बिहार चुनाव : खगडिय़ा में नीतीश पर खूब बरसे तेजस्वी, कहा- हम ठेठ बिहारी हैं, सब पर भारी हैं
खगडिय़ा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर राजद नेता तेजस्वी यादव खूब बरसे। उन्होंने कहा कि बिहार के युवा बेरोजगार हैं इसकी उन्हें कोई परवाह नहीं है। उनकी सरकार बनी तो युवाओं को रोजगार मिलेगा। साथ ही सहायिका और सेविका को भी उचित मानदेय मिलेगा।
खगडिय़ा, जेएनएन। विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार अभियान जोरों पर है।सोमवार को राजद नेता और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने खगडिय़ा में ताबड़तोड़ चार चुनावी सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने गोगरी के भगवान उच्च विद्यालय मैदान में परबत्ता विधानसभा से महागठबंधन के राजद प्रत्याशी दिगंबर चौरसिया, बेलदौर विधानसभा के पीरनगरा में कांग्रेस प्रत्याशी चंदन कुमार उर्फ डॉ. चंदन यादव के समर्थन में वोट मांगे। जबकि अलौली हाईस्कूल मैदान में राजद प्रत्याशी रामवृक्ष सदा और माडऱ रणखेत मैदान में खगडिय़ा सदर से कांग्रेस प्रत्याशी छत्रपति यादव के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया और उनके लिए वोट मांगे।
तेजस्वी ने सभाओं को संबोधित करते हुए नीतीश सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो सरकार 15 साल में कुछ नहीं कर सकी, वह फिर पांच साल में क्या करेगी। इसलिए इस बार महागठबंधन की सरकार बनेगी। लोगों से नई सरकार बनाने की अपील की। उन्होंने जात-धर्म के नाम पर वोट मांगने वालों के प्रति आगाह किया। बोले, विकास की बात होनी चाहिए। रोजगार, उद्योग धंधे की बातें होनी चाहिए। नफरत की राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आर्थिक न्याय की बात कही। उन्होंने शिक्षा को लेकर भी नीतीश सरकार को घेरा। सुशासन की सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि बिना चढ़ावा का यहां कोई काम नहीं होता है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सरकार बनते ही वृद्धा पेंशन की राशि चार सौ बढ़ाकर एक हजार की जाएगी। नियोजित शिक्षकों को समान काम समान वेतन दिया जाएगा। शिक्षा पर पूरे बजट का 22 प्रतिशत खर्च किया जाएगा। इससे अच्छी तालिम मिलेगी। जीविका कर्मियों का मानदेय दोगुना किया जाएगा। बोले, 10 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी मिलेगी। फार्म भरने तक की फीस नहीं ली जाएगी।
तेजस्वी ने कहा कि हम ठेठ बिहारी हैं सब पर भारी हैं। उन्होंने कहा कि मेरे एक हेलीकॉप्टर के पीछे नीतीश कुमार 30 हेलीकॉप्टर लगा दिए हैं।