बिहार एमएलसी चुनाव 2022 : भागलपुर-बांका सीट से JDU के विजय हुए विजयी, नहीं जीत सकीं जदयू विधायक की पत्नी
बिहार एमएलसी चुनाव 2022 भागलपुर-बांका विधान परिषद चुनाव का परिणाम आ गया है। जदयू प्रत्याशी विजय कुमार सिंह यहां से चुनाव जीत गए हैं। सातवें राउंड में 438 मत मिलने के बाद जीत का फहराया परचम। सीपीआइ के संजय कुमार को मिले 2200 वोट सिंपल को 1261 मत।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। भागलपुर सह बांका स्थानीय प्राधिकार (विधान परिषद) चुनाव में जदयू विजय कुमार सिंह विजयी घोषित हुए हैं। विजय को 3125 मत मिले। जबकि सीपीआइ के संजय कुमार को 22 सौ मत मिले और निर्दलीय सिंपल देवी को 1261 वोट मिले हैं। भागलपुर सह बांका स्थानीय प्राधिकार के चुनाव में 6610 मतदाता में से 6565 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। 6565 वोट में 541 वोट रद होगा। वैध मत 6024 में से जीत के लिए प्रत्याशी को 3013 वोट चाहिए था।
- कुल मतदाता : 6610
- मत पड़े : 6565
- रद मत : 541
- वैध मत : 6024
- जीत के लिए चाहिए : 3013
- जदयू के विजय कुमार सिंह : 3125
- सीपीआइ के संजय कुमार : 2200
- निर्दलीय सिंपल देवी : 1261
- निर्दलीय देवाशीष कुमार : 645
- निर्दलीय गुलशन कुमार : 153
- निर्दलीय विजय कुमार : 13
- निर्दलीय चिरंजीवी राय : 08
पहले राउंड की मतगणना में किसी भी प्रत्याशी को 3013 मत नहीं मिला। जदयू के विजय कुमार सिंह को 2237, सीपीआइ के संजय कुमार को 1824, निर्दलीय सिंपल देवी को 1163, देवाशीष कुमार को 628, गुलशन कुमार को 152, विजय कुमार को 12 और चिरंजीवी राय को आठ मत मिले। दूसरे राउंड में चिरंजीवी राय को पड़े आठ वोटों का वरीयता के हिसाब से बंटवारा किया गया। इसमें गुलशन कुमार को एक मत बढ़कर 153, विजय कुमार को 13 मत हो गया। छह मत रद हुआ। इसके बाद विजय कुमार के मत का वरीयता के हिसाब से बंटवारा किया गया। इसमें जदयू के विजय कुमार सिंह को तीन मत मिले और दस मत रद घोषित किया गया। तीसरे राउंड में विजय कुमार सिंह का वोट बढ़कर 2240 हो गया।
चौथे राउंड में गुलशन कुमार के 153 मत का वरीयता के हिसाब से बंटवारा किया गया। जदयू के विजय को 38, सीपीआइ के संजय को 23, देवाशीष कुमार को 17, सिंपल देवी को आठ मत मिले। 67 मत रद घोषित किया गया। चौथे राउंड में विजय कुमार सिंह के मतों की संख्या बढ़कर 2278 पर पहुंच गई। संजय का 1847, देवाशीष कुमार का 645, सिंपल देवी का वोट बढ़कर 1171 पर पहुंच गया। पांचवें राउंड में देवाशीष कुमार के 645 मतों का बंटवारा वरीयता के हिसाब से किया गया। इस राउंड में विजय को 148, संजय को 108 व सिंपल देवी को 90 मत मिले। 299 मत रद घोषित किया गया। पाचंवें राउंड में विजय का मत बढ़कर 2426, संजय का 1955 व सिंपल देवी का मत बढ़कर 1261 हो गया।
छठे राउंड में सिंपल देवी के 1261 मतों का वरीयता के हिसाब से बंटवारा किया गया। इस राउंड में विजय को 261 व संजय को 245 मत मिले। 755 मत रद घोषित किया गया। इसके बाद विजय का मत बढ़कर 2687 और संजय का 22 सौ तक पहुंच गया, लेकिन 3013 मतों का आंकड़ा पार नहीं करने की स्थिति में सीपीआइ के संजय कुमार के 22 सौ मतों का बंटवारा किया गया। सातवें राउंड में जदयू के विजय कुमार सिंह को 438 मत मिले। 1762 मत को रद घोषित किया गया। सातवें राउंड में जदयू के विजय कुमार सिंह का मत बढ़कर 3125 पहुंच गया। उन्हें विजयी घोषित किया गया।
