Festive Special Trains : गांधीधाम-भागलपुर और उधना-मालदा स्पेशल ट्रेनें 13-13 ट्रिप चलेंगी, शेड्यूल और डेट जारी
रेलवे ने दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पूजा के लिए दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का परिचालन सितंबर से नवंबर तक ...और पढ़ें
-1787758292449_m.webp)
दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर उमड़ने वाली अतिरिक्त भीड़ को लेकर रेलवे ने दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़ाए
HighLights
त्योहारों के लिए दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनें विस्तारित।
गांधीधाम-भागलपुर, उधना-मालदा ट्रेनें 13 फेरे चलेंगी।
सितंबर से नवंबर तक यात्रियों को मिलेगी राहत।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। आगामी त्योहारों— दुर्गा पूजा, दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दौरान यात्रियों की संभावित भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने दो जोड़ी प्रमुख स्पेशल ट्रेनों के परिचालन को जारी रखने का निर्णय लिया है। रेलवे प्रशासन के इस फैसले से परदेस से घर लौटने वाले बिहार और बंगाल के यात्रियों को बड़ी राहत और कन्फर्म सीट की सुविधा मिलेगी।
मालदा रेल मंडल की पीआरओ (जनसंपर्क अधिकारी) ने इस संबंध में आधिकारिक जानकारी साझा की है। रेलवे द्वारा जारी संशोधित शेड्यूल के अनुसार, गुजरात व पश्चिमी राज्यों को भागलपुर और मालदा टाउन से जोड़ने वाली इन ट्रेनों को सितंबर से नवंबर के बीच कुल 13-13 फेरों (ट्रिप्स) के लिए विस्तारित किया गया है।
उधना–मालदा टाउन स्पेशल का शेड्यूल
ट्रेन संख्या 09033 (उधना–मालदा टाउन स्पेशल): 3 सितंबर से 26 नवंबर के बीच प्रत्येक गुरुवार को कुल 13 ट्रिप चलेगी।
ट्रेन संख्या 09034 (मालदा टाउन–उधना स्पेशल): 6 सितंबर से 29 नवंबर के बीच प्रत्येक रविवार को कुल 13 ट्रिप चलेगी।
गांधीधाम–भागलपुर स्पेशल का शेड्यूल
ट्रेन संख्या 09451 (गांधीधाम–भागलपुर स्पेशल): 4 सितंबर से 27 नवंबर के बीच प्रत्येक शुक्रवार को कुल 13 ट्रिप चलेगी।
ट्रेन संख्या 09452 (भागलपुर–गांधीधाम स्पेशल): 7 सितंबर से 30 नवंबर के बीच प्रत्येक सोमवार को कुल 13 ट्रिप चलेगी।
त्योहारी सीजन में लंबी दूरी की नियमित ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट लंबी होने के कारण इन दोनों स्पेशल ट्रेनों के परिचालन विस्तार से कामगारों, छात्रों और त्योहार पर घर आने वाले परिवारों को सुगम यात्रा का विकल्प मिलेगा।
महिला सुरक्षा को लेकर RPF का सख्त एक्शन प्लान
लोकल ट्रेनों में शराब के नशे में महिला यात्रियों के साथ छेड़खानी और दुर्व्यवहार की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। महिला यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए बरहरवा से भागलपुर रेलखंड के बीच विशेष अभियान चलाया जाएगा।
इसके तहत प्रतिदिन एक इंस्पेक्टर और 10 जवानों की टीम 'एनी रेलवे स्टेशन, एनी ट्रेन' की तर्ज पर औचक जांच करेगी। ट्रेन या स्टेशन पर शराब के नशे में पाए जाने अथवा नशीले पदार्थों के साथ पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरपीएफ के सीनियर डीएससी बरुण कुमार बेहरा ने बताया कि महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्पेशल फोर्स की तैनाती कर दी गई है।
