाव रखना चाहिए। ऐसा नहीं होने पर ही पार्टी के भीतर की नाराजगी को इंटरनेट मीडिया और नुक्कड़ों पर सुर्खियां मिलती है।

चिराग के प्रतिनिधि बने हैं प्रकाश

2019 में दूसरी बार जीत दर्ज करने के पश्चात सांसद चिराग पासवान ने राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य और जमुई जिला भाजपा के पूर्व अध्यक्ष प्रकाश भगत को सांसद प्रतिनिधि मनोनीत किया था। अब जब चिराग पासवान राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का हिस्सा नहीं हैं। ऐसे में प्रतिनिधि पद से प्रकाश भगत द्वारा इस्तीफा दिए जाने की खबर मीडिया में अब तक सामने नहीं आई है। इधर अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त विधायक श्रेयसी सिंह भी भाजपा की अंदरूनी खींचतान को पाटने में अब तक असफल रही हैं। आने वाला वक्त अंतर्कलह का खामियाजा उन्हें ही भुगतना होगा। लिहाजा वक्त रहते सावधान नहीं हुई तो जमुई की राजनीतिक डगर उनके लिए आसान नहीं रह जाएगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.