हंसते हुए मतगणना कक्ष में किया गया प्रवेश, निराश होकर लौटे
भागलपुर सह बांका स्थानीय प्राधिकार (विधान परिषद) चुनाव में हार देखकर सीपीआइ के संजय कुमार मतों की गिनती पूरी होने के पूर्व ही बाहर निकल गए। पहले राउंड की गिनती पूरी होने के पहले वे मुस्कुराते हुए मतगणना कक्ष में प्रवेश किए। जीत होने की बात कही। करीब दो घंटे तक मतगणना कक्ष में रहे। इसके बाद दो सहयोगियों के साथ बाहर निकल गए। उनसे जब पूरा गया कि क्या स्थिति है तो उनका जवाब था, अभी मतगणना हो रही है। उदास चेहरा लिए हुए बाहर निकल गए। उनके निकलने के साथ ही महागठबंधन के कार्यकर्ता एक-एक कर बाहर निकल गए। संजय कुमार के बाहर निकलने के बाद जदयू के विजय कुमार सिंह हंसते हुए मतगणना कक्ष में प्रवेश किया। जीत के प्रति आश्वस्त होने के बाद बाहर निकले और कहा कि भागलपुर व बांका जिले का विकास उनकी प्राथमिकता सूची में है। कृषि के क्षेत्र में काफी कुछ काम किया जाएगा। कृषि के क्षेत्र में काम करने की काफी इच्छा है।
जदयू प्रत्याशी के मतगणना कक्ष से बाहर निकलते ही एनडीए कार्यकर्ताओं के बीच नारेबाजी शुरू हो गई। कार्यकर्ताओं ने उन्हें माला पहनाकर गोद में उठा लिया। कार्यकर्ता उन्हें अपने साथ लेकर बाहर निकल गए। शाम छह बजे के करीब जिला परिषद अध्यक्ष अनंत कुमार, मेयर सीमा साहा सहित अन्य जदयू-भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मतगणना स्थल पर सर्टिफिकेट लेने के लिए प्रवेश किया। एक घंटा इंतजार करने के बाद उन्हें जिलाधिकारी द्वारा प्रमाणपत्र दिया। प्रमाणपत्र मिलने के बाद वे मतगणना कक्ष से बाहर निकले और अबीर उड़ाते हुए जदयू-भाजपा कार्यकर्ता बाहर निकल गए। सभी कार्यकर्ता पूरे जोश में थे और नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ रहे थे।
एनडीए कार्यालय में होती रही नारेबाजी
मतगणना शुरू होने के साथ ही एनडीए कार्यालय में कार्यकर्ता काफी उत्साहित दिखे। समय बीतने के साथ ही कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ता गया। नीतीश कुमार जिंदाबाद, नरेंद्र मोदी जिंदाबाद के नारे लगते रहे। ऐसा लग रहा था कि जदयू-भाजपा कार्यकर्ता अपने प्रत्याशी की जीत के प्रति आश्वस्त थे। पहले राउंड की मतगणना समाप्त होते ही कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ गया। प्रत्याशी के आने के बाद जोश दोगुना हो गया। तेज धूप और गर्मी रहने के बावजूद कार्यकर्ताओं के जोश में कोई कमी नहीं आई। जोश लगातार बढ़ता गया। किसी भी कार्यकर्ताओं के चेहरे पर थकावट महसूस नहीं हो रही थी।
विजय पर एनडीए कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न
संवाद सूत्र, शाहकुंड। भागलपुर सह बांका विधान परिषद सीट से जदयू के प्रत्याशी विजय कुमार ङ्क्षसह की जीत पर शाहकुंड एनडीए के कार्यकर्ताओं ने खुशी मनाते हुए एक-दूसरे को मिठाई खिलाई। रंग-अबीर लगाकर खुशी जाहिर की। बधाई देने वालों में जदयू के प्रखंड अध्यक्ष बिनू बिहारी, जिला उपाध्यक्ष बिपिन बिहारी ङ्क्षसह, विनय कुमार, पुतुल ङ्क्षसह, दिवाकर राय, गुलाब माहतो, कहकंशा खुर्शीद, भुपाल ङ्क्षसह, रोबिन ङ्क्षसह, प्रफुल्ल ङ्क्षसह सहित दर्जनों एनडीए कार्यकर्ताओं ने जीत पर बधाई दी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।