भागलपुर के फतेहपुर में अपराधियों के खौफ से रतजगा कर रहे लोग, चार महीने में हो चुकी तीन हत्याएं
भागलपुर के फतेहपुर गांव में पिछले चार महीने में तीन हत्याएं हो चुकी हैं। लिहाजा लोगों में डर व्याप्त है। वे अपनी छातों पर पहरा देते हुए रतजगा कर रहे हैं। मामला जगदीशपुर प्रखंड का है। यहां फरवरी से मई के बीच तीन हत्या हुई हैं।
संवाद सूत्र, जगदीशपुर : थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में फरवरी 22 से 16 मई के बीच एक के बाद एक कुल तीन हत्याएं होने से गांव के लोग दहशत में हैं। ग्रामीणों को आशंका इस बात की है कि कहीं सोई अवस्था में फिर किसी की हत्या ना हो जाए। इसलिए गांव के लोग रतजगा कर रहे हैैं। यहां तक कि कुछ लोगों के द्वारा घर में लगे खिड़कियों को बंद रखते हैैं। कुछ लोग घर में लगे लकड़ी के दरवाजे को हटा कर लोहे का लगवा रहे हैं। ग्रामीणों ने नाम नहीं छापने के शर्त पर बताया कि जिसके पास पैसा नहीं है वो सूद पर कर्ज लेकर घर को सुरक्षित करने का प्रयास कर रहे हैं।
लोगों को स्थानीय प्रशासन पर भरोसा नहीं रहा। लोगों की मानें तो थाने में बताई गई कुछ सूचनाओं को लीक कर दिया जाता है जिससे और दुश्मनी बढ़ गई है। थाने में भी कुछ ऐसे लोग हैं जिनकी साठगांठ माफियाओं से है तो कुछ जातिवाद भी करने से गुरेज नहीं करते। यहां तक कि एक सफेदपोश माफिया की अक्सर रात्रि में थाने में बैठकी होती है। उस सफेदपोश के द्वारा भी माफियाओं को सारी सूचना दी जाती है।
यह भी पढ़ें: मुंगेर में नक्सलियों के खिलाफ बड़ा सर्च आपरेशन, भारी मात्रा में हथियार, नक्सली साहित्य और आपत्तिजनक सामग्री बरामद
हालांकि, पुलिस के द्वारा गांव में गश्ती मुस्तैदी तेजी से की जा रही है। रात्रि में दो से तीन बार गश्ती वाहन के अलावा सादे लिबास में पुलिस पदाधिकारी गांव में आकर अपराधियों को टोह ले रहे हैं। वहीं थानाध्यक्ष श्रीकांत चौहान ने कहा कि लोगों को डरने की जरूरत नहीं है। पुलिस तन्मयता से गांव पर नजर रख रही है। साथ ही कहा कि अपराधी चाहे कोई हो, वो नहीं बच पाएंगे। लगातार कार्रवाई की जा रही है। अपराध नियंत्रण के लिए हर एक जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।