बिहार में छात्रों की समस्याओं का 30 दिनों में होगा समाधान, सीएम ने लॉन्च किया विद्यार्थी सहयोग पोर्टल
बिहार सरकार ने छात्रों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 'विद्यार्थी सहयोग पोर्टल' लॉन्च किया है।
-1786974009510_m.webp)
सीएम सम्राट चौधरी। (सोशल मीडिया)
HighLights
छात्रों की समस्याओं के समाधान हेतु पोर्टल लॉन्च।
शिकायतों का 30 दिनों में निःशुल्क निपटारा होगा।
अधिकारियों पर कार्रवाई, 25 अगस्त से जागरूकता अभियान।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। बिहार सरकार ने विद्यार्थियों की समस्याओं और शिकायतों के समयबद्ध समाधान के लिए सोमवार को विद्यार्थी सहयोग पोर्टल लॉन्च किया।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के जीडी विमेंस कॉलेज, पटना में आयोजित कार्यक्रम में रिमोट दबाकर पोर्टल की शुरुआत की।
इस पोर्टल के माध्यम से स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और छात्रावास से जुड़ी समस्याओं की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जा सकेगी। शिकायतों का 30 दिनों के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सुविधा पूरी तरह निशुल्क होगी। शिकायतकर्ता और जिसके विरुद्ध शिकायत की गई है, दोनों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। आनलाइन शिकायत दर्ज करने में परेशानी होने पर विद्यार्थी टोल फ्री नंबर 1100 पर संपर्क कर सकते हैं।
11वें दिन पहला, 20वें दिन दूसरा नोटिस
मुख्यमंत्री ने बताया कि शिकायत दर्ज होने के 10वें दिन तक कार्रवाई नहीं होने पर 11वें दिन संबंधित अधिकारी को पोर्टल के माध्यम से स्वतः पहला नोटिस जारी होगा।
20वें दिन मुख्यमंत्री सचिवालय से दूसरा नोटिस भेजा जाएगा। 30वें दिन भी कार्रवाई नहीं होने पर तीसरे नोटिस के बाद संबंधित अधिकारी के निलंबन का आदेश जारी किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित होगी।
पोर्टल पर परीक्षा, नामांकन, प्रमाणपत्र, छात्रवृत्ति, कालेज प्रशासन, छात्रावास, कैरियर गाइडेन्स और अन्य शैक्षणिक समस्याओं से जुड़ी शिकायतें दर्ज की जा सकेंगी। विद्यार्थी अपने सुझाव भी सरकार तक पहुंचा सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे विद्यार्थियों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित होगा तथा शिकायतों के समाधान में पारदर्शिता आएगी।
25 अगस्त से कॉलेजों और हॉस्टलों में चलेगा अभियान
मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 अगस्त से सभी कॉलेजों और छात्रावासों में विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों को पोर्टल की सुविधा से जोड़ना है।
डीएम-एसएसपी समेत प्राचार्यों ने देखा लाइव प्रसारण
भागलपुर समाहरणालय के समीक्षा भवन में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा गया। इस दौरान डीएम अलंकृता पाण्डेय, एसएसपी प्रमोद कुमार, डीईओ चंदन कुमार सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
मारवाड़ी कालेज के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार झा, एसएम कालेज के प्राचार्य प्रतिनिधि डॉ. दीपक कुमार दिनकर, टीएनबी कालेज के प्राचार्य प्रतिनिधि डॉ. केपी सिंह, डॉ. राजेश तिवारी, ला कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजीव सिन्हा, एसएसवी कॉलेज कहलगांव के प्रतिनिधि डॉ. संतोष कुमार समेत टीएमबीयू के सभी अंगीभूत, संबद्ध एवं नवस्थापित डिग्री कालेजों के प्राचार्य व प्रतिनिधि शामिल हुए। बीएयू, आईटीआई और इंजीनियरिंग कालेज के प्राचार्य व प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
