साइड देने में देरी होने पर अपराधियों ने ठेला चालक के पैर में मारी गोली, बिहार के जमुई की घटना
बिहार में रोडरेज का नया मामला सामने आया है। जमुई में साइड देने में देरी होने पर अपराधियों ने मजदूर के पैर में गोली मार दी। गंभीर हालत में स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है।
संवाद सूत्र, सोनो (जमुई)। Bihar Crime: जमुई जिले के सोनो थाना क्षेत्र के बलथर गांव के समीप डेहरीडीह मार्ग पर शनिवार को अपराधी ने ठेला चालक को गोली मार दी। गोली जांघ में लगी है। गंभीर स्थिति में जख्मी ठेला चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनो से जमुई रेफर कर दिया गया है।
घायल ठेला चालक की पहचान थाना क्षेत्र के मंजरौ के लखन यादव के पुत्र मौजी यादव के रूप में हुई है। पुलिस घटना के पीछे के कारणों की पड़ताल कर रही है। घायल ठेला चालक मौजी ने बताया कि वह बलथर से सीमेंट की बोरी उतार कर सोनो की ओर लौट रहा था। इस दौरान मोहन यादव के घर के समीप एक बाइक सवार ने उसके वहां पहुंचते ही उस पर गोली चला दी। गोली उसके पैर में लगी जिससे वह गिर गया।
स्थानीय लोगों ने बाइक सवार युवक का पीछा करने का प्रयास किया लेकिन वह बाइक से भाग गया। मौजी ने बताया कि वह गोली चलाने वाले अपराधी को चेहरे से पहचानता है। घटना के बाद इलाके में भय का माहौल बना है। रोज कमाने-खाने वाले ठेला चालक को गोली मारने की घटना से लोग अचंभित हैं। संभावना जताया जा रहा है, बाइक को साइड देने में देरी करने पर ठेला चालक को अपराधी ने गोली मारी है।
इस संबंध में सोनो थानाध्यक्ष अब्दुल हलीम ने बताया कि जख्मी युवक को इलाज के लिए सदर भेजा गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। जल्द ही अपराधी की पहचान हो जाएगी। वहीं, इस घटना के बाद लोगों में दहशत का महौल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि गोलीबारी के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए वहां से फरार हो गए। जबकि ठेला चालक गोली लगने के बाद वहीं पर सड़क पर गिर गया। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।