कांग्रेस ने कहा - भाजपा JDU को तोडऩे का काम कर रही है... तो क्या करते नीतीश कुमार, राहुल गांधी बनेंगे पीएम
Bihar Politics News भागलपुर के कांग्रेस विधायक अजीत शर्मा ने कहा - सोनिया गांधी ने काफी त्याग किया मनमोहन सिंह को बनाया प्रधानमंत्री। नीतीश कुमार बहुत बड़े नेता पूरे देश में मोदी को हराने का करेंगे काम। प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार हैं राहुल गांधी।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bihar Politics News : कांग्रेस विधायक दल के नेता अजीत शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार राहुल गांधी हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बहुत बड़े नेता हैं, वे पूरे देश में मोदी को हराने का काम करेंगे। अजीत शर्मा भागलपुर स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि सोनिया गांधी ने काफी त्याग किया है। वे त्याग की प्रतिमूर्ति हैं। जब उनके प्रधानमंत्री बनने की बारी आई थी तो उन्होंने कहा था कि गांधी परिवार बलिदान पर विश्वास करता है। देश को जोडऩे और लोगों को एकजुट रखने का काम करता है।
अजीत शर्मा ने कहा कि सोनिया जी ने खुद प्रधानमंत्री नहीं बनकर मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाया। गांधी परिवार देश के लिए समर्पित है। इंदिरा गांधी का बलिदान हो या सोनिया गांधी के पति राजीव गांधी के बलिदान की बात हो, गांधी परिवार देश के लिए समर्पित है। गांधी परिवार के लिए प्रधानमंत्री बनना कोई मुद्दा नहीं है। वक्त आने पर सबकुछ पता चल जाएगा।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को जनता 18 वर्ष से मुख्यमंत्री बनाए हुए है। वे पूरे देश में घूम-घूमकर नरेंद्र मोदी को हराने का काम करेंगे। भाजपा जदयू को तोडऩे का काम कर रही है। गठबंधन में रहकर कोई सहयोगी पार्टी को तोडऩे का काम करती है क्या। भाजपा कांग्रेस को भी तोडऩे का काम कर रही थी, लेकिन बिहार में नेता नहीं बिकते हैं। अभी जो गठबंधन बना है, वह पूरी तरह मजबूत है। हमलोग मिलकर पूरी मजबूती के साथ काम करेंगे।
बिहार की नई सरकार में कांग्रेस भी शामिल है। हालांकि अभी मंत्रालय का गठन नहीं हुआ। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के रूप में शपथ ले चुके हैं। अब नीतीश कैबिनेट का गठन किया जाएगा। संभावना है कि इस नई सरकार के कांग्रेस के चार विधायक मंत्री बनेंगे। भागलपुर के कांग्रेस विधायक कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता अजीत शर्मा के भी मंत्री बनने की संभावना है। इसकी लगातार चर्चा हो रही है।