Bihar Politics: जेडीयू MP ने खोली MLA गोपाल मंडल की पोल, बोले- नशे में बहक जाते हैं
जेडीयू सांसद ने अब अपनी ही पार्टी के विधायक की पोल खोल दी है। अजय मंडल ने कहा कि वैसे तो गोपाल मंडल ठीक हैं। लेकिन नशे में कभी कभी बहक जाते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि...!
संवाद सहयोगी, भागलपुर। विधायक गोपाल मंडल (MLA Gopal mandal) के मामले पर सांसद अजय मंडल (MP Ajay Mandal) ने कहा की हमारी पार्टी के विधायक हैं। अच्छे हैं। प्री प्लान के तहत वह कोई गलती नहीं करते। नशे की हालत में थोड़ा बहुत बहक जाते हैं। ऐसा नहीं होना चाहिए। हम जनप्रतिनिधि हैं। हमारे व्यवहार का असर समाज पर पड़ता है। हमारा व्यवहार शालीनतापूर्ण और मर्यादित होना चाहिए।उन्होंने कहा कि ट्रेन में उनके द्वारा किए गए कारनामे की मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली, जो अशोभनीय और घोर निंदनीय है।
कहा- कम से कम लपेट लेनी थी गमछा या तौलिया
हालांकि उनकी भी परिस्थिति पर ध्यान देना चाहिए। उन्हें शौच लगी थी और कपड़ा पहन कर बाथरूम में जाने में दिक्कत होती है। लेकिन बनियान पहनने के बाद उन्हें कम से कम एक गमछा या तौलिया लपेट लेना चाहिए था। यह हमारा संस्कार है। हम भारतीय समाज में रहते हैं और यहां की जो मार्यादा सीमा है उसके अंदर हम जनप्रतिनिधियों को तो रहना ही चाहिए। सांसद ने स्पष्ट कहा कि लोगों से जो सुना उसके अनुसार उनसे जब भी गलती होती है नशे की हालत में ही होती है, जो नहीं होना चाहिए।
क्या है मामला
दरअसल, पिछले दिनोंं विधायक गोपाल मंडल ट्रेन से दिल्ली जा रहे थे। पटना स्टेशन पर वे तेजस में सवार हुए। ट्रेन में सवार होते ही उन्होंने अपने कपड़े उतार दिए। इसके बाद वे केवल अंडरवियर और गंजी पहने शौचालय जाने लगे। इस पर उनके सह यात्रियों ने विरोध शुरू किया। इसी बात को लेकर विधायक उग्र हो गए। उनके सह यात्रियों के अनुसार विधयाक ने उनके साथ धक्कामुक्की की। इस मामले में उनके उपर दिल्ली में एफआइआर दर्ज भी कराई गई है। बाद में विधायक ने इस मामले में सफाई देते हुए कहा कि उनका पेट खराब था। जल्दबाजी में शौचालय जाने के दौरान वे तौलिया नहीं लपेट सके।